कोरोना बीमारी का इलाज का कोर्स यू तो 21 दिन का बताया जाता है, लेकिन चिकित्सीय देखभाल में यह रोग लगभग 14 दिन में ठीक हो जाता है। लेकिन चौकाने वाली बात यह है कि राजस्थान के भरतपुर में एक महिला पिछले पांच महीने से कोरोना संक्रमित है।
भरतपुर के अपना घर नाम के आश्रम में रह रही 30 साल की शारदा देवी के अब तक 31 टेस्ट पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें 17 आरटी – पीसीआर और 14 रैपिड एंटी कोरोजन टेस्ट शामिल हैं। उन्हें एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक दवाइयां दी जा चुकी हैं, लेकिन कोरोना है कि उससे दूर जाने का नाम नहीं लेता।
इस बीच दिलचस्प बात यह है कि कोरोना रिपोर्ट लगातार पॉजिटिव आने के बावजूद शारदा देवी खुद को स्वस्थ महसूस करती हैं। दिनभर के अपने सार काम वे खुद ही करती हैं। उनका वजन भी इस दौरान 8 किलो बढ़ गया है। डॉक्टरों के लिए शारदा देवी का केस अजूबा बना हुआ है।
शारदा देवी पांच महीने से दो कमरों के एक विशेष आइसोलेशन रूम में जेल जैसी जिंदगी काटने को मजबूर हैं। आश्रम के अध्यक्ष डॉ. बीएम भारद्वाज ने कहा, ‘शारदा को बझेरा गांव से यहां लाया गया था। तब उनकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। वे आश्रम की पहली काेरोना पॉजिटिव थीं। उनका पहला टेस्ट 28 अगस्त 2020 को किया गया था।

