कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के मना करने के बाद भी विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लेने वाली रायबरेली की विधायक अदिति सिंह को अब अपने ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने पार्टी विधायक को 2 अक्टूबर को विशेष सत्र में शामिल होने के कारण नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। उन्हें अगले दो दिन में पार्टी द्वारा जारी की गई नोटिस का जवाब देना है। गौरतलब है कि पार्टी ने विशेष सत्र का बहिष्कार किया था।

शुक्रवार को पार्टी के ही कार्यकर्ताओं ने रायबरेली में उनके खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने विधायक से इस्तीफे की मांग की है। बताते चलें कि विधायक ने न सिर्फ उस सत्र में भागीदारी की बल्कि वहां भाषण भी दिया। इस सत्र का सभी विपक्षी दलों ने विरोध किया था।

