नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट ने दुनिया को एक साझा मंच पर लाकर यह स्पष्ट कर दिया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब केवल तकनीकी विषय नहीं बल्कि वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और मानव अस्तित्व से जुड़ा प्रश्न बन चुका है। जहां एक ओर विकास, नवाचार और समावेशी प्रगति की सम्भावनाएं हैं, वहीं दूसरी तरफ नियंत्रण, नैतिकता और सम्भावित ‘एआई बगावत’ जैसी आशंकाएं भी गम्भीर चर्चा के केंद्र में हैं
भारत की राजधानी नई दिल्ली इन दिनों वैश्विक तकनीकी और नीतिगत विमर्श का केंद्र बनी है। यहां स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट ने दुनिया भर के नीति-निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्योगपतियों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर ला खड़ा किया। यह केवल एक तकनीकी सम्मेलन नहीं बल्कि उस भविष्य की दिशा तय करने का प्रयास है जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित करने वाली है। इस समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, अनेक मंत्रिस्तरीय स्तर के अधिकारी, वैश्विक तकनीकी कम्पनियों के शीर्ष नेतृत्व और नीति विशेषज्ञों ने भाग लिया। चर्चा का केंद्र केवल यह नहीं है कि एआई क्या कर सकता है बल्कि यह भी है कि उसे किस दिशा में और किन सीमाओं के भीतर विकसित किया जाना चाहिए।
एआई शिखर सम्मेलनों की पृष्ठभूमि
यह समिट एक क्रमिक वैश्विक पहल का हिस्सा है। इसकी शुरुआत 2023 में ब्रिटेन के ऐतिहासिक स्थल ब्लेचली पार्क (Bletchley Park) से हुई, जहां ‘एआई सेफ्टी समिट’ के नाम से पहली बार एआई की सुरक्षा, जोखिम और नैतिकता पर व्यापक वैश्विक चर्चा आयोजित की गई। उस सम्मेलन ने यह स्वीकार किया कि एआई केवल नवाचार का उपकरण नहीं बल्कि सम्भावित जोखिमों से भरी शक्ति भी है।
इसके बाद 2024 में दक्षिण कोरिया की राजधानी सिओल में अगला शिखर सम्मेलन हुआ जहां ध्यान एआई के विकास और नियमन के संतुलन पर रहा। 2025 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित एआई एक्शन समिट में चर्चा और आगे बढ़ी, तब केवल जोखिमों की पहचान नहीं बल्कि ठोस नीति ढांचे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के व्यावहारिक उपायों पर सहमति बनाने का प्रयास हुआ। अब नई दिल्ली में आयोजित वर्तमान एआई को इस श्ृंखला का सबसे व्यापक और समावेशी संस्करण माना जा रहा है। पहली बार विकासशील देशों की भूमिका को केंद्र में रखकर एआई के भविष्य पर विमर्श किया गया।
भारत की भूमिका और प्राथमिकताएं
भारत ने इस मंच को केवल मेजबानी का अवसर नहीं बल्कि नेतृत्व की भूमिका के रूप में लिया। सरकार का स्पष्ट संदेश रहा कि एआई का लाभ केवल विकसित देशों तक सीमित न रहे बल्कि विकासशील समाजों तक भी पहुंचे। स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और डिजिटल शासन जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग को भारत एक सामाजिक परिवर्तन के उपकरण के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।
भारत ने यह भी रेखांकित किया कि एआई को ‘मानव-केंद्रित’ बनाया जाए। तकनीक का उद्देश्य मानव जीवन को सरल और सुरक्षित बनाना होना चाहिए, न कि उसे नियंत्रित या विस्थापित करना। इसी संदर्भ में समिट में ‘जिम्मेदार एआई’, ‘समावेशी एआई’ और ‘पारदर्शी एआई’ जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
रोजगार और अर्थव्यवस्था: अवसर बनाम संकट
एआई के सबसे बड़े प्रभावों में से एक रोजगार पर उसका असर है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में पारम्परिक नौकरियां स्वचालित हो सकती हैं। डेटा एंट्री, ग्राहक सेवा, साधारण लेखांकन, परिवहन और यहां तक कि कुछ रचनात्मक कार्य भी एआई द्वारा किए जाने लगे हैं। हालांकि यह भी तर्क दिया जा रहा है कि हर तकनीकी क्रांति नई नौकरियां भी पैदा करती है। जैसे औद्योगिक क्रांति ने मशीन ऑपरेटर, इंजीनियर और प्रबंधक जैसे नए पेशे उत्पन्न किए, वैसे ही एआई डेटा वैज्ञानिक, एआई प्रशिक्षक, एल्गोरिदमिक नैतिकता विशेषज्ञ और साइबर सुरक्षा विश्लेषक जैसे नए अवसर पैदा कर सकता है। प्रश्न यह है कि क्या समाज अपने कार्यबल को इतनी तेजी से पुनः प्रशिक्षित कर पाएगा?
