world

ट्रम्प का जलवा : एल्बनीज ने हासिल की दोबारा सत्ता

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज ने लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। यह जीत न केवल उनकी लेबर पार्टी के लिए, बल्कि देश की स्थिरता की चाहत को भी दर्शाती है, खासकर उस समय जब अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की वापसी से वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता देखी जा रही है। एल्बनीज की यह सफलता कनाडा में मार्क कार्नी के उदारवादी दल की जीत की याद दिलाती है, जहां ट्रम्प की नीतियों ने राजनीतिक हवा बदली। ऑस्ट्रेलिया में विपक्षी लिबरल पार्टी के प्रमुख पीटर डटन अपनी पारंपरिक सीट तक हार गए, जो लगभग दो दशकों से उनके पास थी। यह पराजय ऑस्ट्रेलिया में रूढ़िवादी राजनीति के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।

गौरतलब है कि ट्रम्प द्वारा लगाए गए वैश्विक टैरिफ और उनकी नीतिगत अनिश्चितता ने ऑस्ट्रेलियाई जनमानस में अमेरिका के प्रति विश्वास को कमजोर किया है। ऐसे में एल्बनीज की जीत को न केवल घरेलू स्थिरता के रूप में, बल्कि वैश्विक संतुलन के पक्ष में एक जनादेश के रूप में भी देखा जा रहा है। एल्बनीज ने सिडनी में पार्टी कार्यालय से सम्बोधित करते हुए कहा, ‘इस वैश्विक अनिश्चितता के दौर में, ऑस्ट्रेलियाइयों ने उम्मीद और संकल्प को चुना है।’ उन्होंने 150 सदस्यीय निचले सदन में 87 सीटें हासिल कर ली हैं।

एल्बनीज ने जीत के बाद एक समावेशी संदेश दिया

आज जब देश ने एक स्पष्ट जनादेश दिया है, आइए हम अपने साझा मूल्यों को याद करें, चाहे आप किसी भी संस्कृति से हों, चाहे आपने इस देश को अभी अपनाया हो या सदियों से इसके संरक्षक रहे हों, हम सब एक साथ ऑस्ट्रेलियाई हैं। वहीं दूसरी ओर पीटर डटन ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी की हार की पूरी जिम्मेदारी वे खुद लेते हैं। उन्होंने माना कि उनके विरोधियों ने जिस तरह लिबरल पार्टी की छवि पेश की, वह सच्चाई नहीं थी, लेकिन वे फिर से शुरुआत करेंगे।

अमेरिका को लेकर दोनों नेताओं के रुख में अंतर

चुनाव अभियान के दौरान यह भी बहस का विषय रहा कि अमेरिका के साथ कौन बेहतर सम्बंध बना सकता है। जहां एल्बनीज ने ट्रम्प से पूर्व में ‘सौहार्दपूर्ण’ वार्ताओं की बात कही, वहीं डटन ट्रम्प के नक्शे-कदम पर चलने के आरोपों से बच नहीं पाए। डटन द्वारा नामित एक प्रमुख सांसद जैसिंटा प्राइस ने चुनाव प्रचार में ‘मेक ऑस्ट्रेलिया ग्रेट अगेन’ जैसे नारे का इस्तेमाल किया, जो सीधे ट्रम्प की रणनीति से जुड़ा दिखा। आलोचकों का मानना है कि इससे डटन की छवि को नुकसान हुआ। रक्षा, आव्रजन और आंतरिक मामलों के मंत्री रहे डटन का राजनीतिक सफर, अब खत्म होता दिख रहा है। 2022 में स्काॅट माॅरिसन की हार के बाद उन्होंने लिबरल पार्टी की कमान सम्भाली थी। उन्होंने ट्रम्प की तरह कई मुद्दों को उछालने की कोशिश की, जैसे ‘वाॅयस’ जनमत संग्रह का विरोध, जिससे ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासियों को संवैधानिक मान्यता दी जानी थी।

मजबूत जनादेश, लेकिन चुनौतियां शेष

एल्बनीज सरकार ने चीन और प्रशांत द्वीप राष्ट्रों के साथ सम्बंध सुधारने में सफलता पाई है। लेकिन घरेलू मोर्चे पर उन पर महंगाई और आवास संकट से लड़ने में सुस्ती का आरोप लगा है। उन्होंने भविष्य में टैक्स कटौती, सस्ती दवाइयां और 1.2 मिलियन नए घरों का वादा किया है। हालांकि पर्यावरण नीति पर उनका रुख दोधारी रहाकृएक ओर उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया, वहीं नई कोयला और गैस परियोजनाओं को भी मंजूरी दी, जिसके लिए आलोचना भी झेलनी पड़ी।

You may also like

MERA DDDD DDD DD