नब्बे के दशक की फैशन आइकाॅन कैरोलिन बेसेट कैनेडी आज भी डिजाइनरों की प्रेरणा बनी हुई हैं। अमेरिकी अभिजात वर्ग की सादगी, परिष्कार और आत्मविश्वास की प्रतीक, उनका स्टाइल मिनिमलिज्म का पर्याय बन गया, एक ऐसा फैशन दृष्टिकोण जो आज भी ग्लोबल रनवे और स्ट्रीट स्टाइल को प्रभावित करता है
गीतिका क्वीरा
फैशन डिजाइनर और वस्त्र निर्यातक
कैरोलिन बेसेट का जन्म 7 जनवरी 1966 को अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य के व्हाइट प्लेन्स में हुआ था। उनके पिता एक इंजीनियर और मां एक प्रशासकीय पदाधिकारी थीं। उनके बचपन का अधिकांश हिस्सा कनेक्टिकट में बीता। वे सामान्य अमेरिकी मध्यमवर्गीय जीवन का हिस्सा थीं, लेकिन भविष्य में वे जिस जीवन में प्रवेश करने वाली थीं, वह पूरी तरह भिन्न था, सार्वजनिक निगाहों का केंद्र, हाई-सोसायटी का आकर्षण, और फैशन का चहेता चेहरा।
काॅलेज शिक्षा के बाद उन्होंने केलविन क्लेन (Calvin Klein) में काम करना शुरू किया। वहीं से उनके फैशन सफर की असली उड़ान शुरू हुई। केलविन क्लेन जैसे ब्रांड ने उस समय अमेरिकी फैशन में ‘मिनिमलिज्म’ (वह फैशन जो कभी पुराना नहीं होता) को लोकप्रिय बनाया और कैरोलिन उसकी जीवंत प्रतिमूर्ति बन गईं।
जब कैनेडी नाम जुड़ा और फैशन इतिहास बन गया
वर्ष 1994 में जब कैरोलिन की मुलाकात जाॅन एफ. कैनेडी जूनियर से हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी के पुत्र संग उनका प्रेम सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं थी, यह दो प्रतीकों की भेंट थीः अमेरिकी राजनीति की शाही विरासत और न्यूयॉर्क की फैशन आइकन। 1996 में दोनों की शादी जाॅर्जिया के एक दूरदराज द्वीप पर बेहद निजी समारोह में हुई। कैरोलिन ने उस दिन अमेरिका के प्रतिष्ठित फैशन डिजाइनर नार्सिसो रोड्रिगेज (Narciso Rodriguez) द्वारा डिजाइन की गई सादा सिल्क गाउन और ख्याति प्राप्त स्पेनिश फैशन डिजाइनर (Manolo Blahnik) की बीडेड सैंडल्स पहनी थी जो उस समय के फैशन परिदृश्य में क्रांति ले आई। अखबारों में उनकी तस्वीरें छपीं और एक नई किस्म की दुल्हन की छवि उभरी, कम मेकअप, बिना तामझाम के, परंतु बेजोड़ गरिमा के साथ।
स्ट्रीट स्टाइल से ग्लोबल स्टाइल तक
शादी के बाद जो चीज सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वह थी कैरोलिन की रोजमर्रा की पोशाकें। वह स्टाइल जो दिखने में साधारण था पर हर स्टिच में बारीकी और सोच झलकती थी। काले टर्टलनेक, सफेद शर्ट, स्लिक स्कर्ट, बड़े सनग्लासेस, और साधारण हेयरस्टाइल। कैरोलिन के इन लुक्स ने आज जो हम ‘सहज ठाठ’ (Effortless Chic) कहते हैं, उसकी नींव रखी। उनका यह स्टाइल सीधे-सीधे 1990 के दशक के फैशन की आत्मा को समेटे हुए था, गैर-आडम्बरपूर्ण, परिष्कृत और शक्तिशाली।
‘थोड़ा ही काफी है’ की जीवित मिसाल
उनकी स्टाइल में ‘थोड़ा ही काफी है’ (Less is more) का सिद्धांत झलकता था। उन्होंने कभी अपने पहनावे को बयानबाजी का माध्यम नहीं बनाया, फिर भी वे हर बार फैशन के केंद्र में रहीं। उनके फैशन की यह विशेषता आज भी उन लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी हुई है, जो कामकाजी जीवन में सहजता और शैली का संतुलन चाहती हैं। वह एक फैशन संपादक के ‘‘ड्रीम म्यूज’’ बनीं। (Vogue) से लेकर ‘हार्पर्स बाजार’ (Harper’s Bazaar) तक, हर पत्रिका में कैरोलिन की तस्वीरें शामिल की गईं।
त्रासदी और अमरता
