बाॅलीवुड सितारों की चमक अब ओटीटी के सामने फीकी पड़ रही है। दशकों तक करिश्माई चेहरे टिकट खिड़की का भविष्य तय करते रहे लेकिन अब दर्शकों की पसंद बदल गई है। स्मार्टफोन और डिजिटल प्लेटफाॅम्र्स ने मनोरंजन को लोकतांत्रिक बनाया, जहां स्टार का जन्म प्रचार से नहीं, प्रदर्शन से होता है। पंकज त्रिपाठी और मनोज बाजपेयी जैसे कलाकारों ने यह साबित कर दिया कि अभिनय, भाषा और यथार्थ ही दर्शकों का दिल जीतते हैं, न कि केवल बाॅडी और ब्रांड वैल्यू। बड़े सितारे भी अब ओटीटी का दरवाजा खटखटा रहे हैं क्योंकि अब फिल्म नहीं कहानी और विश्वसनीयता का नया दौर पैर जमाने लगा है। स्टारडम से कंटेंटडम का यह संक्रमण सिर्फ मनोरंजन का बदलाव नहीं, यह एक सांस्कृतिक और दर्शक-मानसिकता का क्रांति काल है
भारतीय सिनेमा का स्वरूप हमेशा से ही समय और समाज के साथ बदलता रहा है, लेकिन पिछले पांच वर्षों में जो सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है वह है स्टार सिस्टम की पकड़ का ढीला होना और कंटेंट ड्रिवेन कलाकारों का उभार। लम्बे समय तक हिंदी फिल्म उद्योग में तीन खान, बड़े प्रोडक्शन हाउस, सेलिब्रिटी डायरेक्टर और ‘वीकेंड बाॅक्स ऑफिस कलेक्शन’ ही सफलता के पैमाने थे। यह दौर ऐसा था जब दर्शक थिएटर जाते समय कलाकार को चुनते थे कंटेंट को नहीं। लेकिन डिजिटल युग, स्मार्टफोन क्रांति और महामारी के बाद मनोरंजन की दुनिया में ओटीटी प्लेटफाॅम्र्स का ऐसा उदय हुआ कि दर्शकों की पसंद में जबरदस्त भूचाल आ गया। आज हालात यह हैं कि जहां सिनेमाघरों में बड़े सितारों की फिल्में भी जोखिम लेकर आती हैं वहीं ओटीटी पर एक अनजान चेहरे वाला कलाकार भी सिर्फ अपनी अभिनय क्षमता और दमदार कहानी की वजह से रातों-रात देशभर में लोकप्रिय हो जाता है। अगर हम पुराना दौर देखें तो बाॅलीवुड का हर समीकरण स्टार-ड्रिवेन था। फिल्म का बजट कलाकार तय करता था, स्क्रीन काउंट स्टार तय करता था, प्रमोशन और ब्रांडिंग स्टार के मुताबिक होती थी। यहां तक कि क्रिटिक रिव्यू भी कई बार स्टार वैल्यू की चमक में दबते दिखते थे। लेकिन दर्शक धीरे-धीरे बदल रहे थे, वे हाॅलीवुड, कोरियन कंटेंट, स्पेनिश सीरीज, जापानी ऐनीमे और दक्षिण भारतीय सिनेमा से जुड़ते जा रहे थे। मतलब साफ था, वे सिर्फ स्टार नहीं, बल्कि कहानी, भावनाएं, प्रदर्शन और गुणवत्ता चाहते थे। इस बदलाव को सबसे अधिक मजबूती ओटीटी ने दी।
स्टार सिस्टम के पतन का सबसे बड़ा कारण यह भी रहा कि बाॅलीवुड ने लम्बे समय तक फार्मूला फिल्मों पर भरोसा रखा। ग्लैमर, गाने, रोमांस और काॅमेडी की रैपेट परोसकर दर्शकों को आकर्षित किया जाता था लेकिन कहानी अक्सर कमजोर रह जाती थी। फिर कोविड के बाद दर्शकों ने घर बैठे इतना समृद्ध और विविध कंटेंट देख लिया कि उसके लिए सिर्फ चेहरे का आकर्षण पर्याप्त नहीं रहा। उसे लाॅजिक भी चाहिए, भावनाएं भी चाहिए और यथार्थ भी। आज आम दर्शक अपने सोशल मीडिया पर या ग्रुप चैट में फिल्म की खूबियां-कमियां खुलकर कहता है। सिनेमाघर जाने से पहले लोग रिव्यू देखते हैं, ट्रेलर देखते हैं और ओटीटी के विकल्पों को तौलते हैं। अब फिल्मों को सिर्फ स्टार नहीं बेच सकता उसे कंटेंट बेचना पड़ता है। ओटीटी ने न सिर्फ स्टार सिस्टम को चुनौती दी, बल्कि ऑडियंस की देखने की क्षमता और सोच को भी विस्तारित किया। दर्शक बहुस्तरीय कथानक, गहरी भावनाएं, जटिल किरदार और वास्तविक संवाद देखना चाहता है। ‘हीरो एंट्री’, ‘स्लो मोशन फाइट’ और ‘गाना-विलेन-समाधान’ जैसी फार्मूला रेखाएं फीकी पड़ रही हैं। दूसरी ओर ओटीटी ने ‘ग्रे कैरेक्टर्स’ को स्वीकार्यता दी है। हीरो भी कमजोर हो सकता है, गलत निर्णय ले सकता है, सिस्टम से लड़ सकता है और अंत में जीतना जरूरी नहीं। इसने भारतीय दर्शक को परिपक्व बनाया है।
बड़े सितारों का प्रभाव खत्म नहीं हुआ है लेकिन उनकी ताकत सीमित हो गई है। आज जब कोई सुपरस्टार फिल्म लेकर आता है तो तुलना अब दक्षिण भारतीय ब्लाॅकबस्टर्स और हाॅलीवुड की उच्च स्तरीय कथाओं और वीएफएक्स से होती है। प्रभास, अल्लू अर्जुन, यश और राम चरण जैसे कलाकारों ने यह साबित किया कि कंटेंट अगर दमदार हो तो स्टारडम खुद जन्म ले लेता है। दूसरी ओर कुछ बड़े बाॅलीवुड सितारों की फिल्में लगातार असफल होती रहीं और दर्शक-दृष्टि से वे ‘ओवररेटेड स्टार’ के रूप में देखे जाने लगे।
हालांकि यह कहना गलत होगा कि बाॅलीवुड खत्म हो रहा है। दरअसल परिवर्तन हो रहा है। निर्माताओं ने समझ लिया है कि अब वे सिर्फ स्टार- केंद्रित फिल्में बनाकर नहीं बच सकते। यही कारण है कि कई बड़े सितारे ओटीटी पर आने लगे हैं, अजय देवगन से लेकर शाहिद कपूर, अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, रवीना टंडन, सैफ अली खान और अब रणवीर सिंह, करीना कपूर, अक्षय कुमार भी इस माध्यम को स्वीकार कर रहे हैं। इसका संदेश साफ है, स्टार्स को भी प्रासंगिक रहने के लिए कंटेंट का सहारा लेना होगा।
बाॅलीवुड को जिस चीज से सबसे अधिक चुनौती मिली वह है ‘इमेज-बर्निंग’ का डर। एक सितारे को अपनी इमेज सम्भालनी होती थी, हीरो कभी हार नहीं सकता, कभी रो नहीं सकता, हमेशा स्मार्ट और सफल दिखना चाहिए। ओटीटी ने इस मिथक को तोड़ दिया। मनोज बाजपेयी छोटे शहर का साधारण इंसान बनकर दुनिया जीत लेते हैं। पंकज त्रिपाठी बिना एब्स और बिना मेकअप सिर्फ आंखों और संवादों से दर्शक को बांध लेते हैं। यहां किसी को अपनी ‘इमेज’ बचाने की जरूरत नहीं, बल्कि किरदार निभाने की जरूरत है। नतीजा यह हुआ कि असल जीवन के संघर्ष, भाषा, बोली, परिवेश और यथार्थ पर आधारित कहानियां सामने आईं और दर्शक उनसे जुड़ गया।
अब सवाल यह है कि इस टकराव में आगे क्या होगा? सिनेमा खत्म नहीं होगा, थिएटर भी खत्म नहीं होगा। लेकिन दोनों की भूमिका अलग- अलग हो जाएगी। थिएटर मनोरंजन का त्यौहार रहेगा, बड़े कैनवास की फिल्में, महंगे विजुअल्स, एक्शन, रोमांच और ऐसी कहानियां जिनके लिए बड़ा पर्दा जरूरी हो। ओटीटी रोजमर्रा की भावनाओं का संसार रहेगा जहां कहानी को उतना ही स्पेस मिलेगा जितना पात्रों को। प्लेटफाॅर्म बदलने से न ही कहानी का मूल्य बदलेगा न ही कलाकारों का स्तर लेकिन यह सच है कि सीमाओं और धारणाओं को तोड़ने का साहस ओटीटी ने दिया है।
दर्शकों को भी इस बदलाव ने जिम्मेदार बनाया है। पहले वे सिनेमा को मनोरंजन मानते थे अब इसे अनुभव मानते हैं। पहले वे हीरो के नाम पर टिकट खरीद लेते थे अब कहानी के आधार पर प्ले बटन दबाते हैं। पहले आलोचनाएं बंद कमरे तक सीमित थीं अब एक खराब फिल्म को जनता सोशल मीडिया पर लाइव रिव्यू के जरिए गिरा सकती है। इसी ताकत ने निर्माताओं को कंटेंट को सर्वोपरि मानने पर मजबूर किया है।
