राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर 7 में से 6 सांसदों के टिकट काट दिए हैं। सिर्फ मनोज तिवारी को रिपीट किया गया है तो वहीं अब ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस मनोज तिवारी के खिलाफ ‘यूपी में का बा’ गाने वाली युवा लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से टिकट दे सकती है। चर्चा है कि कांग्रेस इस सीट से नेहा सिंह राठौर को प्रत्याशी बनाती है तो मुकाबला गायक बनाम गायक हो जाएगा। हालांकि अभी तक कांग्रेस ने अपने हिस्से की तीनों ही सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। गौरतलब है कि नेहा सिंह राठौर लोकगायिका हैं। वो जनता के मुद्दों पर गीत लिखती और गाती हैं। इस दौरान वो अपने गीतों के माध्यम से कई बार केंद्र सरकार और राज्य सरकारों को घेरती हुई दिखाई देती हैं। नेहा भोजपुरी में गीत लिखकर लोगों का मनोरंजन करती हैं और उनके मुद्दों को उठाती रहती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कोरोनाकाल में अपने गीतों के माध्यम से धूम मचाने वाली नेहा अब राजनीति में भी एंट्री कर सकती हैं। उनके कई लोकगीत मशहूर हुए हैं। इनमें बिहार में का ‘बा’ और इसी की तर्ज पर यूपी में का ‘बा’ गीत काफी मशहूर हुआ था। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार तो इस लोकगायिका से इस कदर नाराज हुई थी कि उनके खिलाफ मुकदमें तक दर्ज करा दिए गए थे।
राजनीति में एंट्री कर सकती हैं राठौर

