लोकसभा चुनाव के बीच भी कांग्रेस नेताओं का पार्टी से पलायन जारी है। इस बीच जिस पार्टी से संजय निरुपम ने अपने सियासी सफर की शुरुआत की अब फिर उसी पार्टी में तकरीबन दो दशकों बाद घर वापसी कर ली है। इस बात की चर्चा उनके कांग्रेस पार्टी को इस्तीफा सौंपने के बाद से ही चल रही थी कि संजय निरुपम किस पार्टी में शामिल होंगे जिसका खुलासा अब खुद संजय निरुपम ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में शामिल होकर किया है। कांग्रेस ने बीते 3 अप्रैल को संजय निरुपम को ‘अनुशासनहीनता और पार्टी के खिलाफ बयान देने’ के आरोप के चलते छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था जिसके बाद निरुपम ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। शिवसेना में शामिल होने को लेकर निरुपम ने कहा कि आखिरकार आज हमने फैसला ले लिया है। लंबे समय तक कांग्रेस में घुटन भरी जिंदगी से मुक्ति मिली है और लगभग 20 साल बाद अपनी पार्टी शिवसेना में जाना घर वापसी जैसा है। गौरतलब है कि संजय निरुपम ने अपने सियासी सफर की शुरुआत शिवसेना से ही की थी, वो साल 1996 से 2006 तक शिवसेना फिर कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा सांसद रहे। उन्होंने 2009 से 2014 तक कांग्रेस की तरफ से उत्तर मुंबई लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह लोक लेखा समिति (पीएसी) और वित्त समिति जैसी संसदीय समितियों के सदस्य थे। 2014 में संजय निरुपम बीजेपी के गोपाल शेट्टी से हार गए थे। इसके बाद 2015 में उन्हें मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। फिर 2017 में उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी से इस्तीफा दे दिया। निरुपम ने कांग्रेस पार्टी के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता की भी भूमिका निभाई।

You may also like

MERA DDDD DDD DD