झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में विधानसभा की 20 सीटों पर आज मतदान जारी है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किये गए आंकड़ों के अनुसार, 11 बजे तक लगभग 28.51 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है। साथ ही सुबह नौ बजे तक 12 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है। मतदान केन्द्रो पर महिलाओं की लंबी – लंबी कतार देखने को मिल रही है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए चुनाव आयोग द्वारा पर्याप्त सुरक्षा बल और मतदानकर्मियों की तैनाती की गई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम सीटों पर सुबह 7 से शाम 5 बजे तक और अन्य सीटों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इन 20 सीटों में से 16 अनुसूचित जनजाति और एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से अनुरोध किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मदद करें।
इसी बीच झारखंड के गुमला में सिसई विधानसभा के एक पोलिंग बूथ पर फायरिंग की खबर है। सिसई के बीडीओ की गाड़ी पर फायरिंग की गई है। सिसई में बूथ नंबर 36 पर आरपीएफ की टीम तैनात कर दी गई है। एडीजीपी मुरारी लाल मीणा ने कहा कि कुछ लोगों ने रैपिड एक्शन फाॅर्स के जवानों से उनका हथियार छीनने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर जवान को फायरिंग करनी पड़ी। इस कोशिश में एक शख्स को गोली लग गई है।

