entertainment

वुमन पावर का है जमाना

 

महिलाओं को लम्बे समय तक फिल्म इंडस्ट्री में पुरुष-प्रधान मानसिकता का सामना करना पड़ा है। उन्हें कम मौके दिए जाते थे और उनके काम को उतनी गम्भीरता से नहीं लिया जाता था। लेकिन अब महिलाएं फिल्म निर्माण में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं और नई ऊंचाइयां छू रही हैं। हाल के वर्षों में महिला निर्देशकों और निर्माताओं की फिल्में न केवल व्यावसायिक रूप से सफल रही हैं, बल्कि उन्होंने सिनेमा की धारणा भी बदली है। फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की भागीदारी आगे और भी बढ़ेगी, जिससे सिनेमा अधिक विविधतापूर्ण और समावेशी बनेगा

सिनेमा की दुनिया में फिल्म निर्माण की कमान अब महिलाएं भी अपने हाथों में लेने लगी हैं। वर्तमान में कई चर्चित अभिनेत्रियों की बतौर फिल्म निर्माता कई फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। पहले फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की उपस्थिति मुख्य रूप से अभिनय तक सीमित थी, लेकिन अब वे निर्देशन, पटकथा लेखन, संपादन, सिनेमेटोग्राफी, निर्माण और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। भारतीय सिनेमा में महिला निर्देशन के क्षेत्र में मीरा नायर, जोया अख्तर, फराह खान, रीमा कागती, गौरी शिंदे और अपर्णा सेन जैसी निर्देशिकाओं ने अपनी पहचान बनाई है तो वहीं फिल्मों की कहानी और संवाद लिखने में जूही चतुर्वेदी ‘पीकू’, ‘विक्की डोनर’ और गजल धालीवाल ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ जैसी लेखिकाएं इस क्षेत्र में सफल रही हैं। निर्देशन और लेखन से आगे बढ़ अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने लगी हैं। गौरी खान और एकता कपूर तो पहले से ही फिल्म का निर्माण कर रही थीं, 2020 के बाद फिल्म निर्माण में महिलाओं की भूमिका आमद तेज हुई है। आइए जानते हैं इन महिला फिल्म निर्माताओं के बारें में।

गौरी खान: गौरी ने 2002 में अपने पति शाहरुख खान के साथ मिलकर ‘रेड चिलीज एंटरटेनमेंट’ की स्थापना की थी। यह बॉलीवुड के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस में से एक है और कई हिट फिल्मों को प्रोड्यूस कर चुका है। इस प्रोडक्शन हाउस ने ‘मैं हूं ना’, ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘बदला’, ‘जवान’ जैसी हिट फिल्में प्रोड्यूस की हैं।

एकता कपूर: एकता ने 2001 में अपने प्रोडक्शन हाउस ‘बालाजी मोशन पिक्चर्स’ की शुरुआत की, जो उनकी कम्पनी ‘बालाजी टेलीफिल्म्स’ का एक हिस्सा है। इस कम्पनी के बैनर तले प्रमुख फिल्में रिलीज हुई हैं ‘लव सेक्स और धोखा’, ‘वंस अपॉन ए टाइम इन मुम्बई’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘रागिनी एमएमएस’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘वीरे दी वेडिंग’, ‘ड्रीम गर्ल- और ‘ड्रीम गर्ल-2’। एकता कपूर ने ‘एएलटी बालाजी’ नामक एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया, जो वेबसीरीज और ओरिजिनल कंटेंट बनाता है। वह कंटेंट के मामले में काफी इनोवेटिव हैं और नए एक्सपेरिमेंट करने के लिए जानी जाती हैं।

 

