sport

अमेरिका-ईरान जंगचौतरफा तनाव, खेल में ठहराव

अमेरिका-ईरान संघर्ष ने यह स्पष्ट कर दिया है कि खेल भी दुनिया की राजनीतिक हलचलों से अछूते नहीं रह सकते हैं। फुटबॉल से लेकर क्रिकेट और मोटर स्पोर्ट तक कई खेल आयोजनों पर इसका असर दिखाई दे रहा है। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं बल्कि देशों के बीच संवाद और एकता का माध्यम भी हैं। ऐसे समय में खेल संगठनों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए शांति और सहयोग का संदेश आगे बढ़ाएं। लेकिन फिलहाल मैदान के बाहर की राजनीति मैदान के अंदर की गतिविधियों को प्रभावित करती नजर आ रही है। यदि हालात जल्द सामान्य होते हैं तो खेल फिर से लोगों को जोड़ने का माध्यम बन सकते हैं


अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब खेल जगत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सुरक्षा चिंताओं, एयरस्पेस बंद होने और राजनीतिक अनिश्चितता ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की योजना और आयोजन पर प्रभाव डाला है। वैश्विक खेल आयोजन, जो देशों को जोड़ने का माध्यम माने जाते हैं वे भी भू-राजनीतिक संघर्ष की चपेट में आते दिखाई दे रहे हैं। इस भू-राजनीतिक तनाव में कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों को प्रभावित किया है। सबसे पहले बात करते हैं फीफा विश्व कप 2026 की।

 
संकट संकट में फीफा विश्व कप

इस युद्ध का सबसे बड़ा असर फीफा विश्वकप 2026 की तैयारियों को लेकर है जिसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से करने वाले हैं। मौजूदा तनाव के बीच ईरान की भागीदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ईरान एशिया की मजबूत फुटबाॅल टीमों में गिना जाता है। यदि राजनीतिक कारणों से उसकी भागीदारी प्रभावित होती है तो न केवल ग्रुप संरचना बदलेगी बल्कि खेल भावना पर भी प्रश्न उठेंगे।  वहीं एशियन फुटबाॅल संघ ने पश्चिम एशिया क्षेत्र के कुछ मैचों को सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया है। कतर और यूएई जैसे देशों में घरेलू लीग मुकाबलों पर भी असर पड़ा है तो फाॅर्मूला वन की लाॅजिस्टिक्स भी प्रभावित हुई है। एयरस्पेस बंद होने से टीमों और उपकरणों की आवाजाही में बाधा आई है। हालांकि फुटबॉल के लिए यह स्थिति नई नहीं है। अतीत में भी राजनीतिक टकरावों ने मैचों को प्रभावित किया है लेकिन विश्वकप जैसे वैश्विक आयोजन पर असर खेल जगत के लिए गम्भीर चुनौती मानी जा रही है।
 
टी-20 क्रिकेट विश्व कप और यात्रा संकट

क्रिकेट भी इस भू-राजनीतिक तनाव से अछूता नहीं रहा है। वर्तमान में भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जा रहा आईसीसी टी 20 विश्वकप के दौरान कई टीमों को यात्रा सम्बंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मध्य पूर्व के एयरस्पेस में अस्थिरता के कारण उड़ानों के मार्ग बदले गए। इससे खिलाड़ियों के अभ्यास सत्र, रिकवरी समय और वापसी कार्यक्रम प्रभावित हुए। जिसके कारण आईसीसी को वैकल्पिक फ्लाइट और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने पड़े। कुछ टीमों जिनमें जिम्बाब्वे जैसी उभरती टीमें भी शामिल रहीं उनकी वापसी में देरी हुई जिससे टूर्नामेंट शेड्यूल पर दबाव बढ़ा। यह स्थिति दर्शाती है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजन कितने हद तक वैश्विक स्थिरता और सुरक्षित परिवहन नेटवर्क पर निर्भर करते हैं।
 
