जापान की तर्ज पर भारत में शुरू हुई मेट्रो ट्रेन अब नया इतिहास रचने जा रही है। आज से दो दिन बाद मेट्रो ऐसा काम करने जा रही है जिसके बारे में कई वर्षो से योजनाए बनाई जा रही थी। इसके अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में एक ऐसी पहली मेट्रो ट्रेन दौड़ने जा रही है जिसमें कोई ड्राइवर नहीं होगा। मतलब यह कि इस मेट्रो की ड्राइविंग सीट खली होगी।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन बाद हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन पर यात्रा के लिए फुली ऑपरेशनल नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड भी लॉन्च करेंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।
ड्राइवर के बिना चलने वाली यह मेट्रो ट्रेन दिल्ली में जनकपुरी वेस्ट को नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से जोड़ेगी। इसकी दूरी करीब 37 किलोमीटर है। याद रहे कि दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत 25 दिसंबर 2002 से हुई थी। तब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शाहदरा से तीस हजारी तक 8.2 किलोमीटर लंबे पहले रेल मार्ग का उद्घाटन किया था, जिसमें 6 स्टेशन थे। जबकि राजधानी दिल्ली में अब 242 स्टेशनों के साथ 10 लाइनें हैं। एक सर्वे के अनुसार हर दिन दिल्ली मेट्रो में औसतन 26 लाख से अधिक लोग सफर करते हैं।

