Uttarakhand

मित्र पुलिस का नशे पर नियंत्रण

स्फैक्स कंपनी के पीछे 507 वर्ग फीट में अफीम की खेती

 

  •     एल.बी. रॉय

 

वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस अधिकारियों को अवैध नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद से ऊधमसिंह नगर पुलिस एक्शन में नजर आ रही है। पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है जो नशे के अवैध धंधे में लिप्त हैं। पिछले साल के छह महीनों की ही बात करें तो पुलिस ने इस दौरान ऊधमसिंह नगर से 2 करोड़ से अधिक के नशीले पदार्थों को बरामद कर लिया है। इससे अवैध नशे का कारोबार करने वाले तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। ताजा मामला बाजपुर और दिनेशपुर का है जहां पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में अफीम बरामद की है। यह अफीम अवैध रूप से खेती करके उगाई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार दिनेशपुर के ग्राम चण्डीपुर में स्फैक्स कंपनी के पीछे अफीम की खेती की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम स्फैक्स कंपनी की दीवार से लगते हुए एक खेत में पहुंची जहां पुलिस की टीम ने पाया कि करीब 507 वर्ग फीट भूमि में अफीम की खेती की जा रही थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह खेत प्यारे सिंह पुत्र गुरुताल सिंह का है। इस खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती परमजीत सिंह उर्फ पम्मा कर रहा था। खेत में अफीम के हरे पौधे फूल और फल सहित (डोडा पोस्त) करीब 76.8 किलोग्राम को नायब तहसीलदार रुद्रपुर की मौजूदगी में जब्त कर लिया गया। दिनेशपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत परमजीत उर्फ पम्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि इसकेे दो दिन पहले भी बाजपुर के कैलाखेड़ा में अवैध रूप से खेत में उगाई जा रही अफीम को भारी मात्रा में पुलिस ने बरामद किया था। बाजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को भी जेल भेजा है।

बीते वर्ष की ही बात करें तो ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने नशे पर नियंत्रण के लिए जमकर छापेमारी की जिसमें महज छह माह के दौरान ही चरस 13 किलोग्राम, डोडा 25 किलोग्राम, अफीम 13 किलोग्राम, स्मैक 1.6 किलोग्राम, गांजा 90 किलोग्राम, नशे की गोली 22206, नशे के कैप्सूल 8744 और नशे के
इंजेक्शन 2496 बरामद किए थे। इस दौरान पुलिस ने 2 करोड़ से अधिक की लागत के नशीले पदार्थों को जब्त किया था। यही नहीं बल्कि पुलिस की इस कार्रवाई में 193 तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया था। इसके साथ ही अवैध नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों की सम्पत्ति जब्त और ध्वस्त की गई थी। पिछले तीन वर्षों के आकड़ों पर गौर करें तो नशा तस्करों पर साल 2021 में 107, 2022 में 99 और 2023 में 236 मुकदमें दर्ज किए गए थे।

नशे का अवैध कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ हमारा अभियान जारी है। हम जिले की जनता से अपील करते हैं कि आपके घर के आस-पास चल रहे अवैध नशे के कारोबार की जानकारी स्थानीय पुलिस, जिला पुलिस और पुलिस के माध्यम से दे सकते हैं। हम उस पर कार्रवाई करेंगे, साथ ही जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर

 

You may also like

MERA DDDD DDD DD