पेट्रोल-डीजल के दाम में हो रही बढ़ोतरी के कारण विपक्षी हमले झेल रही भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को ट्वीट कर जनता को कुछ समझाने की कोशिश की. लेकिन बीजेपी का ये दांव उल्टा पड़ गया. भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से सोमवार शाम 4.45 बजे ट्वीट कर यूपीए सरकार और एनडीए सरकार में पेट्रोल-डीजल के दामों के अंतर को बताया गया. बीजेपी ने इस अंतर को ग्राफ के जरिए समझाया, लेकिन जिस तरह समझाया उस तरीके पर बीजेपी ही फंस गई. बीजेपी को लगातार सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा और कांग्रेस ने भी इसको तुरंत लपका. कांग्रेस ने कुछ ही मिनटों में एक नया ग्राफ बनाया और बीजेपी को जवाब दिया और उसकी गलतियों को उजागर किया. इसी के बाद से ही सोशल मीडिया पर बीजेपी के इस ग्राफ की किरकिरी हो रही है.