टीवी के मोस्ट कंट्रोवर्सियल शो बिग बॉस 12 ने दस्तक दे दी है। पहले ही दिन शो के कंटेस्टेंट पर विवाद भी शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर कंटेस्टेंट को खूब ट्रोल किया जा रहा है। अब जैसे-जैसे यह शो आगे बढ़ेगा कंट्रोवर्सी भी बढ़ती जाएगी। वैसे सीजन 11 की सफलता के बाद से दर्शकों को अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार था। पहली बार बिग बॉस 1 महीने पहले यानी 16 सितंबर को ऑनएयर हो गया। शो को पिछले सीजन से ज्यादा एंटरटेनिंग बनाने के लिए मेकर्स ने शो में कई सारे बदलाव किए हैं। शो में कंटेस्टेंट को जोड़ों में लाया गया है। हालांकि कुछ अकेले कंटेस्टेंट भी हैं।

इस पॉपुलर रिऐलिटी शो में शामिल होने वाले कन्टेस्टेंट्स हमेशा चर्चा में रहते हैं। हर सीजन में ऐसा ही रहा है। शो के पहले दिन यानी बिग बॉस के घर में एंट्री के दिन सबसे ज्यादा चर्चा मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा की हुई। उन्होंने पहले ही दिन तहलका मचा दिया है। उन्होंने खुलासा किया कि वह खुद से 37 साल छोटी अपनी शिष्या जसलीन मथारू के साथ रिलेशनशिप में हैं। इस खुलासे के बाद लोग अनूप जलोटा और जसलीन को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे।

जब भजन गायक अनूप जलोटा ने यह खुलासा बिग बॉस में किया तब इस बात पर शो के होस्ट सलमान खान भी विश्वास नहीं कर सके। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर मजे लेना शुरू कर दिया और कुछ मजाकिया मीम्स बनाने लगे। इसके अलावा लोगों ने अनूप जलोटा और उनकी गर्लफ्रेंड जसलीन को ट्रोल करना भी शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने अनूप जलोटा और जसलीन की जोड़ी की तुलना प्रियंका चोपड़ा- निक जोनस और मिलिंद सोमण-अंकिता कुंवर से भी करना शुरू कर दिया। बता दें कि उम्र में अंतर को लेकर लोग पहले भी प्रियंका-निक और मिलिंद-अंकिता को ट्रोल कर चुके हैं।

अनूप जलोटा ने भजन ‘ऐसी लागी लगन’ गाते हुए स्टेज पर एंट्री ली। इसके बाद एक वीडियो प्ले किया गया जिसमें वह अपनी शिष्या जसलीन मथारू के साथ नजर आए। उसी वीडियो में दोनों ने दुनिया को अपने रिश्ते के बारे में बताया। अनूप जलोटा ने खुलकर दुनिया के सामने अपने प्यार का राज खोला। इस बारे में जसलीन ने यह भी कहा कि अक्सर उन्हें छुप-छुप कर एक-दूसरे से मिलना पड़ता है। शो के पहले ही टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में जसलीन ने बताया था कि वह और अनूप जलोटा पिछले 3 साल से रिलेशनशिप में हैं। हालांकि, इस बारे में अभी उनके माता-पिता को भी पता नहीं है। जसलीन की उम्र 28 साल है। वहीं अनूप जलोटा करीब 65 साल के हैं।
जसलीन का कहना है कि उम्र की वजह से दोनों के बीच कभी कोई समस्या नहीं हुई। जसलीन भी पेशे से सिंगर हैं। वह अनूप की शिष्या भी रही हैं। इस जोड़े ने गुरू-शिष्य परंपरा को प्रेम में बदलने वाला एक और उदाहरण पेश किया है। इसके पहले भी अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों इस परंपरा को मुहब्बत नाम देकर सुर्खियां बटोरी। जो भी हो यह कंट्रोवर्सियल शो अपनी पहचान को बरकरार रखते हुए आगे बढ़ रहा है। जिस अनूप जलोटा की छवि बेदाग रही है जो कभी किसी विवाद में नहीं रहे उन्होंने बिग बॉस की चौखट पर पहुंचते ही सुर्खियां बटोर ली।

इससे पहले वह इन बातों को हमेशा अफवाह बताते आए थे। पर बिग बॉस के चौखट पर पहुंचते ही अफवाह को ही गलत बता दिया। घर में इस जोड़ी पर दर्शकों की खास नजर रहेगी। देखने वाली बात यह होगी कि यह जोड़ी शो में कितने आगे तक पहुंचती है। सूत्रों के हवाले से खबर यह भी आई है कि बिग बॉस के इस सीजन पर सबसे महंगे कंटेस्टेंट यही जोड़ी है। इन्हें 45 लाख रुपए हर सप्ताह मिलेंगे।

