भाजपा देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर विवादास्पद बयान देती रही है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सबसे पहले पंडित जवाहर लाल नेहरू को अपराधी बताया था।
शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा में सदस्यता अभियान के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को कश्मीर में धारा 370 लगवाने पर अपराधी कहा था। जिसके बाद देशभर में विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि बाद में भोपाल आकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि जवाहरलाल नेहरू को लेकर उन्होंने जो कुछ भी ओडिशा में कहा, वह तथ्यों के आधार पर कहा
अब इस कड़ी में भाजपा की सांसद प्रज्ञा का नाम भी जुड़ गया है। भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को अपराधी की संज्ञा दी है। शिवराज के नेहरू को अपराधी कहे जाने वाले बयान पर भोपाल में प्रतिक्रिया देते हुए सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘हमारे भारत को जो भी पीड़ा पहुंचाएगा, हमारे भारत को जो भी खंडित करने का प्रयास करेगा, वह निश्चित रूप से अपराधी होगा चाहे वह नेहरू हो या कोई और।
याद रहे कि लोकसभा चुनाव से पूर्व भी प्रज्ञा सिंह ने भोपाल से अपने सामने कांग्रेस के प्रत्यासी दिग्विजय सिंह पर वार करते हुए कहा था कि “एक बार फिर ऐसे आतंकी का समापन करने के लिए संन्यासी को खड़ा होना पड़ा है.” इससे पहले प्रज्ञा ने मुम्बई में आतंकवादियों की गोली से शहीद हुए एटीएस के प्रमुख हेमंत करकरे की शहादत को लेकर विवादित बयान दिया था

