कांग्रेस के लिए कर्नाटक से एक और अच्छी खबर आई है। बेंगलुरु की जयनगर विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को करीब चार हजार वोट से हराया। इस जीत के साथ ही कर्नाटक में कांग्रेस के 80 विधायक हो गए हैं। वोटों की गिनती शुरू होते ही कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त बना लिया। यह बढ़त अंत तक रहा।
इस सीट पर 11 जून को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के मुताबिक, जयनगर के कुल 216 पोलिंग बूथों पर 55 फीसद मतदान दर्ज किया गया था।
बता दें, इस सीट से चुनाव लड़ रहे बीजेपी के नेता और मौजूदा विधायक बीएन विजय कुमार का मतदान से कुछ दिन पहले ही निधन हो गया था। इसकी वजह से मतदान स्थगित कर दिया था। इसी बीच कर्नाटक में एमएलसी चुनाव का नतीजा भी आ गया है। इसमें बीजेपी को 3, जेडीएस को 2 और कांग्रेस को 1 सीट मिली है।
जयनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने सिद्धारमैया सरकार में गृह मंत्री रहे रामालिंगा रेड्डी की बेटी सौम्या रेड्डी को उतारा। सौम्य के पक्ष में जेडीएस ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। वहीं, बीजेपी ने अपने दिवंगत विधायक बीएन विजयकुमार के भाई बीएन प्रहलाद को टिकट दिया था।
कर्नाटक में चुनाव से ठीक पहले 4 मई को बीजेपी उम्मीदवार बीएन विजय कुमार की चुनाव प्रचार के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। दरसअल हर दिन की तरह 3 मई को भी विजयकुमार अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार के लिए निकले थे। प्रचार के दौरान देर शाम 59 साल के विजयकुमार अचानक गिर गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जयदेव इंस्टीट्यूट आॅफ कार्डियोलाॅजी में कुछ घंटों तक डाॅक्टरों ने उनका इलाज किया। लेकिन उन्हें बचाया न जा सका। बीएन विजय कुमार जयानगर विधानसभा सीट से दो बार के विधायक रहे थे।

