दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष ने कहा कि जो इस समय दिल्ली में हो रहा है वैसा ही दृश्य बंगाल में भी दिख सकता है। उनके इस बयान को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं। पूछा जा रहा है कि क्या बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या अन्य नेताओं के खिलाफ भी इस तरह की कार्रवाई हो सकती है, जिसे विपक्ष राजनीतिक विद्वेष और लोकतंत्र की हत्या बता रहा है। असल में भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के अट्टयक्ष सुकांत मजूमदार ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में भी राष्ट्रीय राजधानी जैसा दृश्य दिखाई दे सकता है। बकौल मजूमदार पिछले महीने, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। यह दिखाता है कि यदि आप भ्रष्टाचार में लिप्त हैं तो मुख्यमंत्री होने से आपको किसी तरह की छूट नहीं मिल जाती। पश्चिम बंगाल में भी पिछले कुछ सालों में भ्रष्टाचार के इस तरह के आरोप सामने आए हैं। तृणमूल कांग्रेस भी ‘आप’ की तरह ही भ्रष्ट है और इसलिए उन्हें भी अपने शीर्ष नेताओं की इसी तरह गिरफ्तारी का डर है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने निर्वाचन आयोग से मिलकर चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी पर कड़ी आपत्ति जताई गई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘‘मैं दिल्ली के निर्वाचित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती हूं।’’
क्या अब ममता की बारी है?
