आम चुनाव के शोर के बीच एक बार फिर ‘रामराज’ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भाजपा पर हमेशा यह आरोप लगता रहा है कि वह भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है। भाजपा नेता ये आरोप स्वीकार नहीं करते, लेकिन उनका एक दावा अवश्य रहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस साल के शासनकाल में ‘रामराज’ की तर्ज पर ‘सबका साथ, सबका विकास’ के जरिए समाज के हर वर्ग के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है। भाजपा नेता यहां तक दावा करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश जिस तरह विकास कर रहा है, तीसरे टर्म में जीत के बाद आने वाला समय देश के हर वर्ग के लिए ज्यादा खुशहाल और कल्याणकारी होगा। वे इसे रामराज की असली संकल्पना बताते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि ‘रामराज’ पर किसका दावा मजबूत है?

असल में भाजपा का दावा कितना जमीनी है और इसमें कितनी सच्चाई है, इस पर राजनीतिक दलों की राय अलग-अलग हो सकती है, लेकिन इसी बीच आम आदमी पार्टी ‘रामराज’ के नाम से एक वेबसाइट शुरू कर दी है। केजरीवाल सरकार और उसके नेताओं का दावा है कि जिस तरह दिल्ली की सरकार लोगों को मुफ्त बिजली, पानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविट्टाा दे रही है, रामराज की असली संकल्पना यही है। उनका दावा है कि आने वाले समय में यह सुविधा देश के दूसरे हिस्सों में भी दी जाएंगी। आम आदमी पार्टी में नंबर दो बनकर उभरीं सुनीता केजरीवाल को पार्टी ने अपना स्टार प्रचारक बनाया है। जल्द ही वे दिल्ली- पंजाब सहित देश के अलग-अलग राज्यों में आम आदमी पार्टी के रामराज्य की कहानी सुनाएंगी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि ‘रामराज’ पर किसका दावा ज्यादा मजबूत है।

राजनीतिक पंडितों का मानना है कि आम आदमी पार्टी को इस रणनीति का लाभ मिल सकता है। विशेषकर दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जिन लोगों को दिल्ली सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वे इसके साथ जा सकते हैं। एक महिला होने के कारण जब सुनीता केजरीवाल जनता के बीच उतरेंगी, तो उसकी एक अलग अपील हो सकती है। देश की जनता के बीच उनकी भावनात्मक अपील उनकी पार्टी के लिए ऐसे समय में राम बाण सिद्ध हो सकती है, जिस समय शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के तमाम नेता घिरे हैं और उनमें से कई जेल में हैं।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी द्वारा रामनवमी के दिन राम राज्य नाम से वेबसाइट जारी की गई। जिसके बाद भाजपा ने ‘आप’ पर कड़ा हमला किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि अरविंद केजरीवाल सहित विपक्ष के कई नेता अयोध्या में राम मंदिर बनवाने का विरोध कर रहे थे। लेकिन जब उन्हें पता चल गया कि अब राम मंदिर बनना तय हो चुका है, इसके निर्माण में कोई बाधा नहीं आ सकती,तब उन्होंने इसके पक्ष में बयानबाजी शुरू कर दी।

सचदेवा ने कहा कि राम राज्य का दावा करने वाला कभी दिल्ली की गली-गली में शराब की दुकानें नहीं खोलेगा। शराब, शिक्षा और स्वास्थ्य के हर क्षेत्र में घोटाला करने वाली आम आदमी पार्टी को राम राज्य की बात कहने का अधिकार नहीं है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी इस बात पर पूरी तरह दृढ़ है कि दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में रामराज्य लाने का काम आम आदमी पार्टी ही करेगी। ‘आप’ नेता मालविका साहनी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि जिस तरह दिल्ली में हर वर्ग को मुफ्त शिक्षा, मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी का लाभ मिल रहा है, इसे ही राम राज्य कहा जा सकता है। दिल्ली के एक भी बच्चे को पैसे की कमी के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जा रहा है। उन्हें हर तरह के कौशल प्रशिक्षण देकर शिक्षित और योग्य बनाया जा रहा है। सही मायने में इसे ही राम राज्य कहा जा सकता है। आम आदमी पार्टी नेताओं पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। अब तक एक भी मामले में आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं। यह बताता है कि अरविंद केजरीवाल को केवल फंसाकर उनकी राजनीति को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। जिस तरह भगवान राम ने हर बाधा दूर कर जनता के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया, उसी तरह उनके नेता भी देश की जनता के सामने एक आदर्श प्रस्तुत करेंगे।

You may also like

MERA DDDD DDD DD