इस सीजन को पहले के सीजन से बिल्कुल अलग अंदाज में तैयार किया गया है। पहली बार इस शो में कंटेस्टेंट जोड़ियों आई हैं। शो में सिर्फ कपल्स जोड़ियां ही नहीं, बल्कि मां-बेटा, भाई- बहन, सास-बहू, मामा-भांजे जैसी कई जोड़ियां दिखने की संभावना थी। पर कपल्स के अलावा बहन-बहन, किसान-व्यवसायी, वकील-पुलिस, आदि की जोड़ी बनकर बिग बॉस के घर में कदम रखा है। पिछले सीजन की तरह ही इस बार भी मुकाबला सिर्फ सिलेब्रिटी के बीच नहीं, बल्कि कॉमनर्स के साथ भी है। इस बार भी जहां कई बड़े नाम कंटेस्टेंट के रूप में हिस्सा ले रहे हैं, वहीं कॉमनर्स की जोड़ी इन्हें कड़ी टक्कर देने को तैयार है। सिलेब्रिटी के बारे में तो सभी जानते हैं। इसलिए यहां कॉमनर्स की बात करते हैं।

कॉमनर्स की पहली जोड़ी रोमिल चौधरी और निर्मल सिंह की है। इन दोनों ने कॉमनर जोड़ी बनकर घर में एंट्री ली है। ये दोनों ही हरियाणा के रहने वाले हैं। रोमिल पेशे से वकील हैं तो वहीं निर्मल पुलिसकर्मी हैं। वकील और पुलिस में कभी नहीं पटती पर यहां इन दोनों को जोड़ी में लाया गया है। अब देखना होगा कि यह जोड़ी शो में एंटरटेनमेंट का कितना तड़का लगाने में कामयाब होती है।

दूसरी जोड़ी शिवाशीष मिश्रा और सौरभ पटेल की है। दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। शिवाशीष किसान हैं तो वहीं सौरभ पेशे से बिजनसमैन हैं। किसान और व्यवसायी एक कैसे हो सकता है। पर बिग बॉस ने इन दोनों को एक जोड़ी में लेकर पर्दे पर आए हैं। दोनों की ही शो में एंट्री लेने की अलग-अलग वजह हैं।

सोमी खान और सबा खान जयपुर की रहने वाली हैं। दोनों बहनें हैं। बिग बॉस के घर में दूसरे कंटेस्टेंट से मुकाबला करने में इनका यह रिश्ता काफी काम आने वाला है। दोनों ही एक-दूसरे को पूरा सपोर्ट करेंगी और उन्हें यकीन है कि उनका यह टीम वर्क शो जीतने में काफी मदद करेगा।

इसमें ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के सिंगर दीपक ठाकुर भी शामिल हुए हैं। उनके साथ उनकी ही एक बड़ी फैन उर्वशी वानी जोड़ी जमाने आई हैं। ये दोनों कॉमनर जोड़ी के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। खबरों की मानें तो उर्वशी सिंगर दीपक की इतनी बड़ी फैन हैं कि वह उनसे मिलने के लिए एक बार घर से भाग गई थीं। बिग बॉस में उर्वशी, दीपक की फैन से गर्लफ्रेंड बनकर एंट्री की है। दीपक भोजपुरी सिंगर हैं, वहीं उर्वशी बिहार की नामी सिंगर के रूप में ख्यात हैं। सलमान खान की फैंस की ये जोड़ी बाकी कंटेस्टेंट पर भारी पड़ने वाले हैं।

रोशमी बनिक और कृति वर्मा उन कंटेस्टेंट में से हैं जिनका चुनाव सीधे ऑडियंस ने किया है। शो लॉन्च से पहले ही बिग बॉस के आउट हाउस में चार कॉमनर्स कंटेस्टेंट ने एंट्री ली थी। इनमें से रोशमी बनिक और मितल जोशी को लोगों ने ज्यादा पसंद किया और वह शो का हिस्सा बन गईं। बता दें कि पहले ही दिन मित्तल जोशी और सुरभि घर से बाहर हो गईं। दर्शकों ने रोशमी बानिक और कृति वर्मा को चुना। अब वे घर में अपनी किस्मत आजमाएंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like

MERA DDDD DDD DD