1999 में हुई विमान दुर्घटना में जाॅन एफ. कैनेडी जूनियर और कैरोलिन की मृत्यु हो गई। वह क्षण सिर्फ एक राजनीतिक परिवार की त्रासदी नहीं थी, बल्कि फैशन की दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी क्षति थी। एक जीवंत, प्रेरक चेहरा अचानक कालजयी स्मृति में बदल गया। पर कैरोलिन की उपस्थिति खत्म नहीं हुई है उन्होंने एक विरासत छोड़ी जो समय के साथ और प्रासंगिक होती जा रही है।
आज के फैशन ट्रेंड में कैरोलिन की वापसी
वर्ष 2020 के दशक में जब फैशन की दुनिया ने 90 के दशक की ओर मुड़कर देखा, तो कैरोलिन बेसेट का नाम पहले नम्बर पर रहा। न्यूयाॅर्क से लेकर पेरिस तक, स्टाइल गाइड्स में कैरोलिन का जिक्र फिर से होने लगा। दुनिया के सबसे बड़े नीलामी घर ‘सोथबीज’ ( Sotheby’s) ने 27 नवम्बर को अपने फैशन आइकन (Fashion Icons) ऑक्शन में कैरोलिन के तीन विंटेज कोट शामिल किए जिनमें से एक प्रसिद्ध लैपर्ड कोट भी था। यह उनकी विरासत के सम्मान की एक गवाही है। इंस्टाग्राम पर #CBK या #CarolynBessette के हैशटैग के तहत लाखों पोस्ट हैं जहां फैशन प्रेमी उनके पुराने आउटफिट्स को रीक्रिएट करते हैं। कई नामी स्टाइलिस्ट उन्हें आज की? “Modern Muse” कहकर सम्बोधित करते हैं।
डिजाइनरों के मूड बोर्ड पर सीबीके
परादा (Prada) द राॅ (The Row) फोबे फिलो (Phoebe Philo) और यहां तक कि भारतीय डिजाइनर सब्यसाची भी कैरोलिन बेसेट की शैली से प्रेरणा लेने की बात कह चुके हैं। उनकी साफ-सुथरी लाइनें, न्यूट्रल कलर पैलेट, और सहज लेकिन प्रभावशाली सादगी, यह सब डिजाइन की दुनिया में आज भी प्रासंगिक है।
क्यों कैरोलिन आज भी जिंदा हैं फैशन में
यह आश्चर्य की बात नहीं है कि कैरोलिन बेसेट कैनेडी को आज भी फैशन क्रांति का चेहरा माना जाता है। उन्होंने यह सिखाया कि किसी को फैशन आइकाॅन बनने के लिए जरूरत से ज्यादा सजावट या हेडलाइन की जरूरत नहीं होती, बल्कि आत्मविश्वास, सूझबूझ और स्टाइल की समझ सबसे बड़ा जेवर है।
भारत में भी दिखता है प्रभाव
भारत में भी उच्च-मध्यमवर्गीय महिलाओं के बीच कैरोलिन का असर देखा जा सकता है- जारा (Zara), मैंगो (Mango), यूनिक्लो (Uniqlo) जैसे ब्रांड्स की जो सादा, माॅडर्न, न्यूट्रल पैलेट आधारित रेंज है, वह कैरोलिन की शैली की छाया में ही तैयार होती हैं। खासकर वर्किंग वुमन के लिए उनकी स्टाइल आज एक आदर्श बन चुकी है, कम शब्दों में ज्यादा कहने वाली।
कैरोलिन एक ‘समकालीन मिथक’
आज कैरोलिन न तो जीवित हैं, न ही वे मीडिया में कोई बयान देती हैं, लेकिन उनकी चुप्पी एक प्रकार की शक्ति बन गई है। वह एक समकालीन मिथक हैं, एक ऐसी महिला जिन्होंने बिना कुछ कहे, पूरी दुनिया को बता दिया कि फैशन क्या हो सकता है।
वे फैशन की देवी नहीं थीं, लेकिन उन्होंने यह जरूर दिखाया कि देवियों जैसी गरिमा कैसे हो सकती है, बिना मुकुट, बिना सिंहासन, सिर्फ स्टाइल से।
(लेखिका एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित वस्त्र निर्यातक हैं। उन्होंने यूरोप, अमेरिका और मध्य एशिया के प्रमुख फैशन ब्रांड्स के साथ काम किया है। भारतीय पारम्परिक बुनाई और आधुनिक वैश्विक डिजाइन के समन्वय में उनकी विशेष पहचान है।)


कैरोलिन बेसेट का जन्म 7 जनवरी 1966 को अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य के व्हाइट प्लेन्स में हुआ था। उनके पिता एक इंजीनियर और मां एक प्रशासकीय पदाधिकारी थीं। उनके बचपन का अधिकांश हिस्सा कनेक्टिकट में बीता। वे सामान्य अमेरिकी मध्यमवर्गीय जीवन का हिस्सा थीं, लेकिन भविष्य में वे जिस जीवन में प्रवेश करने वाली थीं, वह पूरी तरह भिन्न था, सार्वजनिक निगाहों का केंद्र, हाई-सोसायटी का आकर्षण, और फैशन का चहेता चेहरा।