भारतीय जनता पार्टी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर निशाना बनाए हुए है। भाजपा का छोटा से बड़ा हर कोई नेता राहुल पर आरोप लगाने से नहीं चूक रहा है। इस बीच कल तीन अप्रैल को यूपी के बाराबंकी में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता व पूर्व सांसद विनय कटियार ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को चीन से फंडिंग हो रही है। उन्हें तो भारत में रहना ही नहीं चाहिए।
विनय कटियार ने कहा कि ‘इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेंगी। ममता बनर्जी के साथ उनकी पार्टी हारने वाली है।’ भाजपा नेता की कार से ईवीएम मिलने के मामले में विनय ने कहा कि उन्हें यह नहीं मालूम कि जिस कार से ईवीएम मिला है वह युवक भाजपा नेता है या कार्यकर्ता। इस पर अमित शाह ने पहले ही कह दिया था कि व्यक्ति जो भी हो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़े : राहुल गांधी में योग्यता व जुनून की कमी: बराक ओबामा
कटियार ने कहा कि वर्ष 2022 में एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। पिछली सरकारों में पंचवर्षीय योजना में एक पुल नहीं मिलता था। लेकिन भाजपा की सरकार में चार-चार पुलों के उद्घाटन हो रहे हैं। फोरलेन और सिक्सलेन बन रहा है। लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
विनय कटियार ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में नहीं आ पा रही है तो विलाप कर रही है। परेशान हो रही है। जब किसी के घर में मृत्यु हो जाती है तो उस घर की महिलाएं दो तीन दिन विलाप कर खत्म कर देती है। लेकिन कांग्रेस पूरी तरह विधवा पार्टी हो गई है। वो रोती जा रही है, विलाप करती जा रही है। उसे चुप कराने वाला कोई नहीं है।