प्रियंका चोपड़ा: बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री हैं प्रियंका चोपड़ा। इन्होंने बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी काम किया है। प्रियंका ने साल 2015 में ‘पर्पल पेबल पिक्चर्स प्रोडक्शन हाउस’ की शुरुआत की थी। अभी तक इस प्रोडक्शन हाउस के अंदर कई फिल्में तैयार की जा चुकी हैं। इस लिस्ट में मराठी, बंगाली, पंजाबी और भोजपुरी भाषा की फिल्में भी शामिल हैं। दीपिका पादुकोण: साल 2018 में ‘के.ए. एंटरटेनमेंट’ नाम से दीपिका पादुकोण ने एक प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की। इसके बैनर तले उन्होंने ‘छपाक’ (2020) का निर्माण किया था। यह फिल्म एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल की कहानी पर आधारित है जिसमें दीपिका ने मुख्य भूमिका निभाई और इसे प्रोड्यूस भी किया। इसके अतिरिक्त, दीपिका अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत ‘द इंटर्न’ के हिंदी रीमेक का निर्माण भी कर रही हैं, जिसमें वह अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगी।

आलिया भट्ट: आलिया ने 2021 में अपने प्रोडक्शन हाउस ‘इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस’ की शुरुआत की। इस बैनर के तहत उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘डार्लिंग्स’ (2022) प्रोड्यूस की, जिसमें वह खुद भी मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनी थी और इसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था। ‘इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस’ के तहत आलिया मुख्य रूप से यूनिक और कंटेंट-ड्रिवन कहानियों पर ध्यान देना चाहती हैं।

 

तापसी पन्नू: 2021 में तापसी पन्नू ने प्रोडक्शन हाउस ‘आउटसाइडर्स फिल्म्स’ की शुरुआत की। इस प्रोडक्शन हाउस को उन्होंने प्रांजल खंढड़िया के साथ मिलकर लॉन्च किया, जो लम्बे समय से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं। इस बैनर के तहत बनी पहली फिल्म ‘ब्लर’ थी, जो 2022 में रिलीज हुई थी। यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें तापसी पन्नू ने मुख्य भूमिका निभाई थी। ‘आउटसाइडर्स फिल्म्स’ के जरिए तापसी ऐसी फिल्मों को प्रोड्यूस करना चाहती हैं जो नई और प्रभावशाली हों। पत्रलेखा: फिल्म निर्माता के तौर पर राजकुमार राव की पत्नी पत्रलेखा फिल्म ‘टोस्टर’ के जरिए बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा अहम् भूमिका में हैं। कृति सेनन: कीर्ति सेनन ने 2023 में अपने प्रोडक्शन हाउस ‘ब्लू बटरफ्लाई फिल्म्स’ की शुरुआत की। इस बैनर के तहत बनी पहली फिल्म ‘दो पत्ती’ है, जिसमें कीर्ति सेनन और काजोल मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया है।

कंगना रनौत: कंगना रनौत ने 2020 में ‘मणिकर्णिका फिल्म्स’ प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की। इस बैनर के तहत बनी पहली फिल्म ‘टीकू वेड्स शेरू’ थी, जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अवनीत कौर मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म 2023 में अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। कंगना ने अपने प्रोडक्शन हाउस का नाम अपनी 2019 की फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ से प्रेरित होकर रखा है। वह इस बैनर के तहत कंटेंट-ड्रिवन और सशक्त कहानियों को प्रमोट करना चाहती हैं। करीना कपूर: करीना कपूर खान ने 2021 में ‘बीईबो फिल्म्स’ प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की। करीना कपूर द्वारा निर्मित पहली फिल्म ‘द बकिंघम मर्डर्स’ है, जिसमें करीना कपूर खुद मुख्य भूमिका में हैं। यह एक मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन हंसल मेहता ने किया है और इसे 2023 में बीएफआई लंदन फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था। करीना इस प्रोडक्शन हाउस के जरिए दमदार और इंटेंस कहानियों को प्रोड्यूस करना चाहती हैं।

किरण राव: 2023 में किरण राव ने प्रोडक्शन हाउस ‘किंडलिंग प्रोडक्शंस’ की शुरुआत की। इस बैनर के तहत बनी पहली फिल्म ‘लापता लेडीज’ है जिसका निर्देशन खुद किरण राव ने किया है। इस फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस और जियो स्टूडियोज के सहयोग से बनाया गया है। किरण राव इससे पहले ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ से जुड़ी थीं और ‘धोबी घाट’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकी हैं। उनका प्रोडक्शन हाउस सामाजिक मुद्दों और यूनिक कहानियों पर फोकस करता है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD