महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने पिछले हफ्ते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। इस मौके पर उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे, शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा भी मौजूद रहे। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी में शामिल हो सकती है। इसका महत्व तब और बढ़ गया जब ‘आप’ ने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की मुंबई अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने बीते 5 अगस्त को कहा था कि ‘आप’ इंडिया गठबंधन का एक मजबूत हिस्सा है। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए बनाया गया था और उसमें हमारी जीत भी हुई थी, लेकिन महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एक अलग विषय है और इसे स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जाएगा। एमवीए में वर्तमान में शिवसेना (यूटीबी), शरद पवार की (एनसीपी) और कांग्रेस शामिल है। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि उद्धव ठाकरे ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है। इस संदर्भ में उनकी और सुनीता केजरीवाल की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्धव ठाकरे और आम आदमी पार्टी के बीच बढ़ती नजदीकियां इस ओर इशारा करती हैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी के समीकरण में बदलाव सम्भव है।
एमवीए का हिस्सा बनेंगी ‘आप’!

