केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े की गिनती यूं तो पहले से ही अजीबो-गरीब बयान देने वाले नेताओं में की जाती है, मगर इस बार महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर आया उनका बयान बेहद हैरान करने वाला है। बकौल हेगड़े देवेंद्र फडणवीस को बहुमत न होने पर भी शपथ दिलाए जाने के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण था केंद्र सरकार के द्वारा दिए गए चालीस हजार करोड़ रुपए शिवसेना के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के हाथों लुटने से बचाना। इसके लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने रातोंरात फडणवीस की ताजपोशी करा डाली। इतना ही नहीं हेगड़े की मानें तो मात्र 78 घंटे सीएम रहे फडणवीस ने पद संभालने के साथ ही यह सारा धन केंद्र सरकार को वापस भेज डाला। जानकारों का दावा है कि हेगड़े के इस बयान से भाजपा आलाकमान बेहद खफा है। पूर्व सीएम फडनवीस ने तो इसे पूरी तरह से नकार दिया है। खबर है कि हेगड़े की बयानबाजी से नाराज आलाकमान उन पर कड़ी कार्यवाही का मन बना रहा है।
हेगड़े का अजब बयान