समिट में इस मुद्दे पर विशेष जोर दिया गया कि कौशल विकास और शिक्षा प्रणाली को एआई युग के अनुरूप ढाला जाए। अन्यथा आर्थिक असमानता और सामाजिक असंतोष बढ़ सकता है।
गोपनीयता और निगरानी का प्रश्न
एआई की शक्ति डेटा पर आधारित है। जितना अधिक डेटा, उतनी अधिक सटीकता लेकिन यही शक्ति गोपनीयता के लिए खतरा बन सकती है। चेहरे की पहचान प्रणाली, व्यवहार विश्लेषण एल्गोरिद्म और निगरानी आधारित एआई उपकरण नागरिक स्वतंत्रता को चुनौती दे सकते हैं।
समिट में कई वक्ताओं ने चेताया कि यदि एआई का उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही के बिना किया गया तो यह ‘डिजिटल निगरानी राज्य’ की ओर ले जा सकता है। इसलिए डेटा संरक्षण कानून, एआई ऑडिटिंग प्रणाली और स्वतंत्र नियामक संस्थाओं की आवश्यकता पर बल दिया गया।
एआई और सुरक्षा : स्वायत्त हथियारों की चुनौती
सुरक्षा विशेषज्ञों ने विशेष रूप से एआई संचालित स्वायत्त हथियारों पर चिंता जताई। ऐसे हथियार जो बिना मानवीय हस्तक्षेप के लक्ष्य पहचान और हमला कर सकते हैं, भविष्य के युद्धों का स्वरूप बदल सकते हैं। यदि इन प्रणालियों में त्रुटि हुई या उनका दुरुपयोग हुआ तो परिणाम विनाशकारी हो सकते हैं। इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि स्वायत्त हथियारों पर वैश्विक संधि बनाई जाए और एआई को सैन्य उपयोग में सीमित और नियंत्रित रखा जाए।
‘एआई बगावत’ की आशंका : विज्ञान कथा या वास्तविक खतरा?
समिट की चर्चाओं में सबसे अधिक ध्यान आकर्षित करने वाला विषय रहा, क्या एआई कभी मानव नियंत्रण से बाहर हो सकता है? क्या वह ‘बगावत’ कर सकता है?
इसी संदर्भ में सम्मेलन के दौरान भारतीय मूल के एआई सुरक्षा विशेषज्ञ मृणांक शर्मा के इस्तीफे ने बहस को और गम्भीर बना दिया। शर्मा, जो अमेरिकी एआई कम्पनी एन्थ्रोपिक (Anthropic) में उन्नत एआई सुरक्षा अनुसंधान से जुड़े थे, ने अपने पद से हटते हुए सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी कि एआई का विकास अत्यधिक तेज गति से आगे बढ़ रहा है जबकि सुरक्षा ढांचे उसी अनुपात में मजबूत नहीं हो पा रहे।
उन्होंने अपने वक्तव्य में संकेत दिया कि यदि अत्याधुनिक एआई प्रणालियों को पर्याप्त निगरानी, पारदर्शिता और मानवीय नियंत्रण के बिना विकसित किया गया तो वे अपने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए ऐसे निर्णय ले सकती हैं जो मानव हितों से टकराते हों। विशेषज्ञों के अनुसार, यह वही परिदृश्य है जिसे तकनीकी जगत में ‘एआई एलाइनमेंट समस्या’ कहा जाता है, जहां मशीन के लक्ष्य और मानव मूल्यों के बीच असंगति खतरनाक परिणाम दे सकती है। हालांकि अधिकांश वैज्ञानिक मानते हैं कि वर्तमान एआई प्रणालियां अभी भी मानव नियंत्रण और प्रोग्रामिंग पर निर्भर हैं लेकिन शर्मा के इस्तीफे ने यह संकेत दिया है कि तकनीकी कम्पनियों के भीतर भी सुरक्षा बनाम गति की बहस तेज हो रही है। उनका कहना है कि यदि प्रतिस्पर्धा और बाजार में बढ़त की होड़ में सुरक्षा को पीछे छोड़ा गया तो भविष्य में एआई अनपेक्षित और सम्भावित रूप से विनाशकारी निर्णय ले सकती है।
इस चेतावनी ने सम्मेलन में उपस्थित नीति-निर्माताओं को यह सोचने पर मजबूर किया है कि क्या वैश्विक स्तर पर एआई विकास के लिए बाध्यकारी नियमों और स्वतंत्र निगरानी तंत्र की आवश्यकता है।
सकारात्मक सम्भावनाएं : स्वास्थ्य से कृषि तक
एआई केवल जोखिमों का पर्याय नहीं है। चिकित्सा क्षेत्र में यह कैंसर और अन्य गम्भीर बीमारियों की प्रारम्भिक पहचान में सहायक हो रहा है। कृषि में मौसम और मिट्टी के विश्लेषण के आधार पर बेहतर उत्पादन की सम्भावना बढ़ रही है। शिक्षा में व्यक्तिगत सीखने की प्रणालियां छात्रों की क्षमता के अनुरूप पाठ्य सामग्री प्रदान कर रही हैं। नई दिल्ली में आयोजित इस समिट में कई भारतीय स्टार्टअप और शोध संस्थानों ने ऐसे समाधान प्रस्तुत किए जो ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक एआई के लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
भविष्य की दिशा
‘एआई इम्पैक्ट समिट’ ने यह स्पष्ट किया है कि एआई का भविष्य केवल तकनीकी नवाचार पर निर्भर नहीं बल्कि वैश्विक सहयोग और नैतिक प्रतिबद्धता पर भी आधारित है। यदि देशों के बीच प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग की भावना रही तो एआई मानवता के लिए वरदान सिद्ध हो सकता है लेकिन यदि इसे केवल शक्ति और प्रभुत्व के उपकरण के रूप में देखा गया तो इसके परिणाम चिंताजनक हो सकते हैं।
नई दिल्ली से उठी यह आवाज अब विश्व मंच तक गूंज रही है कि एआई को मानवता के हित में पारदर्शी और जिम्मेदार ढंग से विकसित करना ही समय की मांग है। तकनीक की दिशा आज तय होगी तो कल का समाज उसी के अनुरूप आकार लेगा।