हालांकि यह भी सच है कि ओटीटी के साथ कुछ चुनौतियां भी आई हैं, अत्यधिक हिंसा और गाली-गलौज की आलोचना होती रही है, राजनीतिक कथानकों पर विवाद बढ़ा है और सेंसरशिप की मांग भी उठी है। इस संदर्भ में यह सोचने की जरूरत है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ जिम्मेदारी भी आवश्यक है। लेकिन इन सबके बीच एक बात स्पष्ट है कि ओटीटी ने रचनात्मकता का लोकतंत्रीकरण किया है। छोटे शहरों, साधारण परिवारों, गैर-फिल्मी पृष्ठभूमि वाले कलाकारों और लेखकों को पहली बार इतना बड़ा मंच मिला है। कैमरे का फोकस सिर्फ चेहरों से हटकर कहानियों पर आ गया है।
बाॅलीवुड की नई पीढ़ी भी इस बदलाव को समझ रही है। आज राजकुमार राव, आयुष्मान खुराना, विक्की कौशल, कार्तिक आर्यन जैसे सितारे ‘स्टार’ और ‘एक्टर’ के बीच संतुलन बना रहे हैं। वे बड़े पर्दे पर भी आते हैं और ओटीटी के मजबूत नैरेटिव का हिस्सा भी बनते हैं। यह भविष्य की दिशा है, फिल्म और ओटीटी के बीच प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सह-अस्तित्व। जो कलाकार दोनों माध्यमों पर बराबर सम्मान अर्जित कर लेगा वही असली सुपरस्टार कहलाएगा।
आगे यह भी सम्भावित है कि दर्शक ‘ग्लोबल स्टोरीटेलिंग’ की ओर और तेजी से बढ़ेंगे। वे भारतीय होने के साथ-साथ विश्व नागरिक भी हैं। उनके पास विकल्प अनंत हैं, लाइफटाइम रोमांटिक ड्रामों और काॅलेज काॅमेडी के बीच अब ‘माइंडहंटर’, ‘डार्क’, ‘फाउडा’, ‘मनी हाइस्ट’, ‘केजीएफ’, ‘आरआरआर’, ‘पंचायत’, ‘द फैमिली मैन’ और ‘स्कैम 1992’ जैसे कंटेंट मौजूद हैं। ऐसे में किसी भी उद्योग या स्टार को यह भ्रम नहीं रह सकता कि दर्शक को सीमित विकल्प देकर बांधा जा सकता है।
सिनेमा हमेशा सपनों का संसार रहेगा और ओटीटी वास्तविकता की परतें खोलता रहेगा। एक मंच पर तमाशा है दूसरे पर एहसास और दर्शक दोनों को स्वीकार करता है लेकिन एक शर्त पर, सचाई और गुणवत्ता के साथ। आखिरकार वही कलाकार टिकता है जो दर्शक के मन में बैठता है न कि सिर्फ पोस्टर पर। आज दर्शक का नारा बदल गया है, ‘स्टार हो या नया चेहरा, कहानी दमदार होनी चाहिए।’
इस संक्रमण काल में बाॅलीवुड के लिए यह चुनौती भी है और अवसर भी। अब ‘नेपोटिज्म बनाम टैलेंट’ की लड़ाई सिर्फ विवाद तक सीमित नहीं, बल्कि सीधे परिणामों में दिखती है। अगर प्रतिभा नहीं है तो स्क्रीन टाइम नहीं है। केवल उपनाम नहीं प्रदर्शन मायने रखता है। जो कलाकार और निर्माता इस नई वास्तविकता को समझेंगे, वे आगे बढ़ेंगे। बाकी समय की धूल में धुंधले हो जाएंगे, जैसे हर युग में होता आया है।
अंततः दर्शकों ने उद्योग को एक नया दिशा-निर्देश दिया है, ‘हम आपको स्टार बनाएंगे, लेकिन उसके लिए आपकी चमक नहीं, आपका काम चाहिए।’ ओटीटी ने यह लोकतंत्र स्थापित किया है और इस नए लोकतांत्रिक युग में असली सत्ता दर्शक और कहानी की है। बाॅलीवुड को अब यह समझ आ गया है कि स्टारडम एक समय आता है और चला जाता है लेकिन सच्चा अभिनय, ईमानदार कहानी और भावनाओं की सच्चाई हमेशा रहती है। यही नया नियम है, यही नया सच है और यही हिंदी मनोरंजन उद्योग का भविष्य।

