उत्तर प्रदेश के बलिया में कल 15 अक्टूबर को अफसरों के सामने हत्या की वारदात से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप है। आरोप है कि एसडीएम और सीओ के सामने बीजेपी नेता धीरेंद्र सिंह ने एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। डीआईजी ने दावा किया था कि रात तक आरोपी को पकड़ लेंगे , लेकिन अभी पुलिस के हाथ खाली हैं। उधर गाजीपुर में भी लूट और हत्या की वारदात से गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कल का दिन बलिया और गाजीपुर दोनों ही जिलों के अफसरों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। एक तरफ जहां कोटा आवंटन में गोलीबारी के दौरान बलिया में सरेआम अफसरों की मौजूदगी में हत्या की वारदात हुई। वहीं गाजीपुर में बदमाशों ने सरेराह एक युवक को गोली मारी और बाइक लेकर फरार हो गए। दोनों मामलों में एक भी आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया उससे कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
बलिया में कोटे के आवंटन को लेकर बुलाई गई खुली बैठक में एक शख्स की हत्या के मामले में अब नए खुलासे हो रहे हैं। मामले में फरार मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह के बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह का करीबी होने की बात सामने आई है। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह द्वारा बीजेपी कार्यकर्ता और आरोपी धीरेंद्र सिंह को मिठाई खिलाते एक तस्वीर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, दबंग धीरेंद्र सिंह बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह का दाहिना हाथ है। ख़बरों के मुताबिक धीरेंद्र सिंह पहले भी कई बार अधिकारियों से अभद्रता कर चुका है। वह आर्मी से रिटायर बताया जाता है।
डीआईजी ने दावा किया कि सभी नामजद आरोपियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि खुली पंचायत में मौजूद अफसरों के खिलाफ शासन ने कार्रवाई की है।
दूसरी तरफ गाजीपुर में बदमाशों ने साढ़े तीन लाख की नकदी लूट ली। भागते वक्त रास्ते में बाइक खराब हुई तो एक अन्य राहगीर लड़के की बाइक छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मारी और बाइक छीनकर फरार हो गए। । मौके पर बदमाश अपनी बाइक भी छोड़ गए। यह घटना थाना बरेसर के परसा-तिराहीपुर मार्ग की है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। देर रात डीएम-एसपी पहुंचे तब कहीं जाकर जाम खत्म हुआ।