फाॅर्मूला वन की चुनौती

मोटरस्पोर्ट खेलों में विशेषकर फाॅर्मूला वन पर भी असर पड़ा है। खाड़ी देशों में होने वाली रेसों के लिए भारी मात्रा में उपकरण, कारें और तकनीकी स्टाफ को हवाई मार्ग से ले जाया जाता है। एयरस्पेस बंद होने या रूट बदलने से रेस कैलेंडर प्रभावित हो सकता है। टीमों के लिए लागत बढ़ना भी एक बड़ा मुद्दा है। फाॅर्मूला वन पहले ही वैश्विक स्तर पर लाॅजिस्टिक दृष्टि से जटिल खेल है। ऐसे में भू-राजनीतिक तनाव ने इसकी संचालन प्रक्रिया को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
 
सुरक्षा और मानसिक प्रभाव
 
सिर्फ आयोजन और शेड्यूल ही नहीं बल्कि खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति भी प्रभावित होती है। जिन खिलाड़ियों के परिवार संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों के निकट हैं, उनकी चिंता स्वाभाविक है। सुरक्षा अलर्ट के कारण टीम होटल, प्रशिक्षण स्थल और स्टेडियमों में अतिरिक्त जांच बढ़ाई गई। कई बार खिलाड़ियों पर राजनीतिक बयान देने या न देने का दबाव भी बनता है। अंतरराष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले एथलीट अक्सर स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी के प्रतीक माने जाते हैं लेकिन तनाव की स्थिति में वही खिलाड़ी विवादों के केंद्र में आ जाते हैं।
 
दांव पर अरबों डॉलर

खेल उद्योग अरबों डाॅलर का वैश्विक बाजार है। ऐसे में अमेरिका ईरान युद्ध के चलते अरबों डाॅलर दांव पर हैं। किसी भी बड़े आयोजन पर अनिश्चितता का सीधा असर पड़ता है। इनमें टिकट बिक्री, प्रसारण अधिकार स्पाॅन्सरशिप अनुबंध पर्यटन और आतिथ्य उद्योग प्रमुख हैं। यदि मैच स्थगित होते हैं या कोई टीम भाग नहीं लेती है तो आयोजकों और प्रसारण कम्पनियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे प्रायोजकों की ब्रांड रणनीति भी प्रभावित होती है।
 
अलग नहीं खेल और राजनीति

इतिहास गवाह है कि खेल और राजनीति कभी पूरी तरह अलग नहीं रहे। ओलम्पिक बहिष्कार से लेकर द्विपक्षीय सीरीज रद्द होने तक कई उदाहरण मौजूद हैं। अमेरिका-ईरान तनाव ने फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि खेल वैश्विक कूटनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल आयोजन अक्सर संवाद का मंच बनते हैं लेकिन जब तनाव चरम पर हो तो वही मंच विवाद का केंद्र बन जाता है।
 
आगे की राह क्या

यदि तनाव कम होता है तो 2026 के प्रमुख खेल आयोजन सामान्य पटरी पर लौट सकते हैं लेकिन यदि हालात और बिगड़ते हैं तो टूर्नामेंट की मेजबानी, व्यवस्था में बदलाव, टीमों की भागीदारी पर पुनर्विचार, सुरक्षा बजट में भारी वृद्धि, शेड्यूल और ग्रुप संरचना में फेरबदल जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं। गौरतलब है कि बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरानी जनता से इस्लामिक नेतृत्व को उखाड़ फेंकने की अपील की। ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद वायु क्षेत्र बंद होने की वजह से कई देशों को अपना एयरस्पेस बंद करने या उस पर रोक लगाने पर मजबूर होना पड़ा है। एयर स्पेस बंद होने के कारण हजारों की संख्या में लोग एयरपोर्ट पर फंस गए वहीं इसका असर अब कई खेल और खिलाड़ियों पर भी दिखाई दे रहा है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD