Country

पर्यटन विकास का दावा करने वाली उत्तराखण्ड सरकार को नागलोक की सुध नहीं

पर्यटन विकास का दावा करने वाली उत्तराखण्ड सरकार को नागलोक की सुध नहीं

जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ के स्टेफर्ड पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा निकिता सर्दियों की छुट्टियों में घूमने के लिए जनपद के उन धार्मिक स्थलों का चुनाव करती है जो अभी तक पर्यटन मानचित्र में जगह नहीं बना पाए हैं। अपनी धार्मिक पर्यटन स्थलों की इस यात्रा में जब वह जनपद बागेश्वर के कमस्यार घाटी के विजयपुर की पहाड़ी में स्थित धौलीनाग मंदिर परिसर में पहुंचती है तो उसकी पहली स्वाभाविक प्रतिक्रिया यही होती है कि क्यों न यहीं बस जाया जाय। यानी ऐसा रमणीक व अपने में बांध देने वाला स्थल जहां से जाने का मन न करे, लेकिन दुर्भाग्य से यह स्थल उत्तराखण्ड के पर्यटन मानचित्र में स्थान नहीं बना पाया। न ही देशी-विदेशी पर्यटक ऐसे रमणीक स्थलों का दीदार कर पा रहे हैं। ये स्थल न सिर्फ धार्मिक आस्था के केंद्र हैं, बल्कि कई ऐतिहासिकताओं को भी अपने में समेटे हुए हैं। प्राकृतिक संपदा से भरपूर प्रकृति व धर्म आधारित पर्यटन की यहां व्यापक संभावनाएं हैं बशर्ते इन्हें विकसित कर यहां तक पर्यटकों की आवाजाही सुनिश्चित की जाए।

जनपद बागेश्वर के विजयपुर की पहाड़ी में स्थित धौलीनाग मंदिर जिसे धवलनाग, नागाधिराज एवं सफेदनाग के नाम से भी जाना जाता है। यह बड़ा ही रमणीक स्थल है, यहां नाग पंचमी के दिन प्रसिद्ध मेला लगता है। इस दिन स्थानीय धपोला, चंदोला, भूल जाति के लोग 22 हाथ लंबी चीड़ के छिलके की जलती मशाल के साथ मंदिर परिसर में पहुंचते हैं। धौलीनाग का यह मंदिर पोखरी, धपोलासेरा,  मिथनकोट, नाग कन्याल, खंतोली, भंडारीसेरा, ढपटी, कांडा, हथरसिया सहित 22 गावों में निवास करने वाले धपोला, चंदोला, धमी, राणा, पंत, पाण्डे, काण्डपाल, कन्याल आदि जाति के लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। पहाड़ी पर स्थित यह स्थल इतना रमणीक है कि यहां से लौटने का मन न करे। यहां नाग देवता की पूजा होती है।

बताया जाता है कि इस मंदिर की स्थापना 400 साल पूर्व की गई थी। इस विशाल मंदिर परिसर में गगनचुंबी विशाल बांज के बड़े पेड़ भी आकर्षण का केंद्र हैं। कहा जाता है कि बागेश्वर के कांडा-कमस्यार क्षेत्र में कभी नागों का आधिपत्य रहा था। आज भी बागेश्वर व पिथौरागढ़ जनपद में कई क्षेत्र नागों के नाम से जाने जाते हैं। धौलीनाग मंदिर के अलावा बागेश्वर जनपद के कमेड़ी देवी में फेणीनाग, धरमधर में हरिनाग मंदिर स्थित हैं। तल्ला कमस्यार स्थित भद्रकाली मंदिर के नीचे स्थित गुफा को नागों और नाग कन्याओं का उपासना स्थल माना जाता है। यहां नाग ईष्टदेव के रूप में पूजे जाते हैं। इसे प्रसिद्ध कालियानाग का मंदिर माना जाता है। भद्रकाली को वैष्णव स्वरूप में भी पूजा जाता है। इसकी महाकाली, महालक्ष्मी, महासरस्वती के रूप में भी पूजा होती है। कहा जाता है कि आदि गुरु शंकराचार्य भी यहां पधारे थे। यह बहुत प्राचीन मंदिर है।

वर्ष 330 में इस मंदिर का निर्माण होना बताया जाता है। यहां उपनयन संस्कार सहित कई तरह के धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न होते हैं। कहा यह भी जाता है कि शिव की जटाओं से भद्रकाली की उत्पत्ति हुई थी। नागों के वंशज भी भद्रकाली के उपासक बताये जाते हैं। पौराणिक काल के अनुसार जनपद के नाकुरी, पंगुरारू व कमस्यार क्षेत्र में नागों का निवास माना जाता है। जनपद पिथौरागढ़ के बेरीनाग में पिंगलनाथ, पांखू के पास बासुकीनाग, बेरीनाग में बेणीनाग, डीडीहाट में धु्रमीनाग, सुंदरीनाग, थल के समीप कालीनाग, ये ऐसे दुर्लभ स्थल हैं जहां पर पर्यटकों की आवाजाही बहुत कम है। न ही ये पर्यटन मानचित्र में स्थान बना पाए हैं और न ही इन स्थलों में पर्यटकों को पहुंचाने के प्रयास हो पाए हैं। इस क्षेत्र में नागों के ही नहीं देवी के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं। पांखू के पास मां भगवती का कोटगाड़ी मंदिर स्थित है। इसे न्याय की देवी कहा जाता है। जब कहीं से व्यक्ति को न्याय नहीं मिलता तो वह यहां न्याय की अर्जी लगा देता है।

पर्यटन विकास का दावा करने वाली उत्तराखण्ड सरकार को नागलोक की सुध नहीं

इसके अलावा चामुंडा मंदिर, शीतला देवी, छामादेवी, अंबिका देवी के साथ ही राईआगर के पास त्रिपुरा देवी का प्रसिद्ध मंदिर है। बनकोट क्षेत्र का हरसैम मंदिर जिसे स्थानीय लोगों ने आपसी सहभागिता से 32 लाख रुपये की लागत से दक्षिण भारतीय शैली में निर्मित कराया, अद्भुत स्थल है। बनकोट क्षेत्र में ही नवीं शदी में बना प्राचीन कोटली विष्णु मंदिर है। जिसे हाल में ही पुरातत्व विभाग ने राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा भी प्रदान किया है। देवराड़ी पंत स्थित वैष्णो मंदिर एवं पोखरी का नौलिंग, वैंजेंण क्षेत्र भी अद्भुत स्थल हैं। इसके अलावा कुनल्ता क्षेत्र तो प्राकøतिक दृष्टि से भरपूर है। हरे-भरे खेतों, पानी के सदाबहार स्रोतों के साथ ही सैम देवता व कुंडला देवी परिसर तो लोगों को वह शांति प्रदान करते हैं कि व्यक्ति फिर से अपने को तरोताजा महसूस करने लगता है। ये सभी लगभग एक ही दायरे में स्थित धार्मिक स्थल है।

अगर सरकार चाहे तो बागेश्वर व पिथौरागढ़ जनपद की सीमाओं पर स्थित इन अद्भुत स्थलों का आधारभूत ढांचा विकसित कर यहां तक पर्यटकों की आवाजाही सुनिश्चित कर सकती है। पास में ही गंगोलीहाट को गुफाओं की घाटी के रुप में भी विकसित किया जा सकता है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाए विद्यमान हैं जरुरत है तो इन्हें सिर्फ पंख लगाने की। इस तरह के स्थलों की बेहतर जानकारी रखने वाले रमेश न्यौलिया कहते हैं कि इतने रमणीक व मान्यता वाले स्थलों का पर्यटन मानचित्र से दूर रहना सरकार की पर्यटन नीति पर सवाल खड़े करता है। वैसे भी उत्तराखण्ड तभी पर्यटन प्रदेश बन सकता है जब नए स्थानों को विकसित किया जाए। कुछ तो ऐसे स्थल हैं जहां पर स्थानीय लोगों ने अपने बलबूते धार्मिक स्थलों को सजाया संवारा है। सरकार को सिर्फ सड़क, होटल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को आकार देकर इन पर्यटन स्थलों से लोगों को परिचित कराने की जरूरत है। इससे जहां सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी होती तो वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिलते। पर्यटकों की आवाजाही से क्षेत्र भी गुलजार रहता। यहां ऐसे- ऐसे स्थल हैं जो देशी- विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर खींचने में सक्षम हैं। आज पुराने जाने पहचाने स्थलों से बाहर निकल नए स्थलों के विकास व इसे प्रचारित किए जाने की जरूरत है।

