बिहार की सियासत एक बार फिर सुर्खियों में है। बक्सर से भाजपा के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के एक बयान ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने कहा है कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का उपप्रधानमंत्री बनाया जाता है तो यह बिहार के लिए गर्व की बात होगी। इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या नीतीश कुमार उपप्रधानमंत्री बनेंगे? राजनीतिक पंडितों का कहना है कि चैबे का यह वक्तव्य न केवल नीतीश कुमार के बढ़ते कद की ओर इशारा करता है, बल्कि भाजपा की रणनीतिक दिशा का भी संकेत दे रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से कोई औपचारिक प्रस्ताव है या नहीं, लेकिन चुनावी माहौल में इस तरह की टिप्पणी को हवा हवाई नहीं मान सकते। क्योंकि इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हाल ही में एनडीए के सहयोगियों के साथ बैठक की तो वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी बिहार दौरे में नीतीश कुमार सहित सभी प्रमुख नेताओं से मुलाकात की। ऐसे में नीतीश कुमार को उपप्रधानमंत्री बनाए जाने की सम्भावना को लेकर चर्चाएं स्वाभाविक हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस प्रस्ताव पर आगे क्या रुख अपनाती है और यह मुद्दा चुनावी रणनीति का हिस्सा बनता है या नहीं।

