क्रिकेट के इतिहास में कुछ सीरीज ऐसी होती हैं जो केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रहतीं बल्कि वे किसी भी टीम की असली परीक्षा बन जाती हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली तीन वनडे और पांच मैचों की टी-20 सीरीज सचमुच अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। यह सीरीज तय करेगी कि टीम इंडिया तकनीकी, मानसिक और रणनीतिक रूप से कितनी परिपक्व है। जीत मिले या हार अगर टीम संघर्ष करती है, सीखती है और खुद को बेहतर बनाती है तो यह सीरीज सफल मानी जाएगी। क्रिकेट सिर्फ रन और विकेट का खेल नहीं बल्कि धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतरता की परीक्षा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह परीक्षा कठिन जरूर है लेकिन यही कठिनाइयां महान टीमों को जन्म देती हैं
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम नए साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगी जिसके तहत तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी, दूसरा 14 जनवरी और आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड टीम इंडिया का ऐलान भी कर दिया है। इस बार टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है जो चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। चयनकर्ताओं ने टीम चयन में अनुभव और नई प्रतिभाओं के बीच बेहतर संतुलन बनाने की कोशिश की है तो वहीं टी सीरीज 21 से 31 जनवरी के बीच खेली जाएगी लेकिन क्रिकेट के इतिहास में कुछ सीरीज ऐसी होती हैं जो केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रहतीं बल्कि वे किसी भी टीम की असली परीक्षा बन जाती हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली यह सीरीज भी कुछ ऐसी ही है जिसे ‘अग्निपरीक्षा’ कहना उचित होगा। यह सीरीज न सिर्फ खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता को परखेगी बल्कि उनके मानसिक संतुलन, टीम संयोजन, रणनीतिक सोच और दबाव में प्रदर्शन करने की कला को भी सामने लाएगी।
यही नहीं न्यूजीलैंड की पिचें भारतीय परिस्थितियों से बिल्कुल अलग होती हैं। वहां की पिचों पर गेंद अधिक स्विंग और सीम करती है। मौसम अक्सर बादलों से ढका रहता है जिससे तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिलती है। लेकिन यह सीरीज भारतीय सरजमीं पर जरूर खेली जाएगी मगर आईपीएल का अनुभव न्यूजीलैंड को फायदा पहुंचा सकता है और भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आ सकते हैं। ऐसे में वनडे में रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल जैसे बल्लेबाजों से न सिर्फ रन बनाने की उम्मीद होगी बल्कि टीम को स्थिरता भी देनी होगी। वहीं टी-20 में संजू सैमसंग, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और कप्तान सूर्या कुमार की असली परीक्षा होगी। मध्यक्रम में युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर भी है। दबाव में रन बनाना ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में महान और अच्छे खिलाड़ी के बीच फर्क तय करता है।
भारतीय टीम पिछले कुछ वर्षों में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया से गुजरी है। ऐसे में न्यूजीलैंड जैसी संतुलित टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना किसी भी नए कप्तान के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। इसलिए यह सीरीज टीम इंडिया के नए नेतृत्व की स्थिरता को परखने वाली है क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं कि वे खासकर 2027 एकदिवसीय विश्वकप में खेलेंगे या नहीं। कप्तान सिर्फ मैदान पर फैसले नहीं लेता बल्कि टीम की मानसिकता, आक्रामकता और आत्मविश्वास को भी दिशा देता है।
गौरतलब है कि चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर होने के बाद शुभमन गिल एक बार फिर कप्तान के रूप में वापसी करने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार वनडे कप्तानी सम्भाली थी, लेकिन उस सीरीज में भारत को 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी। उनकी कप्तानी पर सवाल भी उठे थे ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज उनके लिए खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर होगी।
भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्याकुमार यादव लगातार दोहराते रहे हैं कि वह फार्म से बाहर नहीं हैं, बस रन नहीं बन रहे। लेकिन टी-20 के आंकड़े अब इस दावे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कप्तान के रूप में भारत जीत रहा है जिससे उन्हें समय जरूर मिला है मगर शब्दों और प्रदर्शन के बीच बढ़ती दूरी दबाव पैदा कर रही है। विश्वकप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी-20 सीरीज उनके लिए निर्णायक साबित हो सकती है।
गौरतलब है कि टी-20 में साल 2025 सूर्याकुमार के लिए बेहद कठिन रहा है। 19 पारियां, 218 रन, औसत 13.62 और एक भी अर्धशतक नहीं। सर्वोच्च स्कोर 47 जो एशिया कप के दौरान आया था। हालिया दक्षिण अफ्रीका सीरीज में उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 34 रन बनाए जबकि भारत ने सीरीज आसानी से जीत ली। टीम आगे बढ़ती रही मगर कप्तान नहीं।
पिछले साल दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन पारियों में 26 रन, जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी निराशा। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कुछ पारियों में स्ट्राइक रेट बेहतर दिखा लेकिन वह चमक टिक नहीं पाई और अब दक्षिण अफ्रीका सीरीज ने उसी पैटर्न की पुष्टि कर दी।
सूर्या पर कप्तानी और पिछले दशक के सबसे प्रभावशाली टी-20 बल्लेबाजों में से एक होने का अतिरिक्त दबाव भी है। उनके हालिया आउट होने के तरीके संकेत देते हैं कि वह एक बड़े शाॅट से वापसी का ऐलान करना चाहते हैं, बजाय पारी को समय देने के। टीम के भीतर यह साफ कहा जाता है कि मेहनत में कोई कमी नहीं रही। नेट्स में घंटों अभ्यास हुआ, तकनीकी बदलाव किए गए। समस्या तैयारी की नहीं बल्कि आउटपुट की है।
आम तौर पर ऐसे आंकड़े चयन पर सवाल खड़े कर देते लेकिन सूर्याकुमार एक अलग श्रेणी के खिलाड़ी हैं। भारत जीत रहा है, अन्य खिलाड़ी योगदान दे रहे हैं इसलिए उनके रन न बनने का असर नतीजों पर नहीं पड़ा। इसी ने उन्हें समय दिया है। हालांकि शुभमन गिल का विश्वकप टीम से बाहर होना एक सख्त संदेश था कि प्रतिष्ठा नहीं, प्रदर्शन ही चयन की गारंटी है। इसके बावजूद इसमें शक नहीं कि सूर्याकुमार यादव अब भी भारत के सबसे बड़े टी-20 मैच-विनर्स में से एक हैं। ऐसे में विश्वकप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ अब सिर्फ एक टी-20 सीरीज बची है। चयन समिति इस दौर में टीम इलेवन में बड़े बदलाव नहीं चाहेगी लेकिन यह सूर्याकुमार के लिए खुद को साबित करने की आखिरी खिड़की है। इस सीरीज में उनके बल्ले से निकले रन ही तय करेंगे कि आत्मविश्वास बयान तक सीमित रहेगा या फिर मैदान पर भी दिखेगा।
भारतीय गेंदबाजों के लिए स्वदेशी पिचें वरदान साबित हो सकती हैं। जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, जैसे गेंदबाज यहां अपनी स्विंग, सीम मूवमेंट और फिरकी से विपक्षी बल्लेबाजों को धराशायी कर सकते हैं।
इस सीरीज में कप्तान और टीम मैनेजमेंट की भी अग्नि परीक्षा होगी। सही एकादश चुनना, गेंदबाजों का सही रोटेशन, फील्डिंग सेट करना और बल्लेबाजों को स्पष्ट भूमिका देना ये सभी पहलू निर्णायक साबित होंगे क्योंकि न्यूजीलैंड की टीम अक्सर योजनाबद्ध क्रिकेट खेलती है इसलिए भारतीय कप्तान को भी आक्रामक लेकिन संतुलित फैसले लेने होंगे।
हर कठिन सीरीज नए सितारों को जन्म देती है। न्यूजीलैंड सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का बड़ा मंच हो सकता है। जो खिलाड़ी दबाव में अच्छा प्रदर्शन करेगा वही भविष्य की टीम इंडिया का मजबूत स्तम्भ बनेगा क्योंकि इतिहास गवाह है कि न्यूजीलैंड के साथ भारत को हमेशा संघर्ष करना पड़ा है। कई बार मजबूत भारतीय टीम भी लड़खड़ाती नजर आई है। यही अनुभव इस बार टीम के काम आ सकता है।
भारतीय क्रिकेट टीम पर करोड़ों प्रशंसकों की उम्मीदें टिकी होती हैं। सोशल मीडिया के दौर में हर प्रदर्शन तुरंत प्रतिक्रिया लाता है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए खुद को दबाव से दूर रखकर खेल पर ध्यान केंद्रित करना बेहद जरूरी होगा।
अब तक दोनों टीमों की भिड़ंत में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें ऑल ओवर कुल 120 वनडे में आमने- सामने हुई हैं, जिसमें से 62 भारत ने और 50 न्यूजीलैंड ने जीते हैं जबकि 7 मैच बेनतीजा रहे हैं और 1 मैच टाई रहा है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 397 रन और न्यूनतम स्कोर 88 रन बनाए है। भारत में खेली सीरीजों की बात करें तो न्यूजीलैंड भारत में कोई वनडे सीरीज नहीं जीत सकी है। अपने देश में खेलते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी 7 सीरीज जीती हैं। अब तक दोनों टीमें कुल 17 द्विपक्षीय वनडे सीरीज में आमने- सामने हुई हैं, जिसमें से 9 सीरीज भारतीय टीम ने जीती हैं और 6 सीरीज न्यूजीलैंड ने अपने नाम की हैं और 2 ड्राॅ रही हैं। वहीं टी 20 सीरीजों पर नजर डालें तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 25 मैचों में भारत ने 14 जीते हैं जबकि न्यूजीलैंड ने 10 जीते हैं और 1 मैच टाई रहा है।
शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उप कप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वाॅशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, यशस्वी जायसवाल, अर्शदीप सिंह।

