फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत महाराष्ट्र के बाद अब देश की राजनीति में भी बहस का विषय बन चुकी है। संसद में उनके एक ट्वीट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने राज्यसभा में नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘जिन लोगों ने फिल्म इंडस्ट्री से नाम कमाया, वे इसे गटर बता रहे हैं। मैं इससे बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं। सरकार से अपील करती हूं कि वो ऐसे लोगों से कहे कि इस तरह की भाषा का प्रयोग न करें। उन्होंने आगे कहा कि ‘जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं।’ जया ने कहा कि बॉलीबुड हर दिन पांच लाख लोगों को सीधे तौर पर रोजगार देता है। ऐसे समय में जब देश की अर्थव्यवस्था बेहद बुरे दौर से गुजर रही हो और लोगों का ध्यान हटाने के लिए बॉलीबुड को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है।
इस बीच संसद में जया बच्चन के बयान पर कंगना की प्रतिक्रिया भी आ गई है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “जया जी कृपया आप तब भी यही कहतीं अगर मेरी जगह पर आपकी बेटी को टीनएज में पीटा गया होता, ड्रग्स दिए गए होते और शोषण होता। कृपया आप तब भी यही कहतीं अगर अभिषेक लगातार बुलीइंग और शोषण की बात करते और एक दिन फांसी से झूलते पाए जाते? थोड़ी हमदर्दी हमसे भी दिखाइए।

दरअसल 26 अगस्त की शाम एक ट्वीट में कंगना ने प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए एक ट्वीट कर लिखा था, “अगर नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो बॉलीबुड की जांच करता है तो पहलीं पंक्ति के कई सितारे सलाखों के पीछे होंगे। अगर ब्लड टेस्ट हुए तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आएंगी । उम्मीद है कि प्रधानमंत्री जी स्वच्छ भारत मिशन के तहत बॉलीबुड जैसे गटर को साफ करेंगे।

जया बच्चन ने राज्यसभा में कहा कि “मनोरंजन इंडस्ट्री में कई ऐसे लोग हैं जो सबसे ज्यादा टैक्स जमा करते हैं।

इसके बावजूद उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। हमारी इंडस्ट्री से कई वादे किए जाते हैं लेकिन पूरे नहीं होते। सरकार को बॉलीबुड के साथ खड़ा होना चाहिए क्योंकि यह इंडस्ट्री हर बार सरकार की मदद के लिए आगे आती है।और मुझे लगता है कि यह बेहद अहम है कि सरकार इस इंडस्ट्री का साथ दे, सिर्फ इसलिए उसकी हत्या नहीं करे क्योंकि कुछ लोग बुरे हैं। आप पूरी इंडस्ट्री की इमेज खराब नहीं कर सकते। यह इंडस्ट्री अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को सम्मान दिलाती है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा, “मैं कल बेहद शर्मिंदा हुई जब लोकसभा में हमारे एक सदस्य ने, जो कि इंडस्ट्री से ही हैं, इंडस्ट्री के खिलाफ बोला। यह शर्मनाक है। जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। गलत बात है।

दरससल कल 14 सितंबर को बीजेपी सांसद रवि किशन ने लोकसभा में बॉलीबुड के ड्रग्स कनेक्शन पर बयान कहा था कि हमारे फिल्म उद्योग में ड्रग्स की पैठ हो चुकी है। रवि के अनुसार, पाकिस्तान एवं चीन से मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है तथा यह देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद करने की साजिश है।