सीरिया के सैन्य अधिकारियों के मुताबिक देश की राजधानी दमिश्क के दक्षिणी हिस्सों पर इजराइली सेना ने सोमवार 31 अगस्त की रात को मिसाइलें दागी हैं। बचाव में सीरिया ने भी गोलीबारी की।
सीरिया के सरकारी टीवी चैनल ने के मुताबिक सीरिया के इजराइल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स में रात को लड़ाकू विमानों द्वारा हमले किए गए। ये हवाई हमले स्थानीय समयानुसार रात 11 बजे के करीब हुए। दमिश्क के निवासियों ने बताया है कि उन्होंने शहर के दक्षिणी हिस्सों से जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी हैं। ब्रिटेन स्थित ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने कहा कि सीरिया ने जवाबी कार्रवाई में हवाई हमले किए।
समझा जा रहा है कि इजराइल ने सीरिया में ईरानी सैनिकों को निशाना बनाकर ये हमले किए हैं। पिछले केवल तीन महीनों में सीरिया ने कम से कम आठ बार इजराइल पर उसके क्षेत्र में हमला करने का आरोप लगाया है। हवाई हमले की आखिरी खबर 20 जुलाई को आई थी। करीब एक दशक से चले आ रहे गृहयुद्ध में ईरान, सीरियाई सरकार का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है।

