तालिबान से परेशान अफगानिस्तान में हाल ही में आए भूकंप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सात अक्टुबर को आए इस भूकंप में अबतक चार हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।अफगानिस्तान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता मुल्ला सैक अनुसार अब तक बीस गावों में तकरीबन दो हजार घर तबाह हो चुके हैं।
भूकंप से आए भारी तबाही में 9 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रत 6.3 मापी गई थी। प्रवक्ता मुल्ला सैक के मुताबिक इस दौरान विभिन्न संस्थानों की 35 बचाव टीमों में कुल 1,000 से अधिक बचावकर्मी प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य कर रहे हैं।

भूकंप तबाही के बीच चीन ने आठ अक्टूबर को इस मुश्किल घड़ी से निकलने के लिए अफगान को मानवीय सहायता दी है। अफगान रेड क्रिसेंट को उसके बचाव और आपदा राहत प्रयासों में सहायता के लिए आपातकालीन मानवीय सहायता के रूप में चीन द्वारा 2 लाख अमेरिकी डॉलर नकद प्रदान किया गया हैं।
इससे पहले आपदा प्राधिकरण के प्रवक्ता मोहम्मद अब्दुल्ला जान द्वारा कहा गया था कि हेरात प्रांत के ज़ेंडा जान जिले के चार गांवों को भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान पहुंच चुका है। वहीं संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक भूकंप का केंद्र हेरात शहर से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में था। इसके बाद तीन बहुत तेज़ झटके आए, जिनकी तीव्रता 6.3, 5.9 और 5.5 थी।

वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन भी अफगानिस्तान की मदद इस मुश्किल घड़ी से निकलने में कर रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अफगानिस्तान के हताहतों को अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए ज़ेंडा जान में 12 एम्बुलेंस कारें भेजीं गई । इसके अतिरिक्त हेल्थ वर्कर्स की टीमें अस्पतालों में घायलों के इलाज में हर मुमकिन सहायता कर रही हैं।

