लॉकडाउन में स्कूल बंद होने के बाद बहुत से अध्यापकों ने ऑनलाइन पढ़ाई चालू रख अपना फर्ज निभाया। लेकिन वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक स्कूल लॉकडाउन के चलते जब बंद हुआ तो उसके मैनेजर ने स्कूल को अवैध हथियारों की फैक्ट्री बना डाला।
इस स्कूल में अवैध तमंचा सहित कई तरह के हथियार बनाए जाने लगे। पिछले कई महीनों से यह धंधा चल रहा था। पुलिस को पता चलते ही जब छापा मारा गया तो भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए। इसके साथ ही अवैध हथियार बना रहे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि मौके से स्कूल का मैनेजर भागने में कामयाब रहा।
यह मामला मुरादाबाद जिले के थाना डिलारी के नाखनूका गांव स्थित आनंद पब्लिक स्कूल का है। जहां अवैध हथियार बनाने का धंधा महीनों से चल रहा था। अवैध हथियार बना रहे मुकेश, प्रशांत जयपाल और राजाराम को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि स्कूल मैनेजर धर्मानंद सहित दो अभियुक्त मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस ने स्कूल से दो तमंचा 315 बोर के, 2 तमंचे 12 बोर के,19 यमंचे 315 बोर के अधबने, 28 नाल सहित खोखा कारतूस 315 बोर के सामान के साथ ही भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

