Country

वाहन चोर निकला पंजाब पुलिस का कांस्टेबल ,चोरी की आठ मोटर साइकिलें बरामद 

जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो फिर लोग कहां जांएं । पुलिस के कंधों पर जनता की हिफाजत का जिम्मा होता है। लेकिन अगर पुलिस ही जनता का शोषण करने लगे और  सामान चोरी करने लगे तो फिर  जनता क्या करेगी।  ऐसा ही एक ताजा मामला पंजाब के मोगा जिले से सामने आया है। जहां एक पुलिस कांस्टेबल की शर्मनाक करतूत ने खाकी को शर्मसार कर दिया है, वहां तैनात पुलिस का एक कांस्टेबल वाहन चोर निकला।  जिसके कब्जे से चोरी की करीब आठ मोटरसाइकिलें  बरामद की गई हैं।

मामला मोगा के कस्बा बाघापुराना का है।  जहां पुलिस ने दबिश देकर अपने महकमे के एक सिपाही  को उसके साथी सहित गिरफ्तार किया है।  बाघापुराना के डीएसपी जसबिंदर सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा  कि आरोपी का नाम गुरबिंदर सिंह उर्फ गोरा है।  वो पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है।  मौजूदा समय में वह एआरपी टीम फरीदकोट में तैनात था।

डीएसपी ने कहा  कि वो नशा करने का आदी है।  वह अधिकतर अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर भी रहता था।  कॉन्स्टेबल गुरबिंदर सिंह और उसके साथी गुरप्रीत सिंह गोपी के खिलाफ बीते 11 दिसंबर को मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में आईपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया गया था।  जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर गुरप्रीत सिंह गोपी को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन कांस्टेबल गुरबिंदर सिंह को अब गिरफ्तार किया गया है।  डीएसपी जसबिंदर सिंह ने बताया कि उक्त कांस्टेबल के खिलाफ जिला फरीदकोट के थाना सिटी में भी मोटरसाइकिल चोरी करने का मामला दर्ज है। अब विभाग की ओर से उक्त कांस्टेबल को डिसमिस करने की कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।

You may also like