मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को पिछले साल विधानसभा चुनाव में एक तरफा हार का सामना करना पड़ा था। इसका एक बड़ा कारण दलबदल के कारण पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट न रख पाना भी माना गया। इस हार के बाद कांग्रेस आलाकमान ने जीतू पटवारी को प्रदेश की बागडोर सौंपी थी। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रदेश कांग्रेस में कई बदलाव कर सकते हैं। गौरतलब है कि साल 2023 के आखिरी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ा लेकिन उनके नेतृत्व में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद कांग्रेस आलाकमान ने कमलनाथ को पद से हटाकर जीतू पटवारी को अध्यक्ष बनाया। लेकिन जीतू के अध्यक्ष बनते ही लोकसभा चुनाव सिर पर आ गए। इस दौरान जीतू पटवारी प्रदेश में अपनी तैयारी ठीक से नहीं बैठा पाए। अब वह इस काम को करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अटकलें हैं कि जीतू पटवारी कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का नए तरीके से गठन करने वाले हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार सबसे पहले जिला अध्यक्षों को बदला जाएगा। युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित पूरी कांग्रेस में जून महीने में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जीतू पटवारी पीसीसी के टीम के साथ ही महिला कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, एससी कांग्रेस, एसटी कांग्रेस और सभी विभागों, प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां करेंगे। मुख्य कार्यकारिणी के साथ ही अब फ्रंट ऑर्गेनाइजेशन और विभागों, प्रकोष्ठों में बदलाव किया जाएगा। पटवारी की नई टीम में 50 साल से कम उम्र के कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा। कहा जा रहा है कि कुछ युवा विधायकों को भी शामिल किया जा सकता है। वहीं कयास हैं कि बार-बार कांग्रेस छोड़कर जाने वाले और वापस कांग्रेस में आने वाले नेताओं को बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD