चमकती रोशनी, रेड कारपेट और कैमरों की मुस्कान के पीछे फिल्मी दुनिया में रिश्तों का एक दूसरा चेहरा भी है, जहां दोस्ती अचानक दुश्मनी में बदल जाती है। कभी अहंकार, कभी प्रतिस्पर्धा और कभी निजी रिश्तों की उलझनें बाॅलीवुड के कई बड़े सितारों को आमने-सामने खड़ा कर चुकी हैं। इन झगड़ों ने न केवल सुर्खियां बटोरीं बल्कि इंडस्ट्री की राजनीति और स्टारडम के असली रंग भी उजागर किए। फिल्मी दुनिया को अक्सर दोस्ती और सहयोग का मंच माना जाता है लेकिन यहां प्रतिस्पर्धा भी उतनी ही तीखी होती है। जब दो बड़े सितारे एक ही समय में लोकप्रियता के शिखर पर होते हैं तो उनके बीच तुलना और प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक रूप से पैदा हो जाती है। यही प्रतिस्पर्धा कई बार व्यक्तिगत टकराव में बदल जाती है
बॉलीवुड का इतिहास ऐसे कई किस्सों से भरा है जहां रिश्तों की शुरुआत दोस्ती से हुई लेकिन समय के साथ वही सम्बंध विवाद में बदल गए।
शाहरुख-सलमान : पार्टी से शुरू हुआ सबसे चर्चित विवाद
कहा जाता है कि उस रात की तीखी बहस के बाद दोनों ने वर्षों तक एक-दूसरे से दूरी बनाए रखी। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी वे एक-दूसरे से बचते दिखाई देते थे। यह विवाद मीडिया में लम्बे समय तक चर्चा का विषय बना रहा। बाद के वर्षों में दोनों के बीच सुलह हुई लेकिन यह घटना बाॅलीवुड के इतिहास में सबसे चर्चित झगड़ों में गिनी जाती है।
शाहरुख-आमिर : बयान से पैदा हुई दूरी
आमिर खान और शाहरुख खान के बीच भी समय-समय पर तनाव की खबरें सामने आती रही हैं। आमिर खान के एक ब्लाॅग पोस्ट ने कभी बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था, जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में ‘शाहरुख’ नाम के कुत्ते का जिक्र किया था।
हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि यह केवल हास्य था लेकिन उस समय यह टिप्पणी काफी चर्चा में रही। दोनों कलाकारों ने बाद में कई मौकों पर एक-दूसरे के प्रति सम्मान व्यक्त किया, फिर भी उनके बीच प्रतिस्पर्धा की चर्चा अक्सर होती रही है।
अमिताभ बच्चन-शत्रुघ्न सिन्हा : अहंकार की टकराहट
पुराने दौर में भी ऐसे कई विवाद हुए थे। अमिताभ बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा के बीच तनाव की चर्चा लम्बे समय तक रही। दोनों कलाकार कई फिल्मों में साथ काम कर चुके थे लेकिन लोकप्रियता और स्क्रीन स्पेस को लेकर मतभेद की बातें सामने आईं। शत्रुघ्न सिन्हा ने बाद में अपने इंटरव्यू में भी यह स्वीकार किया कि उनके और अमिताभ के बीच प्रतिस्पर्धा का माहौल था।
दीपिका-कैटरीना : रिश्तों की छाया
दीपिका पादुकोण और कटरीना कैफ के बीच भी एक समय दूरी की चर्चा रही। इसका कारण अभिनेता रणबीर कपूर से जुड़े निजी रिश्तों को माना गया। हालांकि बाद में समय के साथ दोनों अभिनेत्रियों के बीच सम्बंध सामान्य हो गए और उन्होंने सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के प्रति सकारात्मक भाव भी व्यक्त किए।
करीना-बिपाशा : सेट पर हुई बहस
अभिनेत्रियों के बीच भी कई चर्चित विवाद हुए हैं। करीना कपूर और बिपाशा बसु के बीच एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई बहस ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई थी जिसके बाद लम्बे समय तक दोनों ने एक-दूसरे के साथ काम नहीं किया।
कंगना और करण : नेपोटिज्म की बहस
हाल के वर्षों में कंगना रनौत और करण जौहर के बीच नेपोटिज्म को लेकर हुई बहस भी काफी चर्चा में रही। कंगना ने एक टीवी शो में करण जौहर को ‘नेपोटिज्म का झंडाबरदार’’ कहा था, जिसके बाद यह मुद्दा पूरे फिल्म उद्योग में बहस का विषय बन गया। इस विवाद ने बॉलीवुड की आंतरिक राजनीति पर भी रोशनी डाली।
गोविंदा-डेविड धवन : हिट जोड़ी का टूटना
एक समय था जब गोविंदा और निर्देशक डेविड धवन की जोड़ी बाॅलीवुड की सबसे सफल जोड़ी मानी जाती थी। दोनों ने मिलकर कई सुपरहिट काॅमेडी फिल्में दीं लेकिन समय के साथ दोनों के बीच दूरी बढ़ गई। गोविंदा ने कई इंटरव्यू में कहा कि उन्हें लगा कि उनके साथ न्याय नहीं हुआ। इस मतभेद ने बॉलीवुड की एक मशहूर साझेदारी को समाप्त कर दिया।
सलमान-विवेक : निजी रिश्ते से शुरू हुआ विवाद
सलमान खान और विवेक ओबेरॉय के बीच हुआ विवाद भी लम्बे समय तक सुर्खियों में रहा। यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब विवेक ओबेरॉय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान पर गम्भीर आरोप लगाए। इस घटना के बाद दोनों कलाकारों के बीच सम्बंध बेहद तनावपूर्ण हो गए। इस विवाद का असर विवेक ओबेराॅय के करियर पर भी पड़ा, ऐसा अक्सर कहा जाता है।
सोशल मीडिया ने बढ़ाई तीव्रता
पहले फिल्मी विवाद केवल गाॅसिप काॅलम तक सीमित रहते थे लेकिन अब सोशल मीडिया के दौर में यह तुरंत राष्ट्रीय चर्चा बन जाते हैं। फैंस भी अपने पसंदीदा सितारे के समर्थन में खुलकर सामने आते हैं और कई बार यह बहस डिजिटल युद्ध का रूप ले लेती है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि बाॅलीवुड के ये झगड़े केवल व्यक्तिगत विवाद नहीं होते बल्कि वे उस उद्योग की प्रतिस्पर्धा, अहंकार और भावनात्मक जटिलताओं को भी उजागर करते हैं। दोस्ती से दुश्मनी तक का यह सफर कभी अचानक शुरू होता है और कभी धीरे-धीरे गहराता है। लेकिन एक बात निश्चित है, फिल्मी दुनिया के ये विवाद हमेशा दर्शकों की जिज्ञासा का विषय बने रहते हैं और ग्लैमर की दुनिया के पीछे छिपी वास्तविकता की झलक भी दिखाते हैं।

