Sargosian / Chuckles

राहुल गांधी का फोकस अब चार राज्यों के विधानसभा चुनावों पर

देश का सबसे पुराना राजनीतिक दल कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। कभी केंद्र से लेकर अधिकांश राज्यों में खुद की सरकार वाली कांग्रेस अब मात्र 4 राज्यों में सिमट कर रह गई है। दो राज्यों में वह सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। दूसरी तरफ भाजपा की 12 राज्यों में अपनी सरकार है, तो 6 राज्यों में वह सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। 2021 में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इन में पुंडुचेरी में कांग्रेस सत्तारूढ़ है। असम में भाजपा सत्तारूढ़ है, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस तो तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक सत्ता में है, कांग्रेस रणनीतिकारों का मानना है कि इनमें से चार राज्यों में कांग्रेस यदि पूरी ताकत और अन्य गैर भाजपा दलों से सही तालमेल कर लड़े तो सत्ता में वापस आ सकती है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी का पूरा फोकस इन चार राज्यों में पार्टी को वापस सत्ता में लाने का है।

कांग्रेस का मानना है कि पुडुचेरी में पार्टी अपने दम पर वापस सरकार बना लेगी। तमिलनाडु में टीम राहुल डीएम के साथ मिलकर चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी रणनीतिकार पी ़ चिदंबरम इन दिनों डीएमके नेता स्तालिन के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। असम में हालांकि तरूण गोगोई के निधन से पार्टी को भारी नुकसान हुआ है लेकिन टीम राहुल का मानना है कि गौरव गोगोई अपने पिता की कमी को पूरा करने में सक्षम हैं। जूनियर गोगोई राज्य में भाजपा की सहयोगी रही बोडोलैण्ड पीपुल्स फ्रंट को कांग्रेस संग मिलकर चुनाव लड़ाने के लिए जुटे हुए हैं। बदरूद्दीन अजमल की पार्टी संग भी कांग्रेस का तालमेल होने की खबर है।

केरल में कांग्रेस की स्थिति खासी मजबूत है। हालांकि भाजपा लगातार केरल में अपना जनाधार तैयार करने का प्रयास कर रही है, लेकिन राज्य में अभी तक उसे खास सफलता नहीं मिल सकी है। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से घिरी कम्युनिस्ट सरकार से जनता की नाराजगी के चलते यहां कांग्रेस की सत्ता में वापसी के प्रबल संकेत हैं। पश्चिम बंगाल में लेकिन पार्टी की हालत खासी पतली है। बंगाल कांग्रेस के नेता किसी भी सूरत में ममता बनर्जी संग तालमेल करने को राजी नहीं हैं। ऐसे में राहुल गांधी के सामने सीपीएम के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का विकल्प ही बचता है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी इसके चलते पुडुेचरी, असम, केरल और तमिलनाडु पर ज्यादा जोर लगा रहे हैं।

You may also like

MERA DDDD DDD DD