बिहार विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसएआर) का कार्यक्रम के विरोध में विपक्षी पार्टियों ने बीते हफ्ते बिहार बंद का आह्वान किया था। यह मामला जब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो कोर्ट ने चुनाव आयोग को मतदाता सूची में सुधार के लिए वोटर कार्ड, आधार और राशन कार्ड को शामिल करने का सुझाव दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट का सुझाव मानेगा? क्या चुनाव आयोग एसएआर के लिए तय 11 दस्तावेज में कोर्ट की तरफ से सुझाव गए तीन दस्तावेज को तुरंत जोड़ेगा या प्रक्रिया की प्रगति रिपोर्ट के बाद तय करेगा? विश्लेषकों की मानें तो एसएआर के तहत अब तक 66.6 फीसदी मतदाताओं के एन्यूमरेशन फाॅर्म एकत्रित किए जा चुके हैं। बाकी मतदाताओं का फाॅर्म जमा करने के लिए 25 जुलाई तक समय है।

ऐसे में चुनाव आयोग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों और 25 जुलाई तक ज्यादातर मतदाताओं के एन्यूमरेशन फाॅर्म आ जाएंगे और प्रतिशत के अनुसार ही सुप्रीम कोर्ट के सुझाव पर आयोग विचार कर सकता है। अगर आने वाले दिनों में एन्यूमरेशन फाॅर्म के जमा होने की संख्या कम रहती है और चुनाव आयोग को लगता है कि अगर सुप्रीम कोर्ट के सुझाए तीनों दस्तावेज या तीनों में से कोई भी दस्तावेज को शामिल करने से एन्यूमरेशन फाॅर्म की संख्या में इजाफा होगा तो चुनाव आयोग कोर्ट के सुझाव पर आने वाले कुछ दिनों में ही जल्द फैसला ले सकता है। चुनाव आयोग के पास एन्यूमरेशन फाॅर्म के एकत्रित होने के बाद मतदाताओं के दस्तावेज लेने का समय एक अगस्त से एक सितंबर तक है। ऐसे में बावजूद इसके कि चुनाव आयोग कोर्ट के सुझाव पर विचार करेगा लेकिन सुझाव पर फैसला लेने की कोई जल्दबाजी नहीं है। अगर कुछ मतदाताओं के पास सूची के 11 दस्तावेज में से कोई नहीं है तो ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग 25 जुलाई के बाद भी 11 दस्तावेज की सूची में आधार कार्ड, वोटर कार्ड और राशन कार्ड को जोड़ने पर फैसला कर सकता है ताकि ऐसे वोटर मतदाता सूची से बाहर न हों। लेकिन चुनाव आयोग को एसएआर पर अपना रोडमैप कोर्ट को हलफनामे के जरिए 21 जुलाई तक बताना होगा। चुनाव आयोग के सूत्रों की मानें तो एन्यूमरेशन में पहले से ही वोटर कार्ड का विवरण है और आधार कार्ड को विकल्प के तौर पर रखा गया है। फिलहाल आयोग कुछ महत्वपूर्ण विकल्पों पर विचार कर रहा है। अभी सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर पर रोक नहीं लगाई है इसलिए प्रक्रिया जारी रहेगी और आयोग कोर्ट के सुझाव पर विचार करेगा।

