कोरोना संक्रमण के चलते पूरे देश को 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। लॉकडाउन होने की वजह से सारे छोटे-बड़े उद्योग बंद हैं। इसका सबसे बुरा असर दिहाड़ी मजदूरों को हो रही है। वे सड़क पर आ गए हैं। न रहने की जगह है न खाने की। लाखों दिहाड़ी मजदूरों को कोरोना का भय नहीं बल्कि कैसे ये 21 दिन में अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करे इसका डर सता रहा है। यातायात के सभी साधन बंद होने के बावजूद वे पैदल ही अपने घरों के लिए निकल पड़े हैं। इस दौरान कभी भूख से तो कहीं ट्रक की मार ने इनकी जान तक ले रही है। फिर भी ये अपने घरों की तरफ बढ़ रहे हैं।
ठीक ऐसे ही हालात फिल्म इंडस्ट्री के दिहाड़ी मजदूरों का भी है। लॉकडाउन की वजह से इंडस्ट्री के करीब 5 लाख से ज्यादा दिहाड़ी मजदूर घर बैठ गए हैं। उनकी आय के साधन बंद हो गए हैं। इनमें से कइयों की हालत बेहद खराब होती जा रही है। ऐसे हालात में सुपर स्टार सलमान खान ने मदद का हाथ बढ़ाया है। सलमान ने अपने एनजीओ ‘Being Human’ के जरिए मजदूरों की तत्काल मदद का फरमान सुनाया हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों के संगठन एफडब्ल्यूआईसीई के अध्यक्ष बी एन तिवारी ने बताया कि उनके संगठन के पास कुल 5 लाख मजदूर हैं। इनमें से 25000 की हालत बहुत खराब थी। उन्हें तत्काल मदद की जरूरत थी जिसका अब सलमान खान ने जिम्मेदारी उठा ली है। उन्होंने ये भी बताया कि हमारे पास 4,75,000 मजदूर और हैं। ये लोग अभी एक महीने तक अपना काम चला सकते हैं। हालांकि हमने उनके लिए भी राशन एकत्र करना शुरू कर दिया है, लेकिन उन तक पहुंचाने की समस्या आ रही है। लेकिन फिलहाल अब इनका काम चल जाएगा।
तिवारी ने बताया कि सलमान खान ने अपने NGO ‘ being Human’ के जरिए उनके संगठन से संपर्क किया और मजदूरों की मदद का भरोसा दिया। तिवारी ने बताया कि सलमान खान की ओर से तीन दिन पहले कॉल आया था। उन्होंने हमसे उन 25000 मजदूरों की अकाउंट डिटेल्स ली है, जिन्हें तत्काल आर्थिक मदद की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा है कि इन लोगों के बैंक खाते की डिटेल जल्द से जल्द दें। वो चाहते हैं कि इन लोगों के बैंक खाते में सीधे पैसा पहुंचे। उन्होंने ये भी कहा है कि सभी मजदूरों की जिम्मेदारी उनकी है।
आपको बता दें कि बीएन तिवारी ने मजदूरों की परेशानी देखकर इंडस्ट्री के अन्य कई सेलेब्रिटीज कोपत्र लिखकर मदद की अपील की थी। उनका कहना है कि अभी तक उन्हें कोई खास जवाब नहीं मिला है। अभी तक बड़े नामोंं में सिर्फ सलमान खान ही आगे आए हैं। उनके अलावा एक प्रोड्यूसर महावीर जैन ने भी खाने और जरूरी समान की मदद करने की बात कही है।
वहीं FWICE के जनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे ने कहा, “सलमान खान फिल्म्स की सीईओ शमीरा नाम्बियार ने चंद दिनों पहले दिहाड़ी मजदूरों की मदद को लेकर फेडरेशन को फोन किया था। मैंने उन्हें बताया कि यूं तो फेडरेशन कर साथ विभिन्न विधाओं से संबंधित पांच लाख वर्कर जुड़े हुए हैं, मगर दिहाड़ी मजदूरों की संख्या तकरीबन 25000 है। इसके बाद हमें तीन दिन बाद फिर से फोन आया और उन्होंने 25000 दिहाड़ी मज़दूरों के बैंक खातों को लेकर जानकारी मांगी, जो हमने उन्हें भेज दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि मजदूरों के खाते में कितना आर्थिक सहायता मिली है इसकी कोई जानकारी नहीं है।”
अशोक दुबे ने ये भी कहा कि सलमान के चैरिटी संगठन ‘Being Human’ फेडरेशन के मजदूरों के स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ख्याल रखती है है। पिछले दो साल में संगठन की तरफ से फेडरेशन को तकरीबन डेढ़ करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। दो दिन पहले भी सलमान खान ने सभी मजदूरों और उनके परिवार की दैनिक जरुरतों का खर्च उठाने की बात कही थी। उन्होंने कई एसोसिएशंस से कहा है कि ऐसे समय में वो ऐसे वक्त में पैसों और खाने के सामान को लेकर किसी भी तरह के हिसाब में न फंसे, इसका सारा भुगतान उनकी तरफ से किया जाएगा। साथ ही सलमान ने एसोसिएशन से ये भी कहा कि वो उनके इस कदम की कोई भी जानकारी मीडिया को न दें। क्योंकि वे किसी पब्लिसिटी के लिए चैरिटी करने में यकीन नहीं रखते। सलमान का ये कदम फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे मजदूरों की लिए जीने की आस है। बता दें कि पिछले हफ्ते करन जोहर, तापसी पन्नू, आय़ुष्मान खुराना, कियारा आडवाणी, राकुल प्रीत, सिद्धार्थ मल्होत्रा, नितेश तिवारी, एकता कपूर भी मदद के लिए आगे आए। सभी से मदद करने की अपील भी की थी।