Country

भारत में नहीं रुक रहे रेल हादसे;

 

भारत में रेल हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी ओडिसा में हुए रेल हादसे से उभर भी नहीं पाए थे कि बिहार में कल रात एक और रेल हादसे में 5-6 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में लगभग 60-70 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। दिल्ली से पटना होकर कामाख्या जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने से डाउन लाइन की पटरियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ऐसे में दिल्ली से पीछे आ रही ट्रेनों को दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से डायवर्ट किया जा रहा है।

 

नई दिल्ली के आनंद विहार होते हुए कामाख्या जा रही नॉर्थ एक्सप्रेस 11 अक्टूबर 2023 की रात डीडीयू जंक्शन-पटना रेल मार्ग पर यह हादसा हुआ। बक्सर के रस्ते रघुनाथपुर पूर्वी गुमटी के पास यह रेल अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन की एक बोगी पलट गई जबकि छह पटरी से उतर गई। जिला प्रशासन ने 60 से 70 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। घटनास्थल पर राहत कार्य में लगे लोगों ने 5 लोगों की मौत की बात कही है। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने भी इन मौतों की पुष्टि की है। इधर, इस भीषण हादसे के बाद डाउन लाइन की कई ट्रेनें प्रभावित हो गई हैं। इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों को रोक दिया गया है वहीं कई ट्रेनों रूट बदलकर परिचालन किया जा रहा है। वहीं कुछ जनशताब्दी रेलों को कैंसिल कर दिया गया है।

रेलवे ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त

देश की राजधानी से राज्य की राजधानी की ओर आने वाली रेल लाइन को डाउन लाइन कहा जाता है। इसी लाइन पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के बाद बिहार होकर पूर्वोत्तर की ओर जाती है। इस हादसे के बाद डाउन लाइन रेलवे ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। तकनीकी टीम पहुंच रही है। मौके पर मौजूद रेलकर्मियों ने बताया कि डाउन लाइन की तत्काल ऐसी हालत नहीं कि इससे कोई ट्रेन को आज रात में गुजरने दिया जाए। इनकी मरम्मत होना बेहद जरूरी है।

रेलवे की टीम दीन दयाल उपाध्याय की ओर से आने वाली कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर डीडीयू-सासराम-आरा और डीडीयू-गया-पटना रूट से भेजा जा रहा है। संभावना है कि रेलवे विभूति एक्सप्रेस, गुवाहाटी-राजधानी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस और पंजाब मेल समेत आधा दर्जन ट्रेनों का रूट बदलकर भेजी जाएँगी।

डाउन लाइन में ट्रेनें

हादसे के बाद दिलदारनगर में सीमांचल एक्सप्रेस, दरौली में मेमो पैसेंजर, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस धीना में खड़ी हो गई। इसके अलावा पुणे दानापुर, बाबा बैधनाथ एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें डीडीयू जंक्शन पर हैं। दिलदारनगर सेक्शन के यातायात निरीक्षक संजय प्रसाद ने बताया कि बिहार के रघुनाथपुर स्टेशन पर नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के डिरेल होने से डाउन लाइन में ट्रेनें हैं। ट्रैक क्लियर होने के बाद ही परिचालन शुरु होगा।

ट्रेनों को चलाने की तैयारी

वहीं लाइन ब्लॉक होने से अप पुणे दानापुर एक्सप्रेस, बाबा वैद्यनाथ एक्सप्रेस, अप चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, डाउन विक्रमशीला एक्सप्रेस, डाउन पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, भगत क़ी कोठी कामाख्या एक्सप्रेस, बीकानेर गुवाहाटी एक्सप्रेस, डिब्रुगढ़ राजधानी एक्सप्रेस अप, डाउन तेजस एक्सप्रेस और पूर्वां एक्सप्रेस सहित अप और डाउन की कई ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गई हैं। रेलवे प्रशासन ट्रेनों को दूसरे रूट से चलाने की तैयारी में जुट गया है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD