झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत में भूचाल लाने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन ने ऐलान कर दिया है कि वे नई पार्टी बनाने जा रहे हैं। बीते कुछ दिनों से ऐसी चर्चा थी कि वो जेएमएम छोड़ भाजपा का दामन थाम सकते हैं। चंपई सोरेन ने कहा कि वो अपने सोशल मीडिया पर किए गए भावुक पोस्ट पर अब भी कायम हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहने के दौरान अपमान सहने की बात कह चुके चंपई सोरेन जेएमएम में बने रहेंगे या बीजेपी में शामिल होंगे इस पर सस्पेंस बना हुआ था। कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि चंपई कुछ बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। कयास ये भी थे कि वो अपना संगठन खड़ा कर सकते हैं, जो कोल्हान क्षेत्र में मुख्य रूप से सक्रिय होगा। अब उन्होंने इसकी पुष्टि कर दी है और नए साथियों के साथ जाने का भी इशारा कर डाला है। चर्चा है कि चंपई नई राजनीतिक पार्टी बना एनडीए गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं। इट्टार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोल्हान क्षेत्र के विधायकों को एकजुट करने की कवायद शुरू कर दी है। माना जाता है कि कोल्हान क्षेत्र की कई सीटों पर चंपई सोरेन का बड़ा असर है। ऐसे में चंपई अब क्या करेंगे या किधर जाएंगे इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
एनडीए के हिस्सा बनेंगे चम्पई