विकसित नहीं हो पाई गुफा घाटी

पूरा गंगावली क्षेत्र गुफाओं के लिए प्रसिद्ध है। कई गुफाएं अस्तित्व में हैं तो कई गुफाएं अभी सामने नहीं आई। समय-समय पर खुदाई व सड़क निर्माण के दौरान गुफाएं निकल आती हैं। इन गुफाओं की संरचना अद्भुत होती है। गुफाओं में तमाम तरह की आकृत्तियां कौतूहल का विषय बनती हैं। तमाम देवताओं का आकार ली हुई ये गुफाएं लोगों को आस्थावान बनाने के लिए प्रेरित करती हैं। प्रसिद्ध हो चुकी पाताल भुवनेश्वर गुफा अद्भुत है। इस गुफा में उतरने के लिए 82 सीढ़ियां तय करनी पड़ती हैं। शेषनाथ का फन, शिव की जटाएं, हवनकुंड, कामधेनु गाय के थन से निकलता दूध, सप्तकुंड, टेढ़े मुंह वाला हंस, नंदी, आकाश गंगा, ब्राहा, विष्णु, महेश की मेमि, शिव जटा की आकृति हैं। स्कंद पुराण के मानस खंड में गंगावाली क्षेत्र के शैल शिखर में 21 गुफाओं का उल्लेख है। अभी भोलेश्वर, मुक्तेश्वर, डाणेश्वर, कोटेश्वर, शैलेश्वर, महेश्वर गुफाएं ही अस्तित्व में आ पाई हैं।

गुफाएं पर्यटन विकास की कड़ी साबित हो सकती हैं। हालांकि, पूर्व में अर्थ साइंस भू-विज्ञान मंत्रालय भारत सरकार ने गुफाओं पर शोध कार्य के साथ उन्हें चित्रित्रा करने की कोशिश की थी। माना जाता रहा है कि देश विदेश के पर्यटक गुफाओं को निहारने आएंगे तो इससे आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध होगा। उत्तराखण्ड की गुफाएं पर्यटन विकास में काफी फायदेमंद साबित हो सकती हैं। गुफाओं के अंदर के दृश्य लोगों को काफी कुछ सोचने के लिए विवश कर सकते हैं। कुमाऊ मंडल के जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट विकासखंड में स्थित गुफाओं को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की बातें तो हुई, लेकिन इस पर काम नहीं हो पाया।

गंगोलीहाट से बेरीनाग और मुनस्यारी को पर्यटन सर्किट से जुड़ना तो दूर की बात अकेले गंगोलीहाट में स्थित भोलेश्वर, कोटेश्वर, शैलेश्वर, मुक्तेश्वर, महेश्वर, डांडेश्वर जैसी गुफाओं तक पर्यटकों को पहुंचाने की व्यवस्था पर्यटन विभाग नहीं कर पाया। वर्ष 2005 में पिथौरागढ़ बेरीनाग, मुनस्यारी टूरिस्ट डेस्टीनेशन डेवलपमेंट योजना जिसका उद्घाटन तत्कालीन पर्यटन मंत्री जनरल टीपीएस रावत ने किया था वह भी सीमांत जनपद के पर्यटन को पंख नहीं लगा पाई। पूर्व में इसे गुफाओं की घाटी के रूप में विकसित करने की योजना भी बनी थी। इसके लिए बकायदा पूर्व में प्रशासन ने सर्वे भी किया था, इसके प्रस्ताव भी बने थे, लेकिन जैसा अक्सर होता आया है कि इसके लिए बजट नहीं मिल पाया। पाताल भुवनेश्वर तो पर्यटकों के लिए पंसदीदा जगह बनी लेकिन अन्य गुफाएं उपेक्षित ही रही।

-दिनेश पंत

You may also like

MERA DDDD DDD DD