देश में बारिश के चलते निर्माणाधीन इमारत और फ्लाईओवर गिरने का सिलसिला लगातार जारी है. शनिवार सुबह 7.30 बजे उत्तर प्रदेश के बस्ती में नेशनल हाईवे 28 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर अचानक ढह गया. फ्लाईओवर का 60 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका था. पुल की चपेट में आने से चार लोग जख्मी हो गए जबकि एक शख्स अभी भी मलबे में दबा हुआ है. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है. इलाके में यातायात ठप हो गया है.
