खेलों के लिहाज से यह साल सिर्फ प्रतियोगिताओं का नहीं बदलाव का साल होगा। क्रिकेट में भारत के पास इतिहास रचने का मौका होगा तो फुटबाॅल दुनिया को नए चैम्पियंस की झलक देगा। एशियाई खेलों में भारत अपनी ताकत दिखाने को तैयार रहेगा और महिला खेल नई ऊंचाइयों को छुएंगे। कुल मिलाकर नूतन वर्ष केवल ट्राॅफियों और पदकों का नहीं बल्कि बदलाव, उम्मीद और आत्मविश्वास का होगा
भारतीय खेलों के लिए साल 2025 जहां एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी रहा जिसमें महिला क्रिकेट में पहला आईसीसी विश्वकप जीत, नीरज चोपड़ा द्वारा 90 मीटर भाला फेंक रिकाॅर्ड और राष्ट्रीय खेल नीति की शुरुआत हुई जिसने युवा प्रतिभाओं के विकास और वैश्विक खेल महाशक्ति बनने की नींव रखी तो वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा सितारों का उदय हुआ और टेस्ट क्रिकेट में रोहित-विराट युग का अंत हुआ वहीं साल 2026 भी खेल जगत के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है। यह सिर्फ बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स का नहीं होगा बल्कि युवा खिलाड़ियों के उभार, तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल, महिला खेलों की मजबूती और भारत जैसे देशों के लिए नई सम्भावनाओं का भी प्रतीक बनेगा। क्रिकेट से लेकर ओलम्पिक खेलों तक, फुटबाॅल से लेकर कुश्ती और एथलेटिक्स तक हर मोर्चे पर 2026 रोमांच से भरा नजर आता है। यह साल खेल प्रेमियों के लिए रोमांच, उम्मीद और गर्व से भरा होगा जहां हर मैच, हर रेस और हर मुकाबला भविष्य की कहानी लिखेगा। भारत के लिए यह साल खास इसलिए भी होगा क्योंकि कई खेलों में वह दावेदार से दावों को साबित करने वाली शक्ति बनने की कोशिश करेगा। सबसे पहले बात करते हैं क्रिकेट की।
इस साल का सबसे बड़ा क्रिकेट आयोजन टी-20 विश्वकप होगा जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे। घरेलू परिस्थितियों में खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने द्विपक्षीय सीरीज और लीग क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट्स में निरंतरता की कमी पर सवाल उठते रहे हैं। इसके लिए टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन सबसे बड़ी चुनौती होगी। स्पिन अनुकूल पिचों पर रणनीति निर्णायक साबित होगी। कप्तानी और दबाव झेलने की क्षमता की असली परीक्षा होगी। यह विश्व कप भारतीय क्रिकेट के लिए सिर्फ एक ट्राॅफी नहीं बल्कि आलोचनाओं का जवाब भी होगा।
दुनिया की सबसे लोकप्रिय और महंगी इंडियन प्रीमियर लीग वैश्विक क्रिकेट की दिशा तय करता नजर आएगा। युवा भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच, छोटे देशों के खिलाड़ियों को पहचान, टेक्नोलाॅजी, डेटा और रणनीति का बढ़ता इस्तेमाल देखने को मिलेगा। यह अब केवल एक लीग नहीं बल्कि क्रिकेट की ग्लोबल फैक्ट्री बन चुका है जहां से भविष्य के सितारे निकलते हैं।
टी-20 के दबदबे के बावजूद टेस्ट क्रिकेट की प्रतिष्ठा बनी रहेगी। भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मुकाबले क्रिकेट की आत्मा को जीवित रखेंगे। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के नए चक्र में 2026 एक अहम साल होगा।
यह साल महिला क्रिकेट के लिए रोमांचक रहेगा। इंडियन प्रीमियर लीग की तरह ही महिलाओं के लिए यह फ्रेंचाइजी लीग होगी, जिससे घरेलू खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा और यह विश्वकप की तैयारी का भी हिस्सा होगी। इसके तुरंत बाद भारत ऑस्ट्रेलिया में ऑल फाॅर्मेट सीरीज खेलेगा जो विश्वकप की तैयारी के लिए अहम होगा।
भारत इंग्लैंड में तीन टी 20 और ऐतिहासिक लाॅर्ड्स टेस्ट खेलेगा, जो महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ा पल होगा। महिला टी-20 विश्वकप 2026 इंग्लैंड में आयोजित होगा, जिसमें 12 टीमें हिस्सा लेंगी और फाइनल लाॅर्ड्स में होगा। भारत ग्रुप-ए में है और पाकिस्तान के साथ उसका मुकाबला 14 जून को होगा। जापान में होने वाले एशियन गेम्स में टी-20 क्रिकेट होगा, जिसमें भारतीय टीम गोल्ड मेडल जीतने की प्रबल दावेदार होगी जैसा कि 2023 में हुआ था। कुल मिलाकर 2026 महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ा साल होगा जिसमें कई बड़े टूर्नामेंट और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
भारत में फुटबॉल धीरे-धीरे लोकप्रियता और संरचना दोनों में मजबूत हो रहा है। आईएसएल से निकलती नई प्रतिभा, जमीनी स्तर पर अकादमियों का विस्तार, एशियाई प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। हालांकि विश्वकप अभी दूर है लेकिन 2026 भारतीय फुटबॉल के लिए नींव मजबूत करने का साल होगा।
एशियाई खेल भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। पिछले संस्करणों में भारत ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की ओर कदम बढ़ाए थे। एथलेटिक्स, शूटिंग, कुश्ती और बाॅक्सिंग में पदक उम्मीद, बैडमिंटन और टेबल टेनिस में चुनौती, महिला खिलाड़ियों से बड़ी भूमिका दिखाएगी कि भारत का लक्ष्य सिर्फ पदकों की गिनती बढ़ाना नहीं बल्कि एशिया की टाॅप-5 खेल शक्तियों में खुद को स्थापित करना होगा।
यह साल महिला खेलों के लिए ऐतिहासिक साल साबित हो सकता है। महिला क्रिकेट में दर्शकों और निवेश की बढ़ती संख्या, महिला फुटबाॅल और हाॅकी में प्रोफेशनलिज्म, बाॅक्सिंग, वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स में भारतीय महिलाएं पदक की प्रबल दावेदार होंगी। कुल मिलाकर महिला खेल अब सहानुभूति नहीं बल्कि प्रतिस्पर्धा और सम्मान के आधार पर देखे जा रहे हैं।
फरवरी 2026 में इटली में होने वाले विंटर ओलम्पिक्स खेलों के तकनीकी और व्यावसायिक पक्ष को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। यूरोप और उत्तरी अमेरिका का दबदबा, विंटर स्पोर्ट्स में सुरक्षा और तकनीक का नया स्तर, भारत की सीमित लेकिन प्रतीकात्मक भागीदारी देखने को मिलेगी। हालांकि भारत का प्रदर्शन पदकों के लिहाज से सीमित रहेगा लेकिन यह भविष्य की तैयारियों के लिए अहम अनुभव होगा।
भले ही फीफा विश्व कप 2026 साल के अंत में खेला जाएगा लेकिन पूरा वर्ष इसकी तैयारियों और क्वालिफायर से सराबोर रहेगा जिसमें 48 टीमों वाला नया प्रारूप, अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी, नए देशों के लिए इतिहास रचने का मौका और फुटबाॅल की राजनीति, व्यवसाय और प्रतिस्पर्धा तीनों चरम पर होंगे।
इस साल कई खेलों में पीढ़ी परिवर्तन देखने को मिलेगा जिसमें दिग्गज खिलाड़ियों का संन्यास, युवा कप्तानों की अग्निपरीक्षा, मानसिक मजबूती और नेतृत्व पर जोर खेल जगत में अब प्रतिभा के साथ-साथ चरित्र और निरंतरता सबसे बड़ा हथियार बनेंगे।
गौरतलब है कि यह साल खेल प्रेमियों के लिए रोमांच से भरा होगा जहां हर मैच, हर रेस और हर मुकाबला सिर्फ जीत-हार नहीं बल्कि भविष्य की दिशा तय करेगा। खेल के इवेंट्स के लिहाज से 2026 सबसे बड़ा साल होने जा रहा है। 2014 के बाद पहली बार एक साल में क्रिकेट, फुटबाॅल और हाॅकी विश्वकप होने जा रहे हैं। साल के आखिर में क्रिकेट का वनडे एशिया कप आयोजित हो सकता है। हालांकि एशियन क्रिकेट काउंसिल ने अब तक इसका ऐलान नहीं किया है। इनके अलावा इस साल विमेंस टी-20 विश्वकप, मेंस अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप होने हैं। साथ ही कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसे मल्टी स्पोर्ट, मल्टी नेशन मेगा इवेंट्स भी होंगे। इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स के साथ आईपीएल और डब्ल्यूसीएल तो हैं ही। अभी भी लिस्ट खत्म नहीं हुई है। इसी साल टेनिस के 4 ग्रैंड स्लैम होंगे। इस वर्ष यह भी तय होगा कि भारत के स्टार शतरंज के विश्व चैम्पियन डी गुकेश को अगली विश्व चेस चैम्पियनशिप के लिए कौन चुनौती देगा।

