जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाद शाहीन बाग में शनिवार को लगभग 5 बजे एक व्यक्ति ने खुलेआम गोलीबारी कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसने हवा में दो गोलियां चलाईं। इसके बाद उसे स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कपिल दिल्ली के दल्लूपुरा का रहने वाला है। बताया जा रहा है जब वह फायरिंग कर रहा था तब पुलिस घटनास्थल पर ही मौजूद थी।
#WATCH Delhi: Man who had fired bullets in Shaheen Bagh area being taken away from the spot by police. pic.twitter.com/lenDhRcWGD
— ANI (@ANI) February 1, 2020
हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार, शख्स की पहचान कपिल गुज्जर के रूप में की गई है। पुलिस जब उस व्यक्ति को पुलिस वैन तक लेकर जा रही थी तभी का एक वीडियो सामने आया है जहां व्यक्ति ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए कह रहा है, “इस देश में केवल हिंदुओं की चलेगी। हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदू की चलेगी।”
पुलिस को युवक ने बताया कि वह 12वीं क्लास का ड्रॉपआउट है और किसी भी संगठन से नहीं जुड़ा है। उसने बताया कि वह शाहीन बाग में कई दिनों से चल रहे धरना प्रदर्शन से नाराज था। उसने ये भी कबूल किया है कि प्रदर्शनकारियों को महज डराने के लिए उसने हवा में फायरिंग की।
पुलिस उससे जानने की कोशिश कर रही है कि हथियार उसने कहां से खरीदी था। उसने फायरिंग करने के लिए देसी कट्टे का इस्तेमाल किया। इस घटना पर डीसीपी चिनमय बिस्वाल ने बताया कि एक शख्स ने हवा में फायरिंग की। पुलिस ने तत्काल उसे दौड़ाया और भाग रहे शख्स को पकड़ लिया। उसे हिरासत में लिया गया है।
बता दें कि 30 जनवरी को जामिया मिलिया इस्लामिया के पास छात्र प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोपाल नाम के एक युवक ने गोली चला दी थी। जिसमें जामिया का एक शादाब नाम का छात्र घायल हो गया था। बाद में गोपाल को नाबालिग पुलिस ने पकड़ लिया था और उसे 14 दिन की हिरासत में भेज दिया गया था।