sport

भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीजनई पीढ़ी का निर्णायक मोड़

भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज नई पीढ़ी का निर्णायक मोड़
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज सिर्फ एक द्विपक्षीय मुकाबला नहीं है। इसमें उभरते सितारों की परीक्षा होगी, टीम संयोजन पर विचार होगा, नेतृत्व की मजबूती देखी जाएगी और भविष्य की रणनीति का आधार तैयार होगा। इससे मिलने वाले संकेत भारतीय क्रिकेट के लिए नींव साबित होंगे चाहे वह आने वाले विश्व कप की तैयारी हो, नई टीम की रचना हो या खिलाड़ियों की क्षमता का आकलन। न्यूजीलैंड जैसी मजबूत और अनुशासित टीम के खिलाफ खेलना भारत को एक बेहतर, परिपक्व और संतुलित टीम बनने में सहायता करेगा। यही वजह है कि यह सीरीज भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने वाली साबित हो सकती है


हाल में सम्पन्न हुई भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 75 रनों की अहम पारी खेली तो यशस्वी जायसवाल ने नाबाद शतक और विराट कोहली की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने 9 विकेट जीत दर्ज कर 2-1 से सीरीज अपने नाम की। इस सीरीज में विराट कोहली ने 300 से अधिक रन बनाए जिसमें 2 शतक और 1 अर्धशतक लगाया। जिसके लिए उन्हें  प्लेयर आॅफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया। वनडे सीरीज के बाद भारत की नजरें अब पांच टी-20 मैचों की सीरीज पर है। टी-20 सीरीज की शुरुआत 9 दिसम्बर से  हो गई है और सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 दिसम्बर को खेला जाएगा। रोहित और विराट पहले ही टी-20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। लेकिन भारतीय टीम अगले साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगी जिसके तहत तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी जिसमें रोहित और विराट फिर नजर आएंगे। इस सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी, दूसरा 14 जनवरी और आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया का ऐलान भी कर दिया है। इस बार टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है, जो चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं।


चयनकर्ताओं ने टीम चयन में अनुभव और नई प्रतिभाओं के बीच बेहतर संतुलन बनाने की कोशिश की है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या नए कप्तान परीक्षा में पास होंगे? क्या कोई नया मध्यक्रम तैयार होगा? क्या यह नई टीम तैयार करने का समय है? क्या यह सीरीज भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने में अहम साबित होगी जैसे तमाम सवाल इन दिनों मीडिया और सोशल मीडिया में सुनाई दे रहे हैं।

खेल विश्लेषकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना है कि भारतीय क्रिकेट इस समय एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहां आने वाला हर मुकाबला न सिर्फ टीम की मौजूदा क्षमता को परखने के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि भविष्य की रणनीतिक लिहाज से भी निर्णायक साबित होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज इसी संदर्भ में बेहद अहम है। यह सीरीज न केवल दोनों टीमों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका होगी बल्कि भारत की भविष्य की योजनाओं, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी और युवा खिलाड़ियों की कसौटी भी बनेगी। भारत और न्यूजीलैंड के मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं। चाहे 2019 विश्व कप का सेमीफाइनल हो या पिछले कुछ वर्षों में खेली गई द्विपक्षीय सीरीज, दोनों टीमों के बीच हर मैच उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का नमूना रहा है। ऐसे में यह वनडे सीरीज भारत की तैयारियों को किस दिशा में मोड़ेगी यह बेहद दिलचस्प है। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के बाद भारत जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा जो 2027 एकदिवसीय विश्वकप के लिहाज से महत्वपूर्ण सीरीज होगी। ये दोनों सीरीज न केवल चयनकर्ताओं और युवा खिलाड़ियों के लिए परीक्षा है, बल्कि नए कप्तान के लिए भी अग्नि परीक्षा से कम नहीं हैं ।
 
नए कप्तान गिल की परीक्षा

भारतीय टीम पिछले कुछ वर्षों में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया से गुजरी है। ऐसे में न्यूजीलैंड जैसी संतुलित टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना किसी भी नए कप्तान के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। इसलिए यह सीरीज टीम इंडिया के नए नेतृत्व की स्थिरता को परखने वाली है। क्योंकि  रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं कि वे खासकर 2027 एकदिवसीय विश्व कप में खेलेंगे या नहीं। कप्तान सिर्फ मैदान पर फैसले नहीं लेता बल्कि टीम की मानसिकता, आक्रामकता और आत्मविश्वास को भी दिशा देता है।

गौरतलब है कि चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर होने के बाद शुभमन गिल एक बार फिर कप्तान के रूप में वापसी करने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार वनडे कप्तानी संभाली थी, लेकिन उस सीरीज में भारत को 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी। उनकी कप्तानी पर सवाल भी उठे थे, ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर होगी। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि पिछली गलतियों से सीख लेते हुए गिल इस बार अधिक परिपक्व नेतृत्व दिखाएंगे।
 
क्या भारतीय क्रिकेट की नई नींव होगी मजबूत

भारतीय क्रिकेट ने पिछले दशक में रोहित, विराट, बुमराह, शमी, जडेजा जैसे सितारों पर काफी हद तक भरोसा किया है। लेकिन हर टीम को अगली पीढ़ी तैयार करनी पड़ती है और यही वह समय है जो भारत को अपनी नई कोर टीम तैयार करने का अवसर देता है। इस सीरीज में भारत कई युवा खिलाड़ियों को आजमा सकता है। जैसे कि नए गेंदबाज, उभरते हुए ऑल राउंडर और नए ओपनर या मध्यक्रम के बल्लेबाज। ये खिलाड़ी आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में भारत की रीढ़ बन सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना आसान नहीं होता क्योंकि वे हर बार अनुशासित और योजनाबद्ध खेल दिखाते हैं। ऐसे में अगर युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो भारतीय क्रिकेट की नई नींव मजबूत होगी।
 
