भारतीय क्रिकेट का आगामी घरेलू सीजन केवल मैदान पर होने वाली प्रतियोगिता का नाम नहीं है, बल्कि यह उस निरंतर यात्रा का हिस्सा है जिसमें भारत एक क्रिकेट महाशक्ति के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करता है। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों के खिलाफ मुकाबले न केवल रोमांचक होंगे, बल्कि क्रिकेट प्रशंसकों को नए सितारों के उदय और टीम इंडिया की रणनीतिक गहराई को सामने लाने का काम भी करेगा
भारत में क्रिकेट केवल खेल नहीं, जनभावनाओं का उत्सव है। जब भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर उतरती है, तो यह न केवल खिलाड़ियों के लिए आत्मविश्वास का स्रोत होता है, बल्कि देशवासियों के लिए गर्व का क्षण भी होता है। 2025 का घरेलू सीजन, जो अक्टूबर से दिसम्बर तक चलेगा, दो बड़ी टीमों – वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगा। पहला टेस्ट 2-6 अक्टूबर, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद तो दूसरा टेस्ट 10-14 अक्टूबर, ईडन गार्डंस, कोलकाता में खेला जाएगा। इतिहास में झांके तो भारत और वेस्टइंडीज के बीच क्रिकेट सम्बंधों की शुरुआत 1948 से हुई थी। लम्बे समय तक वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा, खासकर 70 और 80 के दशक में जब उनके पास गाॅर्डन ग्रीनिज, विव रिचर्ड्स, माइकल होल्डिंग और एंडी राॅबर्ट्स जैसे दिग्गज थे।

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज 2018 में 2-0 से जीती थी। वर्ष 2022 में भारत ने वेस्टइंडीज को उनके घर में 1-0 से हराया (एक मैच ड्राॅ)। कुल मिलाकर, भारत ने अब वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना दबदबा स्थापित कर लिया है।
घरेलू रिकाॅर्ड
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में खेले गए 47 टेस्ट में से 14 जीते हैं जबकि 30 ड्राॅ रहे और केवल 3 में हार मिली। इससे भारत की घरेलू श्रेष्ठता स्पष्ट होती है।
नवम्बर-दिसम्बर 2025 : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑल – फाॅर्मेट श्रृंखला
पहला टेस्ट : 14-18 नवम्बर को अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली तो दूसरा टेस्ट 22-26 नवम्बर को बारसापारा स्टेडियम, गुवाहाटी में खेला जाएगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट मुकाबले पहली बार 1992 में हुए। उस समय दक्षिण अफ्रीका ने रंगभेद के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। भारत ने घरेलू मैदानों पर दक्षिण अफ्रीका को अब तक खेले गए 20 में से 12 टेस्ट में हराया है। 2019 की सीरीज में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया था। विराट कोहली की कप्तानी में उस सीरीज में भारत ने सबसे बड़ी जीत (एक पारी और 202 रन से) दर्ज की थी।
चुनौती और प्रतिस्पर्धा
दक्षिण अफ्रीका हमेशा एक संगठित और मजबूत टीम रही है, खासकर अपने तेज गेंदबाजों के कारण। लेकिन भारतीय स्पिन अटैक (अश्विन- जडेजा) ने हमेशा उन्हें यहां संघर्ष करने पर मजबूर किया है।
वनडे और टी-20 सीरीज (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ)
30 नवम्बर को रांची, 3 दिसम्बर को रायपुर, 6 दिसम्बर को विशाखापटनम में आयोजित होगी।
वनडे में प्रदर्शन

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मुकाबलों का इतिहास प्रतिस्पर्धा से भरा रहा है। भारत ने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए 30 में से 17 वनडे जीते हैं। 2022 में भारत ने घरेलू सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
टी-20 कार्यक्रम
9 से 19 दिसम्बर के बीच 5 मुकाबले कटक, लखनऊ, धर्मशाला, अहमदाबाद और मुल्लांपुर में होंगे। टी-20 प्रारूप में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच काफी करीबी मुकाबले हुए हैं। भारत ने घर में खेले गए 11 में से 6 मैच जीते हैं। दक्षिण अफ्रीका का रिकाॅर्ड भारत में टी-20 के लिहाज से बेहतर रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में भारत ने बढ़त बनाई है।
टीम संयोजन और संभावनाएं
टेस्ट में : रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा सितारे जैसे यशस्वी जायसवाल और मोहम्मद सिराज अहम भूमिका निभाएंगे।
वनडे-टी-20 में: सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी भारत की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सीजन का महत्व
यह सीजन वल्र्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-2027 का हिस्सा है, इसलिए हर टेस्ट मैच की अहमियत होगी।
भारत को आईसीसी वनडे और टी-20 रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलेगा। युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का यह बेहतरीन मंच होगा।