
महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायक जीशान सिद्दीकी और हिरामन खोसकर बीते दिनों अजित पवार की जन सम्मान यात्रा का स्वागत करने और यात्रा सहित सभा में शामिल होने के बाद उनके सरकारी निवास देवगिरी पर मिलने पहुंच गए। इससे प्रदेश का सियासी माहौल गरमा गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव से पहले ये दो विधायक पाला बदल सकते हैं। उक्त दोनों विधायकों ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पार्टी में जाने के संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि उनके और अजीत के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। अजित से जिशान की मुलाकात के कुछ देर बाद कांग्रेस के एक अन्य विधायक हिरामन खोसकर भी देवगिरी पहुंच गए। हालांकि अजीत की जिशान और खोसकर के साथ किस मुद्दे पर चर्चा हुई, इसका खुलासा तो नहीं हो सका लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि दोनों कांग्रेसी विधायक जल्द ही पाला बदल सकते हैं। जिशान और खोसकर कांग्रेस में अपनी उपेक्षा से नाराज बताए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले अपने पिता व पूर्व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बाबा सिद्दीकी के अजित पवार गुट में जाने के बाद से जिशान के कांग्रेस छोड़ने की चर्चा थी। तब जिशान ने प्रेस काॅन्फ्रेंस करके पार्टी को घोर जातिवादी करार दिया था तथा मजबह के आधार पर पार्टी में अपनी उपेक्षा का आरोप भी लगाया था। कुछ महीने पहले संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव के दौरान कांग्रेस में हुए क्राॅस वोटिंग के बाद से जिशान के साथ-साथ खोसकर को भी संदेह की नजरों से देखा जा रहा है। इस वजह से दोनों विधायक पार्टी के महाराष्ट्र के नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं।

