उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है। किम यो ने दक्षिण कोरिया से सटी सीमा से सरकार विरोधी पर्चे भेजे जाने पर शनिवार को नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारी ये पर्चे बलून में भरकर भेज रहे हैं। किम यो ने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया अपने प्रदर्शनकारियों को ऐसा करने से नहीं रोकता है तो मेरी सेना कार्रवाई करेगी।
किम यो ने कहा कि मैंने सुप्रीम लीडर, मेरी पार्टी और सरकार से मुझे मिले अधिकारों का इस्तेमाल किया है और सेना को कार्रवाई करने को कहा है। अब अगली कार्रवाई पर फैसला सेना प्रमुख लेंगे। यह दक्षिण कोरिया को काफी महंगा पड़ेगा।
पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है। उत्तर कोरिया ने मंगलवार को दक्षिण कोरिया से सभी तरह का संपर्क बंद करने का ऐलान किया था। उत्तर कोरिया ने कहा था कि हम दक्षिण कोरिया से जुड़ी हॉटलाइन समेत सभी कम्युनिकेशन लाइनें बंद कर रहे हैं। वो अब हमारा दुश्मन देश है। दक्षिण कोरिया हमारे खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाने वालों को नहीं रोक पाया।
7 जून से लेकर अब तक उत्तर कोरिया में 5 लाख बलून छोड़े गए हैं। इनमें किम जोंग उन की ओर से दी जाने वाली परमाणु हमले की आलोचना करने वाले पर्चे होते हैं। इसके अलावा, इनमें उत्तर कोरिया में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन पर सवाल उठाए जाते हैं। उत्तर कोरिया ने इस पर कई बार आपत्ति जताई है। वहीं, दक्षिण कोरिया का दावा है कि वह पर्चे भेजने वाले प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई कर रहा है।

