भाजपा नेता और बिहार सरकार में पिछड़ा-अति पिछड़ा कल्याण मंत्री विनोद सिंह की आज गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में मौत हो गई। वह लंबे समय से कोरोना पॉजिटिव थे। फिलहाल बिहार के मंत्री विनोद सिंह की मौत ब्रेन हेमरेज से हुई। विनोद सिंह भाजपा के कोटे से बिहार में मंत्री थे। वर्तमान में उनकी पत्नी निशा सिंह को उनकी जगह पहले ही प्राणपुर विधानसभा से उम्मीदवार बना दिया गया था।
बताया जा रहा है कि विनोद सिंह को 16 अगस्त को एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया था। पहले वह कोरोना वायरस के प्रभाव में थे। बाद में उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था। उन्हें पहले पटना के रूबन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें गुडगाँव के मेदांता अस्पताल ले जाया गया था।

विनोद सिंह कटिहार के प्राणपुर के मनसाही थाना क्षेत्र के बचनाहा गांव के रहने वाले थे। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सक्रिय राजनीति में आए थे। सबसे पहले उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा के कटिहार जिला अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद विनोद सिंह किसान मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष बने थे। इसके बाद उन्हें भाजपा कोटे से मंत्री बनाया गया था। नीतीश कुमार सरकार में उन्हें अति पिछड़ा कल्याण विभाग और खनन एवं भू तत्त्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी।

