entertainment

नागरिकता कानून पर बेबाक बॉलीवुड

बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियां दुखी हैं कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे छात्रों के साथ पुलिस बर्बरता कर रही है

 

देश में इन दिनों‘नागरिकता संशोधन कानून’ के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। अब देश की राजधानी दिल्ली में भी जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। बॉलीवुड हमेशा से राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाना जाता है। ऐसे में बॉलीवुड की हस्तियां भला कैसे चुप बैठ सकती हैं। दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से लेकर सीलमपुर और देश के अन्य हिस्सों में हो रहे विरोध- प्रदर्शन और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर भी बॉलीवुड की हस्तियों ने बड़ी बेबाकी से अपनी राय जाहिर की है।

सबसे पहले बात करते हैं मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर महेश भट्ट की जो राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें महेश भट्ट नागरिकता संशोधन कानून को खारिज किए जाने की मांग करते दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने अपने ट्विटर पर एक तस्वीर भी शेयर की जिसमें वह मुंबई स्थित बीआर अम्बेडकर के घर के बाहर कुछ पॉलीटिशियन के साथ खड़े होकर इसके बारे में लोगों को बता रहे हैं। उन्होंने इस तस्वीर के साथ संविधान के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए लिखा है कि ‘हम संकल्प लेते हैं कि हम भारत के संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा रखते हैं। इसे एक धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक देश बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें भारत की विविधता पर गर्व है। हम सभी नागरिकों को उनकी जाति, धर्म, भाषा और सांस्कøतिक विश्वासों से निरपेक्ष रखते हुए उन्हें समानता देने का संकल्प करते हैं। और मैं ऐसे किसी भी कदम का विरोध करता हूं जो हमारे स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को कम करता है।’ हम इस विधेयक का विरोध करते हैं और अगर यह कानून बन जाता है तो हम इसे लागू किए जाने का विरोध करेंगे।

हर मुद्दे पर मुखर रहने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर अपने ट्वीटर हैंडल से दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में हुई हिंसा और टियर गैस की पुलिसिया कार्रवाई को लेकर आश्चर्यचकित हैं कि आखिर छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों हो रहा है? हॉस्टल में क्यों टियर गैस का इस्तेमाल किया जा रहा है? ये सब क्या हो रहा है? दिल्ली पुलिस की कार्रवाई शर्मनाक और हैरान करने वाली है।

 

स्वरा भास्कर के अलावा ‘जॉली एलएलबी 2’ की अभिनेत्री सयानी गुप्ता ने भी बॉलीवुड सितारों की पीएम मोदी के साथ तस्वीर सोशल मीडिया में शेयर करते हुए अपील की है कि जामिया और एएमयू के छात्रों की तरफ से मोदी को मैसेज करें और पुलिस कार्रवाई पर विरोध जताएं।

जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों के प्रदर्शन और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर अब अभिनेत्री तापसी पन्नू की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने ट्वीट कर सवाल उठाया है कि यह शुरुआत है या अंत। जो भी हो, यह निश्चित रूप से देश में नए नियम गढ़े जाने की शुरुआत है और जो लोग इसमें फिट नहीं बैठते हैं वे बहुत अच्छी तरह से परिणाम देख सकते हैं। यह वीडियो दिल और उम्मीदों को तोड़ देता है। अपरिवर्तनीय क्षति और मैं सिर्फ जीवन और संपत्ति के बारे में बात नहीं कर रही हूं।

इस मुद्दे को लेकर बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट तहसीन पूनावाला ने भी जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों का साथ देने की बात कही। उन्होंने कहा आपको किसी भी तरह से कानूनी, मेडिकल और खाने की जरूरत हो, मेरा दिल खुला है, आप मुझे डायरेक्ट मैसेज कर सकते हैं। हम शांतिपूर्ण तरीके से नागरिकता संशोधन कानून पर विरोध को जारी रखेंगे और हम इस सरकार को खुद को बांटने नहीं देंगे। तहसीन पूनावाला की राय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है और लोग उस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।

जामिया के छात्रों के समर्थन में अपना गुस्सा जाहिर करती हुई मैदान में उतरीं आलिया भट्ट। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना की फोटो सोशल मीडिया में पोस्ट की जो खूब वायरल हो रही है। अपने इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा कि छात्रों से कुछ सीखो।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जामिया के बाद अब पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में भी जमकर बवाल हुआ। इसको लेकर बॉलीवुड अभिनेता जीशान अय्यूब ने अपील की है कि सीलमपुर के दोस्तों से मेरी दरख्वास्त है, हथियार न उठाएं। हिंसा का रास्ता न अपनाएं। इससे किसी का भला नहीं होने वाला है। ऐसा कर आप उसे ही पूरा कर रहे हैं जो वो चाहते हैं।

अभिनेत्री से लोकसभा सांसद बनने वाली नुसरत जहां भी इस कानून का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कोलकाता शहर के बीचों-बीच स्थित रेड रोड से विरोध मार्च शुरू किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद थीं। नागरिकता संशोधन कानून और शांतिपूर्वक विरोध-प्रदर्शन करने को लेकर उन्होंने एक ट्वीट किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। नुसरत ने अपने ट्विटर हैंडल से लिखा, लोकसभा में नागरिकता संशोधन बिल के विपक्ष में वोट देने के बाद, मैंने सीएए और एनआरसी के खिलाफ अपनी नेता के साथ सड़कों पर शांतिपूर्ण विरोध में हिस्सा लिया। मैंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और कानून का पालन करने की अपील की है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD