sport

अय्यर या सूर्या, किसे मिलेगी कमान?

खेल जगत में इन दिनों आईपीएल 2026 अपने अंतिम पड़ाव में है वहीं आगामी टी-20 विश्वकप 2028 को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ जहां सूर्या कुमार यादव का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है और वे कई मुकाबलों में अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं जिससे उनकी फाॅर्म पर सवाल उठने लगे हैं। दूसरी ओर श्रेयस अय्यर ने दबाव भरे मैचों में जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को कई महत्वपूर्ण जीत दिलाई। उनकी निरंतरता, मैच फिनिश करने की क्षमता और शांत नेतृत्व शैली ने उन्हें इस सीजन के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है। अय्यर के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भारतीय टी-20 टीम के सम्भावित कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या सूर्या से टी-20 की अगुवाई छीनी जा सकती है? क्या आईपीएल प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी? क्या अंतरराष्ट्रीय अनुभव ज्यादा महत्वपूर्ण है? अय्यर या सूर्या, किसे मिलेगी कमान जैसे कई प्रश्न सुर्खियों हैं

भारतीय खेल जगत में इन दिनों एक ओर जहां इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अपने अंतिम पड़ाव में है वहीं दूसरी तरफ आगामी टी-20 विश्वकप 2028 को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खासकर टीम की अगुवाई को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में नए टीम लीडर के नाम पर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में एक तरफ जहां सूर्या कुमार यादव का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया, वहीं श्रेयस अय्यर ने अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी से जबरदस्त प्रभाव छोड़ा है। सूर्या कुमार कई मुकाबलों में अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं जिससे उनकी फाॅर्म पर सवाल उठने लगे हैं। दूसरी ओर श्रेयस अय्यर ने दबाव भरे मैचों में जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को कई महत्वपूर्ण जीत दिलाई। उनकी निरंतरता, मैच फिनिश करने की क्षमता और शांत नेतृत्व शैली ने उन्हें इस सीजन के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

आईपीएल के इस सीजन में दोनों की तुलना करें तो अय्यर ने अपनी कप्तानी से पंजाब को मजबूती दी है। हालांकि वर्तमान में 6 मैच लगातार हारने के बाद टीम दबाव में है वहीं सूर्या कुमार यादव की फाॅर्म में गिरावट आई है। ऐसे में श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भारतीय टी-20 टीम के सम्भावित कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चयनकर्ताओं ने मन बना लिया है कि वे श्रेयस अय्यर को नए टी-20 कप्तान के रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद से ही ऐसी खबरें तैरनी शुरू हो गई कि सूर्या से भारत की टी-20 की अगुवाई छीनी जा सकती है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या आईपीएल प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी? क्या अंतरराष्ट्रीय अनुभव ज्यादा महत्वपूर्ण है? अय्यर या सूर्या, किसे मिलेगी कमान जैसे कई प्रश्न सुर्खियों हैं।

खेल विश्लेषकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना कि सूर्या कप्तान रहेंगे या नहीं इसका फैसला तो बीसीसीआई और सेलेक्शन कमेटी करेगी, लेकिन अगर उन्हें हटाया जाता है तो फिर कप्तानी कौन करेगा ये बड़ा सवाल है। वैसे तो कुछ लोग हार्दिक पांड्या का भी नाम ले रहे हैं मगर इसकी सम्भावना काफी कम है। उनकी कप्तानी में मुम्बई इंडियंस का क्या हाल है ये सब देख ही रहे हैं। हार्दिक ने काफी पहले भारत की भी कप्तानी की है, बाद में उन्हें हटा दिया गया। अब बीसीसीआई फिर से वहीं जाएगी इसकी सम्भावना कम ही नजर आती है। इस बीच जो सबसे बड़ा दावेदार निकल कर आया है वे श्रेयस अय्यर हैं क्योंकि आईपीएल 2026 में के इस सीजन ने कई नई कहानियां गढ़ी हैं लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की हो रही है वह श्रेयस अय्यर हैं।

पंजाब की टीम की कमान सम्भालते हुए अय्यर ने न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से बल्कि अपनी कप्तानी से भी सबका ध्यान खींचा है। ऐसे में श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 टीम का अगला कप्तान बना देना चाहिए का सवाल उठना स्वाभाविक है। यह सवाल सिर्फ एक अच्छे आईपीएल सीजन का परिणाम नहीं है, इसके पीछे कई गहरे कारण और क्रिकेटीय तर्क मौजूद हैं। सबसे बड़ा तर्क आईपीएल 2025 में उनकी कप्तानी में टीम उपविजेता रही तो 2026 में टीम ने शुरुआती मुकाबलों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह पिछले कई वर्षों की तुलना में बिल्कुल अलग रहा है। टीम ने न सिर्फ लगातार मैच जीते बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी संयम और रणनीति के साथ मुकाबले अपने नाम किए। इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण रहा कप्तान श्रेयस अय्यर का नेतृत्व। उन्होंने टीम को एकजुट रखा, खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया और मैच के दौरान सटीक फैसले लिए।

अय्यर की सबसे बड़ी ताकत उनका शांत स्वभाव है। चाहे मैच कितना भी तनावपूर्ण क्यों न हो, वह घबराते नहीं हैं। यह गुण एक कप्तान के लिए बेहद जरूरी होता है, खासकर टी-20 जैसे तेज फाॅर्मेट में। अय्यर सिर्फ मैदान पर ही नहीं बल्कि मैच से पहले भी गहराई से रणनीति बनाते हैं। विरोधी टीम की कमजोरियों को पहचानना और उसी के अनुसार प्लान तैयार करना उनकी खासियत बन चुकी है। उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को मौके दिए और उन पर भरोसा जताया। इससे टीम का माहौल सकारात्मक बना और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा। आज का टी-20 क्रिकेट सिर्फ ताकतवर बल्लेबाजी नहीं बल्कि स्मार्ट क्रिकेट का खेल है। अय्यर इस नई सोच के साथ चलते हैं और परिस्थितियों का सही इस्तेमाल करते हैं।

भारतीय टी-20 टीम की वर्तमान स्थिति की बात करें तो भारतीय टीम फिलहाल बदलाव के दौर से गुजर रही है। बीसीसीआई नए खिलाड़ियों को मौका दे रही है और भविष्य की टीम तैयार करने पर काम कर रही है। पिछले कुछ सालों में कई नए कप्तानों को आजमाया गया, सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया और युवा प्रतिभाओं को मौका मिला। इस स्थिति में एक स्थिर और दीर्घकालिक कप्तान की जरूरत महसूस हो रही है। अय्यर को कप्तान बनाने के पक्ष में जो तर्क दिए जा रहे हैं उनमें आईपीएल की बड़ी भूमिका है। आईपीएल दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी टी-20 लीग है। यहां सफल कप्तानी करना आसान नहीं होता। अय्यर ने यह साबित कर दिया है कि वह दबाव में भी टीम को आगे ले जा सकते हैं। अय्यर न तो बहुत नए हैं और न ही बहुत पुराने। उनके पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी है और वह युवा खिलाड़ियों से जुड़ाव भी रखते हैं। यह संतुलन उन्हें आदर्श कप्तान बनाता है।

टी-20 टीम में मिडिल ऑर्डर की भूमिका बेहद अहम होती है। अय्यर इस भूमिका को अच्छे से निभाते हैं, जिससे कप्तान के रूप में उनका योगदान और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अगर भारत को अगले टी-20 विश्वकप और उससे आगे की योजना बनानी है तो अय्यर एक दीर्घकालिक कप्तान के रूप में बेहतर विकल्प हो सकते हैं। हालांकि उनके विरोध में भी बातें कही जा रही हैं। विरोधियों का तर्क है कि आईपीएल में उनका प्रदर्शन शानदार है लेकिन अंतरराष्ट्रीय टी-20 में उनका रिकॉर्ड उतना प्रभावशाली नहीं रहा है। पिछले कुछ समय में अय्यर चोटों से जूझ चुके हैं। कप्तान के रूप में निरंतर उपलब्ध रहना बेहद जरूरी होता है। भारतीय टीम में कप्तानी के लिए और भी विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे भविष्य को ध्यान में रखते हुए सही कप्तान का चयन करें।

अगर तुलना की जाए तो अय्यर का नाम कई अन्य खिलाड़ियों के साथ आता है लेकिन उनकी खास बात यह है कि वह पहले भी आईपीएल टीम को फाइनल तक ले जा चुके हैं। उनमें नेतृत्व की निरंतरता दिखती है। वह टीम को एक दिशा देने में सक्षम हैं और मानसिक मजबूती कप्तान की असली पहचान है। कप्तानी सिर्फ रणनीति नहीं बल्कि मानसिक मजबूती का खेल भी है। अय्यर ने कई मौकों पर यह दिखाया है कि वह दबाव में टूटते नहीं बल्कि और मजबूत होकर उभरते हैं।

कुल मिलाकर अय्यर ने आईपीएल 2026 में जो प्रदर्शन किया है, उसने साबित कर दिया है कि उनमें कप्तानी के सभी गुण मौजूद हैं। वह शांत, रणनीतिक और टीम को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हैं लेकिन भारतीय टी-20 टीम का कप्तान बनना सिर्फ एक सीजन के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं करता। इसके लिए निरंतरता, फिटनेस, अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी उतने ही जरूरी हैं। बहरहाल यह कहा जा सकता है कि अय्यर एक मजबूत दावेदार बन चुके हैं उन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल होगा। ऐसे में सही कप्तान का चयन भविष्य तय करेगा। श्रेयस अय्यर इस दौड़ में आगे जरूर हैं लेकिन क्या वह अंतिम मंजिल तक पहुंचेंगे यह आने वाला समय ही बताएगा। फिलहाल इतना तय है कि आईपीएल 2026 ने भारतीय क्रिकेट को एक नया कप्तानी विकल्प जरूर दे दिया है।
क्या चाहते हैं मुख्य कोच गौतम गम्भीर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गौतम गम्भीर बतौर कोच अपना काॅन्ट्रैक्ट 2028 टी-20 विश्वकप तक बढ़वाना चाहते हैं। उनका मौजूदा काॅन्ट्रैक्ट 2027 वनडे विश्वकप तक है। साथ ही यह भी खबर सामने आई है कि गम्भीर, सूर्या कुमार यादव को टी-20 कप्तान बनाए रखने के पक्ष में हैं।

अय्यर की कप्तानी की शुरुआत?
अय्यर को पहली बार 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी सौंपी गई। उस समय टीम का प्रदर्शन लगातार खराब रहा था और वह पाॅइंट्स टेबल में निचले पायदान पर रहती थी। अय्यर ने बिखरी हुई टीम को सम्भाला, युवा खिलाड़ियों को विकसित किया, जीत की मानसिकता बनाने के साथ चुनौतियों को स्वीकार किया और धीरे-धीरे टीम की दिशा बदलनी शुरू की। फिर दिल्ली को 2019 में प्लेऑफ तक पहुंचाया। यह कई सालों बाद था जब टीम ने नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। 2020 में अय्यर ने टीम को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनकी कप्तानी में दिल्ली पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंची। हालांकि फाइनल में हार मिली लेकिन यह सीजन उनकी कप्तानी का सबसे बड़ा प्रमाण माना जाता है।

2022 में अय्यर कोलकाता के कप्तान बने। टीम का प्रदर्शन मिश्रित रहा कुछ शानदार जीत मिलीं लेकिन निरंतरता की कमी दिखी। 2023 सीजन चोट के कारण अय्यर पूरा सीजन नहीं खेल पाए। इसके बावजूद, केकेआर में उनकी भूमिका ने यह दिखाया कि वे अलग-अलग टीम संयोजन के साथ भी काम कर सकते हैं। 2025 में कमजोर टीम मानी जाने वाली पंजाब को अपनी कप्तानी में खिताबी मुकाबले में पहुंचाया लेकिन फाइनल में बेंगलुरु से हार गए।

आईपीएल 2026 हालिया सीजन में अय्यर ने अपनी कप्तानी को एक नए स्तर पर पहुंचाया है जैसा कि चर्चा में है। इस प्रदर्शन ने उनकी कप्तानी को लेकर धारणा को और मजबूत किया है। आईपीएल में कई सफल कप्तान रहे हैं लेकिन अय्यर की खासियत यह है कि उन्होंने कमजोर टीम को मजबूत बनाया, लम्बी योजना के साथ काम किया, युवा खिलाड़ियों को विकसित किया और ये गुण उन्हें भविष्य का कप्तान बनाते हैं।
आईपीएल इतिहास में अय्यर का नाम एक ऐसे कप्तान के रूप में दर्ज हो रहा है जो भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।

You may also like