Country

पवार परिवार का नया अध्यायबारामती में बढ़ी सियासी सरगर्मी

Pawar Family

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर पवार परिवार सुर्खियों में है। राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों के ऐलान के साथ ही उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे जय पवार के मैदान में उतरने की चर्चा जोरों पर है। सूत्रों के अनुसार जय पवार सक्रिय राजनीति में कदम रखने की तैयारी में हैं और उन्हें महापौर पद के सम्भावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के स्थानीय नेता भी इस विचार का समर्थन कर रहे हैं। उनका मानना है कि बारामती को अब एक युवा नेतृत्व की आवश्यकता है और जय पवार इस भूमिका में पूरी तरह फिट बैठते हैं। जय पवार पिछले साल हुए लोकसभा और विधानसभा चुनावों में अपने पिता अजित पवार और मां सुनेत्रा पवार के लिए लगातार प्रचार करते नजर आए थे। उनकी प्रचार शैली, जनता से संवाद और स्थानीय जुड़ाव ने उस समय अच्छी चर्चा बटोरी थी। तभी से उनके राजनीति में आने की सम्भावना को बल मिला था।

राजनीतिक जानकार कहते हैं कि अजित पवार इस बार कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। 2019 में पार्थ पवार को मावल लोकसभा सीट से उतारने के बाद मिली हार ने उन्हें सावधान रणनीतिकार बना दिया है। इसलिए वे जय की शुरुआत स्थानीय स्तर से कराना चाहते हैं ताकि वे धीरे-धीरे अनुभव हासिल करें और जनता के बीच स्वयं की पहचान बना सकें।

यह वही रास्ता है जो रोहित पवार ने अपनाया था। उन्होंने जिला परिषद से राजनीतिक सफर की शुरुआत की और अब युवा, सशक्त और प्रभावशाली चेहरा बन चुके हैं। बारामती की विरासत और पवार परिवार का राजनीतिक प्रतीकवाद की बात करें तो बारामती दशकों से पवार परिवार का राजनीतिक गढ़ रही है। शरद पवार ने यहीं से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। सुप्रिया सुले लगातार बारामती लोकसभा सीट से निर्वाचित होती रही हैं। रोहित पवार ने ग्रामीण राजनीति में युवा नेतृत्व के रूप में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। अब जय पवार की सम्भावित राजनीतिक एंट्री को न केवल राजनीतिक वंश परम्परा के अगले अध्याय के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि राजनीतिक संकेत, शक्ति संतुलन और पुरानी विरासत को नई पीढ़ी के दृष्टिकोण से जोड़ा जा रहा है। जय पवार की एंट्री केवल स्थानीय चुनाव तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह पवार परिवार के भीतर शक्ति संतुलन का भी संकेत हो सकती है।

अजित पवार का यह कदम स्पष्ट रूप से यह दिखाता है कि वे अपने गुट में अगली पीढ़ी का चेहरा तैयार करना चाहते हैं। इससे न केवल उनकी राजनीतिक पकड़ मजबूत होगी, बल्कि शरद पवार गुट के समानांतर एक स्थायी पारिवारिक पहचान भी निर्मित होगी। यह एंट्री आने वाले वर्षों में पवार बनाम पवार की राजनीति को फिर से सुर्खियों में ला सकती है, जहां बारामती एक बार फिर परिवार की राजनीतिक विरासत का केंद्र बिंदु बन जाएगा।

जय पवार की राजनीति में एंट्री से महाराष्ट्र की सियासत में जो प्रमुख बदलाव देखने को मिल सकते हैं उनमें एनसीपी अजित गुट को एक युवा और आधुनिक चेहरा मिलेगा, जो पार्टी की छवि को पुनर्जीवित कर सकता है। बारामती में पारिवारिक पकड़ और गहरी होगी, जिससे विपक्षी दलों की चुनौती कमजोर पड़ सकती है। राज्य स्तर पर पवार बनाम पवार की जंग एक नए रूप में सामने आ सकती है जिसमें अगली पीढ़ी की भूमिका निर्णायक होगी।

जानकार कहते हैं कि जय पवार की संभावित एंट्री केवल एक पारिवारिक कदम नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीतिक पीढ़ियों के परिवर्तन का प्रतीक है। अजित पवार यह संदेश देना चाहते हैं कि उनकी राजनीति केवल सत्ता या पद की नहीं, बल्कि परिवार की राजनीतिक परम्परा को नए सांचे में ढालने की भी है। अगर जय पवार ने बारामती में सशक्त शुरुआत की तो यह न केवल स्थानीय राजनीति का समीकरण बदलेगा, बल्कि राज्य की सत्ता संतुलन की कहानी में भी एक नया अध्याय जोड़ देगा जहां पवार परिवार की अगली पीढ़ी महाराष्ट्र की राजनीति का नया चेहरा बनकर उभरेगी।

You may also like

MERA DDDD DDD DD