महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आखिर बिना पुख्ता समर्थन के ही सरकार गठन को उतावले क्यों थे, इसका सच सामने आ गया है । सच बताने वाले कोई और नहीं बल्कि भाजपा के ही नेता है । भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगडे ने जो सच जनता के सामने जाहिर किया है उसके अनुसार 40 हजार करोड रुपये के लिए 80 घंटे की सरकार महाराष्ट्र में बनाई गई । यह 40 हजार करोड रुपए देवेंद्र फडणवीस खर्च नहीं कर पाए थे । इस तरह अपनी ही पार्टी के सांसद द्वारा फडनवीस पर लगाए गए आरोप पर भाजपा घिरती नजर आ रही है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि महाराष्ट्र में हमारा आदमी 80 घंटे के लिए मुख्यमंत्री बना और उसके बाद इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने यह नाटक क्यों किया? क्या हमें नहीं पता था कि हमारे पास बहुमत नहीं था और फिर भी वह मुख्यमंत्री बन गए ।यह वह सवाल है जो हर कोई पूछता है ।

हेगड़े ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के पास करीब 40 हजार करोड़ की केंद्र की राशि थी । अगर कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना सत्ता में आते तो वे 40 हजार करोड़ का दुरुपयोग करते । यही कारण है कि केंद्र सरकार के इस पैसे को विकास के लिए इस्तेमाल में नहीं लाया जा सके, इसके लिए यह सब नाटक किया गया ।
हेगडे के अनुसार बहुत पहले से बीजेपी की यह योजना थी । इसलिए यह तय किया गया कि एक नाटक होना चाहिए और इसी के तहत फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ली । शपथ लेने के 15 घंटे के अंदर फडणवीस ने सभी 40 हजार करोड़ रुपयों को उस जगह पर पहुंचा दिया जहां से वो आए थे । इस तरह फडणवीस ने सारा पैसा वापस केंद्र सरकार को देकर बचा लिया।