क्या खत्म होगी फिनिशर की तलाश

पिछले कुछ समय में भारत का मध्यक्रम एक बड़ा मुद्दा रहा है। खासकर तब जब टीम कई बार बड़े मंचों पर अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़े स्कोर बनाने में नाकाम रही है। न्यूजीलैंड अपनी गेंदबाजी योजनाओं के लिए जाना जाता है, विशेषकर मिडिल ओवरों में रन रोकने की कला के लिए। इस सीरीज में भारत यह देखना चाहेगा कि कौन से खिलाड़ी दबाव की स्थिति में मैच को गहराई तक ले जा सकते हैं। क्या विकेटकीपर- बल्लेबाज का रोल स्थिर हो पाएगा? फिनिशर की तलाश खत्म होगी? इन सभी सवालों के जवाब इस सीरीज से मिल सकते हैं।
 
गेंदबाजों का होगा लिटमस टेस्ट

भारतीय टीम की गेंदबाजी हमेशा से उसकी ताकत रही है लेकिन समय के साथ बदलाव अनिवार्य है। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज तकनीकी रूप से मजबूत होते हैं और स्पिन तथा पेस दोनों के खिलाफ संतुलित प्रदर्शन करते हैं। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के लिए यह सीरीज एक तरह का लिट्मस टेस्ट होगी। भारत चाहेगा कि युवा गेंदबाज अनुभव लें और बड़े मंच के लिए तैयार हों। स्पिनरों की विविधता और डेथ ओवर गेंदबाजी की गुणवत्ता भविष्य की टीम की गेंदबाजी संरचना इसी सीरीज में समझ में आने लगेगी।
 
टीम को स्थिरता प्रदान करेंगे विराट और रोहित

भारतीय टीम के दो सबसे अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी इस सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से सबसे अधिक रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ़ द सीरीज बने थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने पहले मैच में  57 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली तो आखिरी और निर्णायक मुकाबले में 75 रनों की अहम पारी खेली। वहीं विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत खराब की थी, लेकिन तीसरे वनडे में नाबाद अर्धशतक लगाकर शानदार वापसी की और अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने लगातार दो शतक और एक अर्धशतक जड़कर एक बार फिर अपनी क्लास और निरंतरता साबित की। इन दोनों दिग्गजों की मौजूदगी टीम की बल्लेबाजी को गहराई और स्थिरता प्रदान करेगी।
 
वनडे में भारत की वापसी का मौका

टी-20 क्रिकेट ने दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की है लेकिन वनडे अभी भी रणनीति, कौशल और धैर्य का अनोखा मिश्रण पेश करता है। भारत ने कुछ समय से वनडे में निरंतरता नहीं दिखाई है। इस सीरीज के जरिए टीम  वनडे  फाॅर्मेट में अपनी योजनाओं को दोबारा मजबूत कर सकती है और भारत चाहेगा कि वह फिर से वनडे में वही दबदबा बनाए जो वह वर्षों से दिखाता आया है।
 
न्यूजीलैंड देगा चुनौती

न्यूजीलैंड को अक्सर ‘अंडरडाॅग’ कहा जाता है, लेकिन पिछले दशक में उन्होंने बार-बार यह साबित किया है कि वे दुनिया की किसी भी टीम को मात देने का दम रखते हैं। उनके पास शांति से खेलने वाले बल्लेबाज हैं तो गेंदबाजी में रणनीतिक विविधता होती है। फील्डिंग हमेशा उच्च स्तर की होती है। उनके खिलाड़ी दबाव की स्थितियों में घबराते नहीं। ऐसे प्रतिद्वंद्वी से भिड़ना भारतीय टीम के हर खिलाड़ी को मजबूती देगा। हालांकि  सीरीज भारत में है तो पिचें बल्लेबाजों के अनुकूल और स्पिनर्स के लिए मददगार होती हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को अलग-अलग चुनौतियां मिलेंगी जो उनकी सीख और भविष्य की तैयारी में महत्वपूर्ण साबित होंगी। यह सीरीज खिलाड़ियों को यह समझने का मौका देगी कि वे विदेशी और घरेलू दोनों परिस्थितियों में कैसे खेलते हैं और अपनी भूमिका को कैसे बेहतर तरीके से निभाते हैं।
 
विश्व कप की तैयारी का महत्वपूर्ण चरण

अगला वनडे विश्व कप कितना दूर है इससे फर्क नहीं पड़ता। क्रिकेट में हर सीरीज भविष्य के टूर्नामेंटों का अभ्यास होती है। टीम इंडिया चाहेगी कि प्लेइंग इलेवन का कोर तय हो, बैकअप खिलाड़ियों की पहचान हो , रणनीतियां और टीम संयोजन मजबूत हो। इस सीरीज का प्रदर्शन चयनकर्ताओं, कोचिंग स्टाफ और टीम मैनेजमेंट को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने में मदद करेगा। भारत में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, भावना है। युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपने खेल से लोगों के दिल जीतने का मौका होगी। कई बार एक सीरीज से ही बड़े क्रिकेटर पैदा होते हैं। शायद इस बार भी कोई खिलाड़ी असाधारण प्रदर्शन कर भारतीय क्रिकेट में नई ऊर्जा लेकर आए।
 
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वाॅशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, यशस्वी जायसवाल, अर्शदीप सिंह।

You may also like

MERA DDDD DDD DD